सिनेजीवन: एक्ट्रेस से अब प्रेजेंटर बनीं सोनाली बेंद्रे और सोनम कपूर ने आनंद आहूजा के बर्थडे पर लुटाया प्यार
बॉलीवुड में कई सालों तक अपनी खूबसूरती और दमदार एक्टिंग से दिल जीतने वाली सोनाली बेंद्रे अब एक नए रोल में नजर आएंगी। पति आनंद के जन्मदिन के मौके पर सोनम ने एक प्यार भरा पोस्ट शेयर किया।

एक्ट्रेस से अब प्रेजेंटर बनीं सोनाली बेंद्रे, फिल्म 'सोलह' से शुरू किया सिनेमा का नया सफर
बॉलीवुड में कई सालों तक अपनी खूबसूरती और दमदार एक्टिंग से दिल जीतने वाली सोनाली बेंद्रे अब एक नए रोल में नजर आएंगी। दरअसल, वह अब अभिनय के साथ-साथ अच्छी कहानियों को आगे बढ़ाने का काम भी करना चाहती हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने फिल्म 'सोलह' के साथ प्रेजेंटर के तौर पर अपना सफर शुरू किया है। बता दें कि प्रेजेंटर का मतलब होता है वो शख्स जो किसी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने में मदद करे। वो फिल्म का चेहरा बनता है और लोगों को बताता है कि ये कहानी क्यों जरूरी है। सोनाली अपने इस रोल को लेकर काफी उत्साहित हैं।
आईएएनएस से खास बातचीत में सोनाली बेंद्रे ने बताया कि 'सोलह' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है। ये उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्हें हमेशा से ऐसी कहानियां पसंद रही हैं जो फिल्म खत्म होने के बाद भी आपके साथ रहें। ऐसी कहानियां जो आपको एक जगह बैठकर सोचने पर मजबूर कर दें। 'सोलह' में ये सब है, इसलिए जब उन्होंने पहली बार इस फिल्म की कहानी सुनी तो वो तुरंत उससे जुड़ गईं।
सोनाली ने कहा, ''फिल्म को प्रेजेंट करना मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि यह मेरे लिए एक नए सफर की शुरुआत है। मैंने हमेशा ऐसी कहानियों को चुना है जो खत्म होने के बाद भी आपके दिल और दिमाग में रह जाती हैं। जो आपको थोड़ी देर के लिए रुककर सोचने पर मजबूर करती हैं। आपको जिंदगी को थोड़ा अलग तरीके से देखने में मदद करती हैं। 'सोलह' ने मेरे साथ बिल्कुल यही किया। इसे सुनने के बाद मैं काफी देर तक शांत रही और सोचती रही।''
'तुम्हें हर जन्म में चुनूंगी', सोनम कपूर और सास प्रिया आहूजा ने आनंद आहूजा के बर्थडे पर लुटाया प्यार

सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा की जोड़ी को बॉलीवुड की सबसे प्यारी जोड़ियों में गिना जाता है। दोनों अक्सर एक-दूसरे के लिए सोशल मीडिया पर प्यार भरे पोस्ट डालते रहते हैं। इस बीच, पति आनंद के जन्मदिन के मौके पर सोनम ने एक प्यार भरा पोस्ट शेयर किया। वहीं उनकी सास प्रिया आहूजा ने भी आनंद के लिए इमोशनल नोट लिखा और परिवार की पुरानी यादें ताजा कीं।
सोनम कपूर ने अपने पति आनंद आहूजा के लिए इंस्टाग्राम पोस्ट में कई तस्वीरें शेयर कीं। ये तस्वीरें उनके प्यार के पूरे सफर की झलक है। शुरुआत डेटिंग के दिनों से हुई, फिर उनकी शादी की तस्वीरें थीं और आखिर में दोनों के माता-पिता बनने के पल भी थे। शादी के 7 साल बाद भी दोनों के बीच का प्यार पहले जैसा ही दिखाई देता है।
इस पोस्ट के कैप्शन में सोनम ने लिखा, ''डियर आनंद, मेरे लिए सबसे सुरक्षित जगह बनने के लिए शुक्रिया, मेरे सबसे बड़े सपोर्टर बनने के लिए शुक्रिया, मेरे सबसे पसंदीदा सफर के साथी बनने के लिए शुक्रिया, मेरी बातों को ध्यान से सुनने के लिए और मुझे सही-गलत बताने के लिए शुक्रिया। मेरे पसंदीदा इंसान को जन्मदिन मुबारक हो। मैं आपको हर जन्म में चुनूंगी। मैं आपसे इतना प्यार करती हूं, जितना आप कभी जान पाओगे।'
सोनम के पोस्ट के कुछ घंटों बाद आनंद की मां यानी सोनम की सास प्रिया आहूजा ने भी अपने बेटे के लिए एक स्पेशल पोस्ट शेयर किया। प्रिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फोटो का एक एल्बम शेयर किया। इस एल्बम में आहूजा परिवार की कई अनदेखी और दिल को छू लेने वाली तस्वीरें थीं।
अभिनेत्री अदिति बालन की फिल्म 'जीडीएन' से पहला लुक जारी, इस किरदार में आएंगी नजर

