सिनेजीवन: रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के करीबी को मिली धमकी और सोनम कपूर के बेबी शॉवर में दिखी सनातन धर्म की झलक

सलमान खान के बेहद करीबी व्यक्ति को धमकी भरा ईमेल मिला है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। 'सावंरिया' में मुख्य किरदार निभाकर डेब्यू करने वाली अभिनेत्री सोनम कपूर दूसरी बार मां बनने वाली हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के करीबी को मिली धमकी, मांगे करोड़ों रुपए

बॉलीवुड में एक बार फिर अपराधियों की धमकियां बढ़ गई हैं। हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद बुधवार को अभिनेता रणवीर सिंह को भी व्हाट्सएप के जरिए धमकी मिली। अब खबर आ रही है कि सलमान खान के करीबी को भी धमकी दी गई है। साथ ही करोड़ों रुपयों की मांग भी की गई है।

सलमान खान के बेहद करीबी व्यक्ति को धमकी भरा ईमेल मिला है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है और करोड़ों रुपये की वसूली की मांग की है।

धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का होने का भी दावा किया है। पुलिस अलर्ट मोड पर है और लगातार अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।

मुंबई पुलिस ने यह जानकारी दी है, जिसके अनुसार, यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। धमकी में पैसे न देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, अभी तक सलमान खान या उनके करीबी की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और एहतियातन सतर्कता बरत रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच को मिली जानकारी के मुताबिक, बिश्नोई गैंग से जुड़े कुछ संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के घरों के आसपास ट्रेस हुई है। गैंग ने रेकी का काम अपने अलग-अलग गुर्गों को सौंपा था। पुलिस इन सुरागों को इकट्ठा कर रही है और जांच आगे बढ़ा रही है।

सोनम कपूर के बेबी शॉवर में दिखी सनातन धर्म की झलक, बताया 'सीमन्तोन्नयन' का महत्व

सिनेजीवन: रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के करीबी को मिली धमकी और सोनम कपूर के बेबी शॉवर में दिखी सनातन धर्म की झलक

'सावंरिया' में मुख्य किरदार निभाकर डेब्यू करने वाली अभिनेत्री सोनम कपूर दूसरी बार मां बनने वाली हैं। हाल ही में अभिनेत्री की गोद भराई की रस्म रखी गई है, जिसमें कपूर परिवार के सभी लोगों को देखा गया था। 

अब खुद सोनम ने गोद भराई की वीडियो पोस्ट की है और गोदभराई में निभाई गई सनातन धर्म की पुरानी परंपरा 'सीमन्तोन्नयन' का महत्व बताया है।

सोनम कपूर ने इंस्टाग्राम पर गोदभराई की प्यारी सी वीडियो पोस्ट की है, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों को चेहरे पर मुस्कान लिए अभिनेत्री की गोद भराई करते देखा जा रहा है। फैशन आइकन मानी जाने वाली सोनम ने सीमन्तोन्नयन की परंपरा को निभाते हुए गोदभराई की है और उसका महत्व भी बताया है।

उन्होंने वीडियो पोस्ट कर कैप्शन में लिखा, "सीमन्तोन्नयन, सनातन धर्म के सोलह पवित्र गर्भ संस्कारों में से तीसरा संस्कार है, जो मां और उसके गर्भ में पल रहे जीवन का सम्मान करता है। भारत के विभिन्न हिस्सों में इसे गोद भराई, श्रीमंत, दोहले जेवन, शाद, सीमांतम, वलाइकाप्पु, सीमांत, पुलिक्कुडी और सदाबक्शन के नाम से जाना जाता है। नाम बदल सकते हैं, लेकिन आशीर्वाद प्यार, सुरक्षा और नए जीवन के उत्सव का रहता है।"

 उन्होंने आगे लिखा, "यह प्राचीन रस्म और भी अधिक अर्थपूर्ण लगी क्योंकि मेरे सारे सबसे अच्छे दोस्त मेरे लिए मौजूद थे। मेरा पूरा परिवार भी आया था। मुझे बहुत सहारा मिला, और मेरी मां, मेरी सास और मेरी बहन को सब कुछ व्यवस्थित करने और मुझे इतना प्यार, स्नेह और सम्मान का एहसास कराने के लिए धन्यवाद। मैं इसे कभी नहीं भूलूंगी। आशीर्वादों से भरी गोद भराई।"


'आ अब लौट चलें' के सेट पर ऋषि कपूर के साथ आते थे रणबीर कपूर, हिमानी शिवपुरी ने शेयर की पुरानी यादें

