सिनेजीवन: आदित्य चोपड़ा और शाहरुख खान वजह से डायरेक्टर बने करण जौहर और 'Mtv हसल 5' का नया थीम होगा 'अपना होमग्राउंड'
करण जौहर ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता शाहरुख खान और निर्देशक आदित्य चोपड़ा का शुक्रिया अदा किया। इस सीजन में बादशाह शो में रैप सुप्रीमो की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

'एमटीवी हसल 5' का नया थीम होगा 'अपना होमग्राउंड', बादशाह बोले- 'यह उन लोगों को समर्पित है जो कलाकार को बनाते हैं'

लोकप्रिय रैप रियलिटी शो 'एमटीवी हसल 5' नए सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। इस बार शो केवल नए रैपर की तलाश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन जगहों, अनुभवों और कहानियों को भी सामने लाएगा, जिन्होंने इन कलाकारों को तैयार किया है। शो के पांचवें सीजन की थीम 'अपना होमग्राउंड' रखा गया है, जिसे लेकर रैपर बादशाह काफी उत्साहित हैं।
इस सीजन में बादशाह शो में रैप सुप्रीमो की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उन्होंने कहा, ''रैप शो 'एमटीवी हसल' हमेशा से ऐसा मंच रहा है, जिसने देश के नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया है। इस बार की थीम उन लोगों और अनुभवों को सम्मान देता है, जो किसी भी कलाकार को शुरुआत से मजबूत बनाते हैं।''
बादशाह ने कहा, ''इस सीजन में वापस आना मेरे लिए घर लौटने जैसा है। 'अपना होमग्राउंड' उन संघर्षों को दर्शाता है, जहां से कलाकार अपनी पहचान बनाकर आगे बढ़ते हैं। मैं भारतीय हिप-हॉप की अगली बड़ी आवाजों को खोजने के लिए काफी उत्साहित हूं।''
आदित्य चोपड़ा और शाहरुख खान के विश्वास ने मुझे डायरेक्टर बनाया : करण जौहर

मशहूर निर्देशक-निर्माता करण जौहर ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता शाहरुख खान और निर्देशक आदित्य चोपड़ा का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि वे आज जो कुछ भी हैं, इन दोनों की बदौलत हैं।
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर शाहरुख और आदित्य चोपड़ा के साथ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें उन्होंने लिखा, "दो बातों ने मेरी पूरी जिंदगी को बदलकर रख दिया।"
करण ने पहली बात को समझाते हुए लिखा, "रात के लगभग 1 बजे आदित्य चोपड़ा ने मुझे फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में साथ काम करने के लिए कहा। साथ ही, सुझाव दिया कि मुझे निर्देशन में जाना चाहिए और अगर मैंने इस रास्ते को नहीं चुना, तो मैं बहुत बड़ी गलती करूंगा। उस समय मेरी जिंदगी हमेशा एक भागदौड़ जैसी चल रही थी और मैं आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जाने वाला था।"
करण ने बताया कि आदित्य की बात ने उन्हें पूरी रात सोने नहीं दिया और अगली सुबह वे अपने पिता के पास एक साल की मोहलत मांगने के लिए गए। उन्होंने लिखा, "आदित्य की बात ने मुझे इस कदर प्रभावित किया कि मैं अगली सुबह अपने पिता जी के पास गया और उनसे अपनी जिंदगी का एक साल मांगा। मैंने कहा कि मैं एक साल फिल्म के सेट पर काम करना चाहता हूं। मेरे पिता ने मेरी आंखों में देखा और पूछा, 'बेटा, क्या तुम्हें पता है कि फिल्म के सेट पर क्या करना होता है?'" मैंने साफ कहा, "नहीं।"
फिर उन्होंने पूछा, "क्या तुम वादा करोगे कि तुम बहुत मेहनत करोगे और हर निर्देश को ध्यान से मानोगे?" इसके बाद उन्होंने कहा, "यह तुम्हें एक अच्छा प्रोड्यूसर बना सकता है लेकिन डायरेक्टर बनने के लिए सिर्फ और सिर्फ जुनून की जरूरत होती है।"
आमिर खान धमकी मामला: लोकेशन छिपाने के लिए हुआ स्वीडिश वीपीएन का इस्तेमाल, साइबर टीम कर रही जांच