निर्देशक कृष्ण कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जीडीएन' सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए तैयार है। इसी बीच, मेकर्स ने गुरुवार को अभिनेत्री अदिति बालन का लुक भी जारी किया।
मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिनेत्री का पहला लुक जारी कर लिखा, "पेश है, पद्मावती के रूप में अदिति बालन। एक आवाज, स्टैंड और ऐसी कहानी, जो सब कुछ बदल देती है। यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार हैं।"
यह फिल्म मशहूर भारतीय आविष्कारक, किसान और समाजसेवी जी.डी. नायडू के जीवन पर आधारित है, जिसमें अभिनेत्री अदिति बालन पद्मावती की भूमिका अदा करती हुई सभी को मनोरंजन करेंगी।
मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज कर दिया है, जिसमें महान आविष्कारक गोपालस्वामी दोरैस्वामी नायडू (जीडी नायडू) के जीवन, संघर्ष और ब्रिटिश शासन के खिलाफ उनकी असंदिग्ध बगावत की एक रोमांचक झलक दिखाता है। इसकी शूटिंग मुख्य रूप से कोयंबटूर में की गई है, जहां नायडू ने अपनी कर्मभूमि बनाई थी।
'होमर ने सपना देखा, नोलन ने उसे हकीकत बनाया', कमल हासन ने की 'द ओडिसी' की तारीफ

साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और फिल्मकार कमल हासन किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वह एक ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने अभिनय, निर्देशन, लेखन और निर्माण हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी है। 'नायकन', 'इंडियन', 'हे राम' जैसी फिल्मों से उन्होंने साबित किया है कि सिनेमा के बारे में उनकी समझ कितनी गहरी है।
कमल हमेशा अच्छी फिल्मों की तारीफ करने में आगे रहते हैं। चाहे वह हॉलीवुड हो या बॉलीवुड, अगर काम अच्छा है तो कमल उसकी खुलकर तारीफ करते हैं। इस कड़ी में उन्होंने डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' की जमकर सराहना की और कहा कि ये फिल्म आने वाले समय में मिसाल बनेगी।
गुरुवार को कमल हासन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने 'द ओडिसी' फिल्म का पोस्टर शेयर किया और कैप्शन में फिल्म की तारीफ की।
कमल हासन ने कैप्शन में लिखा, ''होमर ने सपना देखा। नोलन ने उसे हकीकत बनाया। मैंने तालियां बजाईं।'
अच्छे लोगों के साथ काम करो, हार्डी संधू की इस सलाह ने बदला रेवती महुरकर का नजरिया

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुके सिंगर और एक्टर हार्डी संधू न सिर्फ अपनी आवाज और एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं, बल्कि अपने प्रोफेशनल व्यवहार के लिए भी फेमस हैं। उनके साथ काम करने वाले हर कलाकार अक्सर उनकी तारीफ करते नजर आते हैं।
अब एक्ट्रेस रेवती महुरकर ने भी हार्डी के साथ अपने अनुभव को शेयर किया। रेवती ने बताया कि 'तेवर' म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान हार्डी ने उन्हें एक ऐसी सलाह दी, जिसे वो आज भी अपनी जिंदगी का हिस्सा मानती हैं।
रेवती महुरकर ने बताया कि हार्डी संधू ने उन्हें इंडस्ट्री में टिके रहने का सबसे जरूरी मंत्र दिया। उन्होंने कहा, ''शूट के बीच में हार्डी ने कहा, 'अपने काम को लेकर बहुत सोच-समझ कर फैसला लिया करो। 'हमेशा अच्छे कलाकारों और अच्छी टीम के साथ ही काम करना', इस एक सलाह ने मेरे काम चुनने का पूरा तरीका बदल दिया।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
