UP Election Results: रूझानों में BJP काफी आगे, लेकिन केशव मौर्य समेत योगी के कई मंत्री पीछे, सपा के मौर्य भी अटके

योगी सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से समाजवादी पार्टी प्रत्‍याशी पल्लवी पटेल से पीछे चल रहे हैं, जो मोदी सरकार की मंत्री अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। दोनों के बीच वोटों का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा गठन के लिए मतगणना जारी है। मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रुझान और दिलचस्प होते जा रहे हैं। शुरूआती रुझान में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा मिलता दिखाई दे रहा है। जबकि समाजवादी पार्टी उसके आधे पर है। हालांकि रूझानों में आगे रहने के बावजूद डिप्टी सीएम केशव मौर्या समेत योगी सरकार के कई मंत्री पीछे चल रहे हैं। वहीं चुनाव से पहले सपा में आए स्वामी प्रसाद मौर्य को बड़ा झटका लगा है।

रुझानों की बात करें तो 12 बजे तक की गिनती के अनुसार बीजेपी 262 सीटों पर आगे है। वहीं समाजवादी पार्टी को 120 सीटों पर बढ़त मिलती नजर आ रही हैं। लेकिन इस बीच बड़ी खबर यह है कि भले बीजेपी बड़ी बढ़त के साथ बहुमत की ओर बढ़ रही है लेकिन योगी सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई कैबिनेट मंत्री पीछे चल रहे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से सपा प्रत्‍याशी और अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन पल्लवी पटेल से पीछे चल रहे हैं। दोनों के बीच वोटों का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा ह।

वहीं प्रतापगढ़ की पट्टी सीट से चुनाव लड़ रहे योगी सरकार के मंत्री मोती सिंह सपा प्रत्याशी से पीछे चल रहे हैं। वहीं मैनपुरी जिले की भोगांव सीट पर दूसरे मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री भी सपा से पीछे चल रहे हैं। इनके अलावा बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी भी सिद्धार्थनगर की इटवा सीट से पीछे चल रहे हैं। वे सपा के माता प्रसाद पांडेय से पीछे हैं। इनके अलावा मंत्री रणवेन्द्र सिंह उर्फ धुन्नी सिंह भी फतेहपुर जिले की हुसैनगंज सीट से पीछे चल रहे हैं।


यूपी के रुझानों में मुख्यमंत्री योगी गोरखपुर शहर सीट से तो अखिलेश यादव करहल सीट से आगे चल रहे हैं, जबकि बीजेपी का साथ छोड़ सपा का दामन थामने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा सीट पर पीछे चल रहे हैं। वाराणसी दक्षिणी सीट से सपा के प्रत्याशी किशन दीक्षित ने पहले चक्र में बढ़त बनाई है। भाजपा प्रत्याशी डा. नीलकंठ तिवारी दूसरे नंबर पर हैं। वहीं लखनऊ जिले की 9 विधानसभा सीटों के लिए भी वोटों की गिनती जारी है। कैंट से बीजेपी के ब्रजेश पाठक आगे चल रहे हैं

कुशीनगर की तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी असीम कुमार राय करीब नौ हजार मतों से आगे चल रहे हैं। मंत्री सूर्य प्रताप शाही देवरिया की पथरदेवा सीट से आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी हैं। सिद्धार्थनगर जिले की बांसी सीट से स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह सपा के नवीन उर्फ मोनू दूबे से 5400 मतों से आगे चल रहे हैं। मत्स्य पालन राज्य मंत्री जय प्रकाश निषाद देवरिया की रूद्रपुर विधानसभा सीट पर सपा के रामभुआल निषाद से 1175 मतों से आगे चल रहे हैं।

मऊ सदर से सुहेलदेव भारती समाज पार्टी से प्रत्याशी और बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बेटा अब्बास अंसारी पीछे चल रहे हैं। अब्बास का यह दूसरा विधानसभा चुनाव है। बीजेपी प्रत्याशी अशोक सिंह यहां से आगे हैं। मुख्तार के बड़े भाई का बेटा सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू गाजीपुर की सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में बढ़त पर हैं।

वहीं मैनपुरी के करहल विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बढ़त पर हैं। जेवर विधानसभा सीट पर बीजेपी के धीरेन्द्र सिंह, कन्नौज से बीजेपी के असीम अरुण, लखनऊ की सरोजनीनगर से बीजेपी के राजेश्वर सिंह और सहारनपुर के नकुड़ से बीजेपी प्रत्याशी मुकेश चौधरी आगे चल रहे हैं। अयोध्या के बीकापुर रुदौली और मिल्कीपुर में बीजेपी बढ़त पर है। गोसाईगंज में सपा आगे है। सहारनपुर के नकुड से बीजेपी प्रत्याशी मुकेश चौधरी के साथ आगरा की फतेहपुर सीकरी व एत्मादपुर में भी भाजपा आगे है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia