पंजाब चुनाव: 4 मुख्यमंत्रियों और 3 सांसदों के साथ 1304 उम्मीदवारों की किस्मत हो जाएगी ईवीएम में कैद

पंजाब विधानसभा चुनाव में कुछ देर बाद 4 मुख्यमंत्रियों और 3 सांसदों समेत 1304 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। इनमें सबसे बुजुर्ग 94 साल के अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल हैं जो अपनी परंपरागत सीट लांबी से मैदान में हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

बिपिन भारद्वाज

पंजाब विधानसभा के लिए मतदान आज पूरा हो रहा है। इस बार के चुनाव में 4 मुख्यमंत्री और 3 सासंद कुल 1304 उम्मीदवारों के साथ किस्मत आजमा रहे हैं। मैदान में 93 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर भी हैं। आज कड़ी सुरक्षा और इंतजामों के बीच राज्य की 117 सीटों पर कुल 2.14 करोड़ वोटर अपने मत का इस्तेमाल कर रहे हैं।

मैदान में जो 4 मुख्यमंत्री हैं उनमें सबसे बुजुर्ग हैं 94 साल के प्रकास सिंह बादल। शिरोमणि अकाली दल के भीष्म पितामाह माने जाने वाले प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे हैं। वे अकाली दल के उम्मीदवार के तौर पर लांबी सीट से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के जगपाल सिंह खुराना, आप के गुरमीत सिंह खुंडिया और बीजेपी के राकेश ढींगरा से है।

2017 के विधानसभा चुनाव में प्रकाश सिंह बादल ने यह सीट 22 हजार से ज्यादा वोटों से जीती थी।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पटियाला शहर से मैदान में हैं। वे इस बार अपनी ही पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और पटियाला के पूर्व मेयर विष्णु शर्मा, अकाली दल के हरपाल जुनेजा और आप के अजितपाल सिंह कोहली से है। उन्होंने 2017 में पटियाला शहर सीट 52 हजार से ज्यादा वोटों से जीती थी। दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी के डॉ बलबीर सिंह रहे थे।

इनके अलावा पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री रजिंदर कौर बट्ठल लेहरा सीट से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। उनके सामने अकाली दल संयुक्त के परमिंदर सिंह ढींडसा, अकाली दल के गोविंद सिंह लोंगोवाल और आप के बरिंदर कुमार गोयल हैं।

पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी चमकूर साहिब और भदौर सीट से मैदान में हैं। चमकूर में उनका मुकाबला अकाली दल के हरमोहन सिंह संधू, बीजेपी के दर्शन सिंह शिवजोत और आप के डॉ चरनजीत सिंह से है। 2017 के चुनाव में चन्नी ने आप के चरनजीत सिंह को 12 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।


इनके अलावा तीन सांसद भी मैदान में हैं। इनमें आप सांसद भगवंत मान, सुखबीर बादल और प्रताप सिंह बाजवा हैं। आप की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार भगवंत मान संगरूर से सांसद हैं और वे धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अकाली दल के अध्यक्ष और फिरोजपुर से सांसद सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद सीट से मैदान में हैं। जबकि राज्यसभा सांसद कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा कादियान से मैदान में हैं। बाजवा 2009 से 2014 तक गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद रहे हैं।

बाजवा का मुकाबला आप के जगरूप सिंह सेखों, अकाली दल के गुरइकबाल सिंह महल और अकाली दल संयुक्त के मास्टर जोहर सिंह से है। सुखबीर बादल को आप के जगदीप कम्बोज और कांग्रेस के मोहन सिंह और बीजेपी के पुरुन चंद्रा से मुकाबला करना पड़ रहा है।

कांग्रेस के मौजूदा विधायक दलवीर सिंह गोल्डी आप के भगवंत मान को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */