कल से रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी प्रियंका गांधी, कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में करेंगी प्रचार

इस बार सभी 6 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए बीजेपी पूरी ताकत से कांग्रेस के गढ़ में जोर लगा रही है। लगातार बीजेपी के बड़े नेता रायबरेली का दौरा कर रहे हैं। खासतौर से ऊंचाहार पर नजरें हैं, जहां पर मोदी लहर में भी समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल कर ली थी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी शनिवार से पार्टी का गढ़ कही जाने वाली रायबरेली सीट के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान प्रियंका रायबरेली के कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव अभियान में हिस्सा लेंगी।

कांग्रेस के अनुसार पहले दिन प्रियंका गांधी जोहवा शर्की, गुरबक्शगंज, कोरांव और डलमऊ में नुक्कड़ सभा करेंगी। साथ ही शनिवार शाम में सरेनी में एक जनसभा में हिस्सा लेंगी और सेमरी में स्वागत समारोह में हिस्सा लेंगी। इसके बाद लालगंज में डोर टू डोर अभियान के तहत प्रचार करेंगी। इसके बाद दूसरे दिन रविवार को सदर विधानसभा और ऊंचाहार में जनसभा को संबोधित करेंगी।


खास बात ये है कि 19 फरवरी यानी शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह भी रायबरेली दौरे पर जा रहे हैं। दरअसल कांग्रेस का गढ़ कही जाने वाली रायबरेली में उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश भर के नेताओं की नजरें हैं। रायबरेली में 6 विधानसभा की सीटें सदर, सरेनी, ऊंचाहार, बछरावां, सलोन और हरचंदपुर हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में 2 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। जबकि तीन विधानसभा सीटों पर बीजेपी को जीत हासिल हुई थी। वहीं एक सीट समाजवादी पार्टी जीती थी।

इस बार 6 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए बीजेपी पूरी ताकत से कांग्रेस के गढ़ में जोर लगा रही है। लगातार बीजेपी के बड़े नेता रायबरेली का दौरा कर रहे हैं। खासतौर से ऊंचाहार विधानसभा में बड़े नेताओं की नजरें हैं, क्योंकि यह वही सीट है, जहां पर मोदी लहर में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल कर ली थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia