यूपी चुनाव: चौथे चरण में पांच बजे तक 57.45 प्रतिशत मतदान, लखीमपुर खीरी में 62.42% वोटिंग

राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रम्हदेव तिवारी ने बताया कि पीलीभीत में 61.33, खीरी 62.42, सीतापुर 58.39, हरदोई 55.29, उन्नाव 54.05, लखनऊ 55.08, रायबरेली 58.40, बांदा 57.54, फतेहपुर 57.02 फीसदी मतदान हुआ है। अभी तक कुल 57.45 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

फोटोः IANS
i

उत्तर प्रदेश में आज छिटपुट घटनाओं के बीच चौथे चरण का मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में नौ जिलों की 59 सीटों पर शाम 5 बजे तक 57.45 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि करहल के बूथ संख्या-266 में मतदान का पिछला सभी रिकॉर्ड टूट गया। यहां से सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। यहां पांच बजे तक 73.67 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रम्हदेव तिवारी ने बताया कि पीलीभीत में 61.33, खीरी 62.42, सीतापुर 58.39, हरदोई 55.29, उन्नाव 54.05, लखनऊ 55.08, रायबरेली 58.40, बांदा 57.54, फतेहपुर 57.02 प्रतिशत मतदान हुआ है। अभी तक कुल 57.45 प्रतिशत मतदान हो चुका है। उन्होंने बताया कि मैनपुरी जिले के करहल में पांच बजे तक 73.67 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

उधर, समाजवादी पार्टी का आरोप है कि उन्नाव जिले में 164-मोहान विधानसभा सीट के बूथ संख्या-228 में जबरदस्ती समाजवादी पार्टी के एजेंट को बाहर कर दिया गया। ब्लॉक प्रमुख वहां बैठी हैं और मतदाताओं को प्रभावित करने का काम किया जा रहा है। सपा का आरोप है कि लखीमपुर जिले की धौरहरा-141 विधानसभा सीट की बूथ संख्या-55 (रानीपुरवा) में बीजेपी के नेता प्रशासन के अधिकारियों से मेहमाननवाजी करा रहे हैं और वोटरों पर दबाव बनाकर मतदान प्रभावित कर रहे हैं।


मतदान में भागीदारी वोटर के लिए जरूरी है लेकिन लंबी दूरी और उसमें भी कई समस्याओं के आड़े आने के बाजवूद वोट डालने का उत्साह थारू परिवारों से ही सीखा जा सकता है। कलीनगर तहसील में ढकिया ताल्लुका के महाराजपुर के मौजा गोरख डिब्बी और थारू पट्टी में करीब 170 परिवार रहते हैं। इनमें वोटरों की संख्या भी पांच सौ के करीब है। वोट डालने के लिए गांव से सात किमी की दूरी तय कर नदी पर आना पड़ता है।

ऐसे में यहां के लोग नाव से नदी को पार कर फिर तीन किमी की दूरी तय कर नगरिया खुर्द और रमनगरा क्षेत्र के बूथों पर आकर वोट डाल पाते हैं। बुधवार को सुबह से वोट डालने के लिए आने वाले इन परिवारों की भीड़ नदी पर देखने को मिली। मतदाताओं का कहना है कि हर बार उम्मीदों को आगे रखकर वोट जरूर करते हैं।


बता दें कि यूपी चुनाव के चौथे चरण में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा और फतेहपुर जिले की 59 सीटों पर मतदाता सुबह से ही वोटिंग करने के लिए लाइन में लगे थे। चौथे चरण में 2.13 करोड़ मतदाता 624 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 91 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में 16 सीटें सुरक्षित हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए