बिहार चुनावः मतगणना में कांटे की टक्कर जारी, राघोपुर से तेजस्वी और हसनपुर में तेज प्रताप आगे

बिहार की सबसे वीआईपी सीट में से एक राघोपुर विधानसभा में फिलहाल वोटों की गिनती जारी है, जिसमें आरजेडी के तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं। वहीं बिहार की दूसरी वीआईपी सीट हसनपुर से भी आरजेडी के तेज प्रताप यादव भी आगे चल रहे हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना में शुरुआती रूझानों में एनडीए बहुमत के आंकड़े को पार कर चुका है। फिलहाल एनडीए 130 तो आरजेडी के नेतृत्व वाला महागठबंधन करीब 105 सीटों पर आगे चल रहा है। फिलहाल वोटों की गिनती जारी है, जो देर रात तक चलेगी। इस बीच रुझानों के साथ सबकी नजर राज्य की हॉट सीटों पर भी बनी हुई है, जहां से कई दिग्गजों का फैसला होगा। इनमें हसनपुर और राघोपुर की सीट सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, क्योंकि हसनपुर से लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप तो राघोपुर से तेजस्वी यादव चुनाव लड़ रहे हैं।

बिहार की सबसे वीआईपी सीट में से एक राघोपुर विधानसभा में फिलहाल वोटों की गिनती जारी है, जिसमें आरजेडी के तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं। अभी तक यहां 10 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है और तेजस्वी को 25 हजार से अधिक वोट मिल चुके हैं और वो 7 हजार से अधिक वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। यहां से बीजेपी के सतीश कुमार से उनकी सीधी टक्कर है ।

वहीं बिहार की दूसरी वीआईपी सीट मानी जाने वाली हसनपुर सीट से भी आरजेडी के तेज प्रताप यादव आगे चल रहे हैं। हालांकि, सुबह शुरुआती रूझानों में वह पिछड़ गए थे, लेकिन जैसे-जैसे काउंटिंग आगे बढ़ी, वह फिर से मजबूत स्थिति में आ गए। समस्तीपुर जिले में और खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में आने वाली इस सीट पर उनका मुकाबला सीधे जेडीयू के राजकुमार राय से है। वे लगातार दो बार से इस सीट से विधायक रह चुके हैं। इनके अलावा यहां से एलजेपी के मनीष कुमार भी मैदान में हैं।

इस बीच रुझानों में एनडीए को बहुमत मिलने के संकेतों के बावजूद आरजेडी ने एक बार फिर जीत का दावा ठोंका है। आरजेडी ने दोपहर बाद टि्वट कर कहा, “हम सभी क्षेत्रों के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से संपर्क में है और सभी जिलों से प्राप्त सूचना हमारे पक्ष में है। देर रात तक मतगणना चलेगी। महागठबंधन की सरकार सुनिश्चित है। बिहार ने बदलाव कर दिया है। सभी प्रत्याशी और काउंटिंग एजेंट मतगणना पूरी होने तक काउंटिंग हॉल में बने रहें।”

इस बीच बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि इस चुनाव में कुल 4.10 करोड़ डाले गए थे, जिनमें से अब तक 92 लाख वोटों की गिनती की जा चुकी है। जबकि अभी भी 3 करोड़ वोटो की गिनती होनी है। उन्होंने कहा कि पहले 25-26 राउंड की मतगणना होती थी, लेकिन इस बार लगभग 35 राउंड में मतगणना होगी। ऐसे में मतगणना देर शाम या रात तक चलेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 10 Nov 2020, 5:10 PM