सिनेजीवन: '1942: ए लव स्टोरी' को मिला शानदार रिस्पॉन्स और बेटी के लिए मां की चाहत सुन भावुक हुईं भारती सिंह
फिल्म '1942: ए लव स्टोरी' को दर्शकों की तरफ से शानदार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। भारती सिंह ने मां और बच्चे के रिश्ते को लेकर अपनी भावना जाहिर की है।

'1942: ए लव स्टोरी' को मिला शानदार रिस्पॉन्स, मेकर्स ने दर्शकों को कहा- शुक्रिया
निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म '1942: ए लव स्टोरी' 32 सालों के बाद 8के रिस्टोर्ड वर्जन में प्रदर्शित की जा चुकी है। फिल्म को दर्शकों की तरफ से शानदार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, जिसे देखते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए सभी दर्शकों का आभार व्यक्त किया है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि सिनेमाघरों में दर्शकों को अच्छा अनुभव मिले, जिस वजह से फिल्म पर पिछले दो साल से काम चल रहा था। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया है कि भविष्य में इस फिल्म को देखने वाले लोगों को शानदार अनुभव मिलेगा।
मेकर्स ने जारी किए गए नोट में लिखा, "प्रिय दर्शकों, सिनेमा प्रेमियों और दोस्तों, हमें वीकेंड में बहुत सारे मैसेज मिले हैं कि आपको सिनेमाघरों में फिल्म कितनी पसंद आई है। हमने आपको सबसे अच्छा बड़े स्क्रीन का अनुभव देने के लिए '1942: ए लव स्टोरी' को 8के रिजॉल्यूशन और डॉल्बी 5.1 सराउंड साउंड में रिस्टोर किया है और इस बात का भी भरपूर ध्यान दिया गया है कि जो लोग लंबे समय तक फिल्म देखें, उन्हें भी शानदार अनुभव मिले।"
उन्होंने बताया कि फिल्म को इटली के बोलोग्ना और प्रसाद फिल्म लैब्स में दो साल से तैयार किया जा रहा था। उन्होंने लिखा, "इटली के बोलोग्ना और प्रसाद फिल्म लैब में दो साल की कड़ी मेहनत से इसे तैयार किया गया है। सिर्फ फिल्म के आइकॉनिक म्यूजिक को रीमास्टर करने में ही हमारी टीम को 300 घंटे से ज्यादा लगे हैं। इस पूरी फिल्म को रिस्टोर करने में 150 से ज्यादा लोगों ने 9000 घंटे से ज्यादा काम किया है।"
सिंटा विवाद पर पूनम ढिल्लो और पद्मिनी कोल्हापुरे बोलीं-'तानाशाही होती तो 8 लोगों की सहमति क्यों जरूरी होती'

सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) के भीतर चल रहा विवाद अब और गहराता जा रहा है। संस्था की अध्यक्ष पूनम ढिल्लो और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे ने पूर्व महासचिव उपासना सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों पर खुलकर जवाब दिया है। उपासना ने दोनों वरिष्ठ अभिनेत्रियों पर संस्था को कथित तौर पर तानाशाही और गैर लोकतांत्रिक तरीके से चलाने का आरोप लगाया था।
अब पूनम और पद्मिनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा। जहां पूनम ने कहा कि आरोपों से सिंटा की छवि को नुकसान पहुंचा है, वहीं पद्मिनी ने सवाल किया कि अगर संस्था पर उनका और पूनम का पूरा नियंत्रण होता तो एग्जीक्यूटिव कमेटी में मौजूद इतने वरिष्ठ कलाकारों के बीच फैसले कैसे लिए जाते।
सिंटा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पद्मिनी कोल्हापुरे ने सबसे पहले उस आरोप पर जवाब दिया, जिसमें उन्हें और पूनम ढिल्लो को संस्था में तानाशाही चलाने वाला बताया गया था। पद्मिनी ने कहा, ''सिंटा की एग्जीक्यूटिव कमेटी में फैसले किसी एक व्यक्ति की मर्जी से नहीं लिए जाते। किसी भी बैठक को शुरू करने के लिए पहले आठ सदस्यों का कोरम पूरा होना जरूरी है। इसके बाद ही बैठक शुरू होती है और अगर किसी मुद्दे पर फैसला लेना हो तो उसे बहुमत के आधार पर तय किया जाता है।''
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, ''मैं सिंटा में अकेले खड़ी होकर यह फैसला भी नहीं कर सकती कि हमें प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी है। इस तरह के फैसले भी कमेटी की बैठक में चर्चा के बाद लिए जाते हैं।''
इसके बाद पद्मिनी ने उन आरोपों पर सवाल उठाया, जिनमें कहा गया था कि कमेटी के सदस्य पूनम या उनके दबाव में काम करते हैं। उन्होंने सिंटा से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों का नाम लेते हुए कहा, ''क्या पिंटू जी, राकेश बेदी, यशपाल शर्मा जैसे अनुभवी कलाकार किसी के कहने पर आंख बंद करके चल सकते हैं? इतने वरिष्ठ कलाकारों वाली कमेटी में क्या दो लोग तानाशाही चला सकते हैं।''
अक्षय खन्ना की 'महाकाली' की पहली झलक रिलीज, शुक्राचार्य के अवतार में दिखे अभिनेता

अभिनेता अक्षय खन्ना की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया पौराणिक फिल्म 'महाकाली' का फर्स्ट लुक सोमवार को मेकर्स ने रिवील कर दिया गया है। यह फिल्म मां काली की शक्तियों और पौराणिक कथाओं पर आधारित है, जिसमें शुक्राचार्य और देवताओं के बीच के संघर्ष को भी दिखाया जाएगा।
यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स (पीवीसीयू) का अगला चैप्टर है। मेकर्स ने सोमवार को शुक्राचार्य से किरदार से जुड़ी पहली वीडियो पोस्ट की, जिसमें उनके बारे में बताया गया है।
पहली झलक का टाइटल 'शुक्राचार्य का युद्धघोष' रखा गया है। वीडियो में धर्म और अधर्म के बीच एक बड़ी लड़ाई दिखाई गई है। इसमें असुरों के गुरु शुक्राचार्य के नेतृत्व में दिव्य शक्तियों के बीच एक बड़ा युद्ध होने के संकेत देखने को मिलता हैं, जो अच्छाई और बुराई की लड़ाई से कहीं बड़ा है। अपनी दमदार टोन और युद्ध की शानदार झलकियों के साथ यह टीजर इशारा करता है कि 'अंत की शुरुआत' हो चुकी है।
इस झलक का सबसे खास हिस्सा अक्षय खन्ना है, जो शुक्राचार्य के अवतार में नजर आ रहे हैं। उनकी आंखों में गुस्सा और दमदार मौजूदगी इस किरदार को और भी ताकतवर बना रही है। उनके फर्स्ट लुक के बाद दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता थी, अब इस झलक ने उनकी एक्टिंग की पहली झलक दिखाकर दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है।झलक में 'महाकाली' की भव्य दुनिया की पहली बड़ी झलक भी देखने को मिलती है। शानदार विजुअल्स, बड़ी दुनिया और बेहतरीन वीएफएक्स मिलकर फिल्म को एक बड़े पर्दे का अनुभव बनाते हैं। इसमें श्रिया रेड्डी की भी दमदार मौजूदगी है, जो कहानी में एक और दिलचस्प परत जोड़ती हैं।
बेटी के लिए मां की चाहत सुन भावुक हुईं भारती सिंह, हर्ष ने 10 हजार का इनाम बढ़ाकर किया 20 हजार

टीवी की दुनिया में कॉमेडी और मनोरंजन के लिए मशहूर भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया अब एक नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने जा रहे हैं। दोनों जल्द ही 'इंडियन गेम शो' में साथ नजर आएंगे, जहां मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को गेम खेलने और इनाम जीतने का मौका भी मिलेगा। शो के एक सेगमेंट में ऐसा ही एक पल देखने को मिला, जो सीधे दिल को छू गया।
दरअसल, एक महिला ने गेम में जीते 10 हजार रुपए का इस्तेमाल अपनी बेटी की जरूरतों के लिए करने की बात कही। मां की इस सोच ने भारती और हर्ष को इतना प्रभावित किया कि हर्ष ने महिला की इनामी राशि दोगुनी कर दी।
शो के एक सेगमेंट में भारती और हर्ष ने दर्शकों के साथ बातचीत की और उनके बीच लड्डू बांटे। इनमें से एक लड्डू में एक सिक्का छिपाया गया था। जिस दर्शक को वह सिक्का मिलता, उसके लिए खास इनाम रखा गया था। गेम के दौरान एक महिला ने वह सिक्का ढूंढ लिया और वह 10 हजार रुपये की नकद राशि जीत गईं।
इसके बाद हर्ष ने महिला से पूछा कि वह इस इनाम की रकम का क्या करेंगी। इस पर महिला ने बताया कि वह यह पैसा अपनी बेटी के लिए इस्तेमाल करना चाहती हैं।
महिला की बात सुनकर भारती सिंह ने मां और बच्चे के रिश्ते को लेकर अपनी भावना जाहिर की। उन्होंने कहा, ''मां की फीलिंग सिर्फ मां ही जान सकती है। जो मां बनती है, उसे पता होता है कि वह अपने बच्चों के लिए क्या-क्या करना चाहती है।'
अनुष्का रंजन-आदित्य सील के घर गूंजी किलकारी, जुड़वा बेटियों के माता-पिता बने कपल

अभिनेत्री अनुष्का रंजन और अभिनेता आदित्य सील जुड़वा बच्चियों के माता-पिता बन गए हैं। कपल मे एक जॉइंट स्टेटमेंट के तहत यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की, जिन्होंने बच्चियों के नाम भी बताए।
कपल ने इंस्टाग्राम पर अनाउंसमेंट के साथ एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की, जिसमें दो नन्ही बच्चियां फूलों, तितलियों, चिड़ियों और पेस्टल रंगों वाले गार्डन के बीच नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा, "मेरी धूप यहां हमारी जिंदगी रोशन करने आ गई है। हमारे दिल प्यार और शुक्रिया से भरे हैं। वीरा-माही।"
बच्चियों के आगमन की खबर आते ही कमेंट सेक्शन पर फैंस और दोनों के इंडस्ट्री के दोस्तों ने कमेंट सेक्शन पर जमकर बधाई दी। अभिनेता अरसलन गोनी, आकृति आहूजा, राशि खन्ना, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल कपूर, करण ग्रोवर, कृति कामरा, सान्या मल्होत्रा, इल्हामी गोनी, करिश्मा तन्ना, सोहा अली खान, अहाना कुमरा, भूमि पेडनेकर, गौहर खान, अनुशा डांडेकर समते कई अभिनेता ने लिखा, "बधाई हो।"
वहीं, मसाबा, अपारशक्ति खुराना, नेहा धूपिया,अथिया शेट्टी, जैस्मिन भसीन कई एक्टर्स ने कमेंट सेक्शन पर इमोजी शेयर कर प्रतिक्रिया दी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
