उत्तराखंड में काम कर गया BJP का मोदी मैजिक और साम्प्रदायिक ऐजेंडा? केन्द्रीय योजनाओं का भी पार्टी को मिला बड़ा लाभ!

चुनाव के दौरान मंहगाई, बेरोजगारी, गैरसैण राजधानी, भूमि कानून, पलायन और लोकायुक्त जैसे मुद्दे गौण हो गये थे जबकि मुस्लिम यूनिवर्सिटी, लव जेहाद, जमीन जेहाद और समान नागरिक संहिता जैसे काल्पनिक मुद्दे प्रचार अभियान में छा गये थे।

 Getty Images
Getty Images
user

जयसिंह रावत

उत्तराखण्ड की जनता द्वारा बारी-बारी से सरकार बदलने का मिथक इस बार टूटता नजर आ रहा है। इसके लिये प्रदेश में एक बार फिर मोदी मैजिक कारगर हो रहा है। अब तक के रुझानों में सत्तारूढ़ BJP विपक्षी कांग्रेस से काफी आगे नजर आ रही है। अगर यही ट्रेंड मतगणना के अंतिम दौर तक चलता रहा तो BJP को एक बार फिर राज्य में स्पष्ट बहुमत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। राज्य में एण्टी इन्कम्बेंसी और बार-बार मुख्यमंत्री बदले जाने का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।

राज्य विधानसभा के चुनाव में दोपहर तक चली मतगणना में BJP 46 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है। जबकि सत्ता की प्रमुख दोवदार कांग्रेस 20 के अंक से भी दूर नजर आ रही है। प्रदेश में बहुमत का जादुयी अंक 36 है। जिसे फिलहाल BJP पार कर चुकी है और कांग्रेस उससे काफी दूर है। अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो BJP शानदार जीत की ओर बढ़ती रही है। हालांकि उसके लिये पिछली बार का 57 सीटों का अंक काफी दूर है। मतदान के बाद कई क्षेत्रों में कांग्रेस के जो दिग्ग्ज आगे माने जा रहे थे, वे मतगणना में पिछड़ रहे हैं। कुछ दिग्ग्ज कभी आगे तो कभी पीछे चल रहे हैं। स्वयं मुख्यमंत्री पद के दावेदार हरीश रावत भी लालकुंआ सीट पर हार गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री धामी को भी खटीमा सीट पर हार का सामना करना पड़ा है। इस बार कुमाऊं मण्डल में कांग्रेस को BJP पर भारी माना जा रहा है। लेकिन मतगणना में BJP काफी आगे है।

BJP की इस सफलता के लिये लिये पार्टी की वर्तमान सरकार को नहीं बल्कि केन्द्र सरकार और खास कर मोदी मैजिक को श्रेय दिया जा सकता है। प्रदेश में बड़ी संख्या में सेवारत् और पूर्व सैनिकों को भी BJP के अग्रणी होने का श्रेय दिया जा सकता है। एक रैंक एक पेंशन तथा पाकिस्तान के बालाकोट पर सर्जिकल स्ट्राइक ने मोदी के प्रति उत्तराखण्ड की जनता का भरोसा बढ़ाया है। इस बार राज्य में 94 हजार सर्विस वोटर थे जो BJP के पक्ष में जाते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार मोदी का भाषण और केन्द्र सरकार की राशन भी उत्तराखण्ड में BJP के काम आ गयी। ऋषिकेश-कर्णप्रयग रेल, ऑल वेदर चारधाम रोड सहित कई केन्द्रीय योजनाओं का BJP को सीधा लाभ मिलता नजर आ रहा है। इस चुनाव में साम्प्रदायिक धु्रवीकरण का भी काफी असर रहा है। चुनाव के दौरान मंहगाई, बेरोजगारी, गैरसैण राजधानी, भूमि कानून, पलायन और लोकायुक्त जैसे मुद्दे गौण हो गये थे जबकि मुस्लिम यूनिवर्सिटी, लव जेहाद, जमीन जेहाद और समान नागरिक संहिता जैसे काल्पनिक मुद्दे प्रचार अभियान में छा गये थे। चुनाव में कांग्रेस को आम आदमी पार्टी ने भी काफी नुकसान पहुंचाया है। जबकि आप पार्टी की परफार्मेंस खुद बहुत निराशाजनक नजर आ रही है।

राज्य गठन से लेकर 2017 के चुनाव तक उत्तराखण्ड में कांग्रेस और BJP बारी-बारी से सरकार बनाती रही है। वर्ष 2002 में हुये पहले चुनाव में कांग्रेस ने 36 सीटें हासिल कर राज्य में सरकार बनायी थी। जबकि BJP 19 सीटों पर अटक गयी थी। उससे पहले BJP की ही अंतरिम सरकार थी। 2007 के चुनाव में BJP को बहुमत से दो कम 34 सीटें और कांग्रेस को 21 सीटें मिलीं थीं। सिंगल लार्जेस्ट पार्टी होने के नाते BJP को सरकार बनाने का मौका मिला और भुवनचन्द्र खण्डूड़ी मुख्यमंत्री बने थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में ही बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया था। उसके बाद 2012 के चुनाव में कांग्रेस को 32 और BJP को 31 सीटें मिलीं थी। सिंगल लार्जेस्ट पार्टी होने के नाते कांग्रेस को सरकार बनाने का अवसर मिला तो विजय बहुगुणा को मुख्यमंत्री बनाया गया, जिन्होंने अपने कार्यकाल में ही बहुमत जुटा लिया था। हालांकि 2014 में उन्हें पद छोड़ना पड़ा और हरीश रावत मुख्यमंत्री बन गये। 2017 के चुनाव चुनाव में BJP ने 57 सीटें हासिल कर अभूतपूर्व सफलता हासिल की और कांग्रेस 11 सीटों पर सिमट गयी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia