सिनेजीवन: आमिर खान के भांजे इमरान खान की बढ़ी 'मुश्किलें' और मोहित मलिक ने बताया खुशहाल रिश्ते का मंत्र
किरीट सोमैया के पुलिस स्टेशन पहुंचने से इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग एक बार फिर चर्चा में आ गई है। अभिनेता मोहित मलिक अभिनय में अपनी सक्रियता के साथ परिवार को समय देने से पीछे भी नहीं हटते हैं।

आमिर खान के भांजे इमरान खान की बढ़ी 'मुश्किलें', एफआईआर की मांग लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे बीजेपी बनेता किरीट सोमैया
मुंबई में अभिनेता इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर महाराष्ट्र बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया गावदेवी पुलिस स्टेशन पहुंचे। यह मामला मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान भी शामिल हुए थे। अब किरीट सोमैया ने इस मामले में इमरान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अगस्त क्रांति मैदान में हुए इस प्रदर्शन के दौरान इमरान खान के साथ उनकी पार्टनर लेखा वाशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान भी मौजूद थीं। प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। अब इस मामले में किरीट सोमैया के पुलिस स्टेशन पहुंचने से इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
मोहित मलिक ने बताया खुशहाल रिश्ते का मंत्र, बोले- पार्टनर से बात करते रहें, साथ बढ़ते रहें

अभिनेता मोहित मलिक अभिनय में अपनी सक्रियता के साथ परिवार को समय देने से पीछे भी नहीं हटते हैं। अभिनेता ने बताया कि वे और पत्नी आपसी बातचीत के जरिए साथ में आगे बढ़ते हैं।
मोहित मलिक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने रोजमर्रा की जिंदगी की एक झलक शेयर करते हुए बताया कि दोनों का हर रात एक कप चाय पर साथ बैठकर अपनी जिंदगी के बारे में बात करने का रिवाज है। उन्होंने लिखा, "हर रात एक कप चाय पर, मैं और अदिति बातें करते हैं। कभी अपने दिन के बारे में, जिंदगी के बारे में, कभी ऐसी बातें जो हमें परेशान कर रही हों, तो कभी उन बातों के बारे में जिन्हें हम ठीक से कह भी नहीं पाते।"
मोहित ने कहा कि उनकी बातचीत में अक्सर एक-दूसरे से सवाल करना, असहमत होना, सुनना और दूसरे के नजरिए को समझने की कोशिश करना शामिल होता है। उन्होंने बताया कि सालों बाद उन्हें एहसास हुआ है कि साथ बढ़ने का मतलब हर बात पर एक ही राय होना नहीं है।
उन्होंने लिखा, "इन सालों में हमें समझ आया है कि साथ रहने का मतलब एक दूसरे की बातों से सहमत होना नहीं है, बल्कि एक ऐसी जगह बनाना जहां हम दोनों एक-दूसरे को सुन पाए, एक-दूसरे के हो सके। ये छोटा सा रिवाज सालों से हमारी जिंदगी का हिस्सा है और अब हम इसका एक हिस्सा आपके साथ शेयर करना चाहते हैं। इसलिए नहीं कि हमने रिश्तों को समझ लिया है, बल्कि इसलिए क्योंकि हम अभी साथ-साथ इसे समझ रहे हैं। चीनी कितनी चम्मच। बात करते रहें, साथ बढ़ते रहें।"
'नखरेवाली' की रिलीज डेट का ऐलान, 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी कॉमेडी फिल्म

फिल्ममेकर आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस की आने वाली फिल्म 'नखरेवाली' की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव स्टारर यह फिल्म 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को एक अलग अंदाज की रोमांटिक कॉमेडी के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसमें प्यार, रिश्तों और लैंगिग समानता से जुड़े मुद्दों को अलग अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई है।
फिल्म के मेकर्स ने इसकी घोषणा के साथ एक दिलचस्प पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर पर लिखा है, ''कभी-कभी प्यार में मजनू को भी लैला बनना पड़ता है।'' यह लाइन फिल्म की कहानी में होने वाले बदलाव की झलक देती है। आमतौर पर रोमांटिक कहानियों में लड़के को प्यार के लिए कोशिश करते और लड़की को मनाते हुए दिखाया जाता है, लेकिन 'नखरेवाली' में रिश्तों के इसी पारंपरिक ढांचे को अलग नजरिए से पेश करने की कोशिश की गई है।
फिल्म को 'वुमनटिक कॉमेडी' कहा जा रहा है। यह शब्द वुमन और रोमांटिक कॉमेडी को जोड़कर बनाया गया है। फिल्म में कॉमेडी और इमोशन के साथ आज के रिश्तों को समझने और उनमें महिलाओं की भूमिका पर बात की जाएगी। इसके जरिए मेकर्स प्यार और जेंडर रोल्स को लेकर बनी पुरानी सोच पर भी सवाल उठाते दिखेंगे।
बिपाशा बसु का दमदार कमबैक, हंसल मेहता की 'बाराबंकी' में आएंगी नजर

अभिनेत्री बिपाशा बसु 6 साल बाद वेब सीरीज 'बाराबंकी' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है।
इस सीरीज का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर हंसल मेहता कर रहे हैं। इसे 'अल्माटी मोशन पिक्चर्स' के बैनर तले प्रभलीन संधू (कौर) द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ द्वारा लिखित सीरीज में बिपाशा बसु के साथ सनी कौशल और विशाल जेठवा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
यह सीरीज पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक लाल की किताब 'द बाराबंकी नार्कोस: बस्टिंग इंडियाज मोस्ट नोटोरियस ड्रग कार्टेल' पर आधारित है। कहानी 1984 के बैकड्रॉप पर सेट है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में फैले एक बड़े अफीम/ड्रग्स तस्करी नेटवर्क और उसे खत्म करने के पुलिस ऑपरेशन को दिखाएगी। इस सीरीज में बिपाशा बसु एक बिल्कुल अलग और अनोखे लुक में दिखाई देंगी।
'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का पोस्टर आया सामने, अतीत और वर्तमान के बीच उलझे सनी देओल

अभिनेता सनी देओल की आगामी एक्शन और क्राइम ड्रामा फिल्म फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के मेकर्स ने सोमवार को मोशन पोस्टर रिलीज किया है।
अभिनेता सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर मोशन पोस्ट रिलीज किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "अतीत और वर्तमान के बीच उलझा, वो सच्चाई का पता लगाता है। पेश है आप सभी के सामने कमल मुकुट की सूर्या: अंत से आरंभ तक। 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में।"
दमदार लुक में सनी देओल की पहली झलक एक ऐसे किरदार की ओर इशारा करती है, जो अपने अतीत से जूझ रहा है और एक अनसुलझे सच की तलाश में है। उनकी गहरी नजर और गंभीर अंदाज उनके अब तक के बड़े पर्दे वाले अंदाज से बिल्कुल अलग है। मोशन पोस्टर 'सूर्या' की दमदार दुनिया से रूबरू कराता है, जिसकी टैगलाइन है, "अंत से आरंभ तक।"
फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स की है, जो सच को उजागर करने और अनसुलझे सवालों के जवाब ढूंढने की कोशिश कर रहा है। जो शुरुआत जवाबों की तलाश के रूप में शुरू होती है, वह धीरे-धीरे एक उलझी हुई कहानी में बदल जाती है। यह हमें रहस्य, इमोशन और टकराव से भरी क्राइम ड्रामा कहानी की ओर ले जाती है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