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान इन दिनों अपनी तीसरी शादी को लेकर शुरू हुए विवाद और अब ऑडियो क्लिप के जरिए मिली धमकी के कारण चर्चा में हैं। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से एक ऑडियो मैसेज और फेसबुक पोस्ट के जरिए धमकी दी गई है। वायरल ऑडियो में खुद को आरजू बिश्नोई बताने वाले शख्स ने आमिर खान पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने और देश की संस्कृति व सनातन धर्म के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। मैसेज में उन्हें सबक सिखाने की बात कही गई है।
मुंबई पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी से जुड़े इन पोस्ट और ऑडियो के पीछे कौन लोग हैं। बताया जा रहा है कि यह धमकी सोशल मीडिया पर आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से सामने आई है, जिसमें ऑडियो के साथ-साथ एक फेसबुक पोस्ट भी शेयर किया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को धमकी भेजने वाले का शुरुआती आईपी एड्रेस स्वीडन का मिला है। हालांकि, आरोपी ने अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन और टॉर ब्राउजर का इस्तेमाल किया है, जिसकी वजह से आईपी एड्रेस लगातार बाउंस हो रहा है। इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस की साइबर टीम मैसेज भेजने वाले का पता लगाने और आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी हुई है।
खुद को साबित करने की कोशिश नहीं कर रही, अच्छे किरदार मिलना मेरी किस्मत का हिस्सा है : शहनाज गिल

अभिनेत्री शहनाज गिल ने अपने करियर में एक लंबा सफर तय किया है। कभी अपनी चुलबुली अदाओं और बेफिक्र अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही। इन दिनों वह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'इश्कनामा' को लेकर चर्चा में है। इस फिल्म में वह एक गंभीर भूमिका में नजर आ रही है। पर्दे पर निभाए गए किरदारों को लेकर शहनाज ने कहा कि यह सब उनके सफर और किस्मत का हिस्सा है।
जब आईएएनएस ने शहनाज गिल से पूछा कि क्या वह दर्शकों को अपने व्यक्तित्व का दूसरा पहलू दिखाने या अपनी पुरानी छवि बदलने के लिए इस तरह के किरदार चुन रही हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि उनका ऐसा कोई मकसद नहीं है।
शहनाज ने कहा, "मैं कुछ साबित करने की कोशिश नहीं कर रही हूं। मेरी किस्मत इसे साबित कर रही है। भगवान मुझे ताकत दे रहे हैं। उनकी कृपा से मुझे अच्छी स्क्रिप्ट मिल रही हैं। जो भी मुझे मौके मिल रहे हैं, उन्हें मैं पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाने की कोशिश कर रही हूं। एक कलाकार का सफर लगातार सीखने और खुद को बेहतर करने का होता है। मैं किसी एक छवि में बंधकर काम नहीं करना चाहतीं, बल्कि अलग-अलग तरह की कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हैं।''
रजा मुराद ने शेयर किए पूनम ढिल्लों के साथ यादगार पल, फिल्म 'नूरी' की सफलता को किया याद

अभिनेता रजा मुराद ने हाल ही में अभिनेत्री पूनम ढ़िल्लो के साथ मुलाकात की। अभिनेता ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए अभिनेत्री के शुरुआती करियर को याद करते हुए बताया कि फिल्म 'नूरी' ने अभिनेत्री को रातों रात स्टार बना दिया था।
अभिनेता रजा मुराद ने पूनम ढिल्लों के साथ तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। इसमें उन्होंने पूनम ढिल्लों की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म 'नूरी' में कश्मीर की एक मासूम गांव की लड़की के रूप में पूनम की सादगी, खूबसूरती और शानदार अभिनय ने देशभर के दर्शकों का दिल जीत लिया था।
उन्होंने लिखा, "हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक पूनम ढिल्लों जी के साथ यादगार पल।"
अभिनेता ने पूनम ढ़िल्लो के करियर पर नजर डालते हुए बताया कि फिल्म नूरी के बाद वे रातों रात स्टार स्टार बन गई थीं। उन्होंने लिखा, "साल 1979 में रिलीज हुई फिल्म 'नूरी' के बाद पूनम ढिल्लों पूरे देश की पसंदीदा अभिनेत्री बन गई थीं। इस फिल्म में उन्होंने कश्मीर की एक मासूम गांव की लड़की का किरदार निभाया था। उनकी सादगी, मासूमियत और प्राकृतिक खूबसूरती ने दर्शकों का दिल जीत लिया और फिल्म की सफलता में अहम भूमिका निभाई।"
उन्होंने आगे लिखा, "नूरी' की रिलीज के बाद पूनम ढिल्लों रातोंरात स्टार बन गईं। फिल्म के खूबसूरत गीतों और संगीत ने भी इसकी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। फिल्म में फारूक शेख और भारत कपूर ने भी अपनी दमदार और प्रभावशाली अदाकारी से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
