बिहार चुनावः Exit Polls में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत का अनुमान, तेजस्वी मुख्यमंत्री के लिए बने पहली पसंद
बिहार विधानसभा चुनाव का मतदान संपन्न हो गया है और अब ताज किसके सिर बंधेगा यह तो 10 नंवबर को तय होगा, लेकिन आज शाम आए एग्जिट पोल्स में आरजेडी के नेतृत्व में महागठबंधन को बढ़त का अनुमान है। साथ ही तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री के लिए पहली पसंद बनकर उभरे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान आज शाम संपन्न होने के साथ ही विभिन्न मीडिया समूहों के एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आ गए हैं, जिनमें अधिकतर में आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं नीतीश कुमार को पछाड़ते हुए तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री के लिए पहली पसंद बनकर उभरे हैं।
बिहार चुनाव तीसरे दौर की वोटिंग के साथ ही पूरा हो गया। इसके साथ ही कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल के नतीजे सामने रखे हैं। इन्हें मिलाकर देखें तो बिहार में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है और उसे 180 तक सीटें मिलने की संभावना है। सर्वे के मुतााबिक न्यूज 18- चुडेज़ चाणक्य ने महागठबंधन को 180 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है वहीं एनडीए के हिस्से में 55 सीटें जाने की संभावना है। इंडिया टुडे के लिए एक्सिस माइ इंडिया के सर्वे में महागठबंधन को 139 से 161 सीटें तक मिलने की संभावना जताई गई है, वहीं एनडीए का आंकड़ा 69 से 91 तक जा सकता है। इसके अलावा एबीपी न्यूज-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक महागठबंन के खाते मेें 108 से 131 सीटों की संभावना है वहीं एनडीए को 104 से 128 तक सीटें मिल सकती हैं। रिपब्लिक- जन की बात के सर्वे में महागठबंधन के लिए 118 से 138 सीटों का अनुमान लगाया गया है जबकि एनडीए के खाते में 91 से 117 सीटें जाती दिखाई गई हैं। इसके अलावा टाइम्स नाउ- सी वोटर ने महागठबंधन के खाते में 120 और एनडीए के खाते में 116 सीटें जाने का अनुमान लगाया गया है

इसी तरह टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में भी महागठबंधन को बढ़त का अनुमान जताया गया है। इसमें एनडीए को 116, महागठबंधन को 120 और एलजेपी को केवल 1 और अन्य को 6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसी तरह टीवी9 भारतवर्ष के अनुमान में भी महागठबंधन को 115-125 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं, जबकि एनडीए को 110-120 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं एलजेपी को 3-5 और अन्य को 10-15 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।
वहीं, अगर रिपब्लिक टीवी और जन की बात के संयुक्त एग्जिट पोल की बात करें तो इसमें भी महागठबंधन को 118-138 सीटों के साथ बहुमत मिलने की उम्मीद है। जबकि एनडीए को 91-117 मिलती दिखाई दे रही है। वहीं एलजेपी को इसमें 5-8 सीट मिलने की बात कही गई है और अन्य के हिस्से3-6 सीटें आने की बात कही गई है।
हालांकि, बाकी सभी एग्ज़िट पोल से अलग दैनिक भास्कर के अनुमान में एनडीए को बिहार में बहुमत मिलता दिखाया गया है। भास्कर ने एनडीए को 120-127 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि महागठबंधन को 71-81 सीटें मिलने की बात कही गई है। वहीं इस एग्जिट पोल में एलजेपी के लिए अच्छी खबर है। एलजेपी को इसमें 12-23 सीटें दी गई हैं और अन्य पार्टियों को 19-27 सीटें मिलती बताई गई हैँ।
वहीं एग्जिट पोल के साथ ही मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद पर भी लोगों की राय सामने आई है, जिसमें आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को पछाड़ दिया है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक बिहार के 44 फीसदी लोगों की पसंद तेजस्वी यादव हैं। वहीं, इस रेस में नीतीश कुमार पीछड़कर 35 फीसदी पर पहुंच गए हैं। वहीं एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान को महज 7 फीसदी लोग ही मुख्यमंत्री का पसंद मानते हैं।
बता दें कि इस बार का बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में संपन्न हो चुका है और अब नतीजों के लिए सभी को 10 नवंबर का इंतजार है। यहां बता दें कि 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी को सबसे ज्यादा 80 सीटों पर जीत मिली थी और दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू 71 सीटों के साथ थी। इसके अलावा बीजेपी को 54, कांग्रेस को 27, एलजेपी को 2, आरएलएसपी को 2, हम को 1 और अन्य के खाते में 7 सीटें आई थीं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 Nov 2020, 8:21 PM