सिनेजीवन: रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के करीबी को मिली धमकी और सोनम कपूर के बेबी शॉवर में दिखी सनातन धर्म की झलक

ऋषि कपूर निर्देशित 1999 में आई फिल्म 'आ अब लौट चलें' बॉक्स ऑफिस पर औसत रही थी, लेकिन फिल्म के गाने और कहानी फैंस के दिलों पर छा गई। 

ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना की शानदार केमिस्ट्री को आज भी याद किया जाता है। फिल्म में सभी बड़े स्टार्स के साथ हिमानी शिवपुरी ने 'निक्की' का रोल प्ले किया था, और उस वक्त रणबीर कपूर फिल्म के सेट पर उनसे मिलने के लिए आते थे। अब अभिनेत्री ने पुरानी यादें ताजा की हैं और बताया कि कैसे सभी लोग अमेरिका में मस्ती करते थे।

100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हिमानी शिवपुरी ने रणबीर कपूर के साथ फोटो शेयर की है और मुलाकात को यादगार बताया। पुराने किस्सों को शेयर कर हिमानी ने कहा, "रणबीर से मिलकर बहुत अच्छा लगा! इतने मिलनसार, विनम्र और प्रतिभाशाली अभिनेता! उन्होंने उठकर मेरे पैर छुए और मेरी तारीफ करते हुए कहा, 'मैडम, आप बिल्कुल वैसी ही दिखती हैं!' वाह, रणबीर का आकर्षण और उनके संस्कार! उन्होंने 'आ अब लौट चलें' के दिनों को याद किया जब वे अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे और सेट पर आते थे, और चिंटू जी उन्हें मेरे साथ नाटक और संगीत देखने के लिए प्रेरित करते थे!

उन्होंने आगे लिखा, "अमेरिका की मेरी पहली यात्रा में, खरीदारी के अलावा मैं ब्रॉडवे शो भी देखती थी। अद्भुत आउटडोर शो, रणबीर की शानदार मेहमाननवाजी, और हमने सतीश कौशिक, परेश रावल, भट्टी जी, सरोज खान, और कभी-कभी ऐश के साथ 'कैट्स,' 'फैंटम ऑफ द ओपेरा,' 'साउंड ऑफ म्यूजिक,' और कई अन्य शो देखे। वाह, क्या समय था!"

तमिल डेब्यू 'रूट' को लेकर उत्साहित अपारशक्ति खुराना, बताया बेहद खास प्रोजेक्ट

सिनेजीवन: रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के करीबी को मिली धमकी और सोनम कपूर के बेबी शॉवर में दिखी सनातन धर्म की झलक

एक्टर अपारशक्ति खुराना तमिल फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने को तैयार हैं। फिल्म 'रूट' में वह खास अंदाज में दिखेंगे, जिसमें उनके साथ गौतम राम कार्तिक लीड रोल में हैं। अपारशक्ति ने फिल्म के बारे में बात करते हुए बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके करियर के लिए बेहद खास है।

अभिनेता ने बताया कि उन्होंने डायरेक्टर सूर्यप्रताप की एक वेब सीरीज के देखी थी, जिससे वह प्रभावित हुए। इसलिए उनके साथ काम करने का फैसला किया। अपारशक्ति ने बताया कि ‘रूट’ उनके अब तक के सभी प्रोजेक्ट से बहुत अलग है। इस फिल्म पर काम करने का अनुभव शानदार रहा।

तमिल भाषा में एक्टिंग करने की चुनौती पर अपारशक्ति ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “ऐसी भाषा में एक्टिंग करना मुश्किल है जिसमें आप सोच नहीं रहे होते। पहले इंग्लिश में सोचना पड़ता था, फिर उसे तमिल में ट्रांसलेट करना पड़ता था और उसके बाद परफॉर्मेंस देनी पड़ती थी। इससे नेचुरल बिहेवियर और अभिनय में बदलाव आ जाता था।"


बदल गई है 'हंगामा' की अंजलि, फिल्में छोड़ रियल एस्टेट एजेंट बन कमा रही मोटा पैसा

सिनेजीवन: रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के करीबी को मिली धमकी और सोनम कपूर के बेबी शॉवर में दिखी सनातन धर्म की झलक

साल 2003 में रिलीज हुई हास्य फिल्म ‘हंगामा’ आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है। कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म ने दर्शकों को शुरुआत से अंत तक ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया था।

फिल्म की कहानी जितनी दिलचस्प थी, उसके किरदार भी उतने ही खास थे। हर पात्र की अपनी अलग दुनिया थी, लेकिन सभी किरदार एक-दूसरे से बखूबी जुड़े हुए थे। यही आपसी उलझनें और गलतफहमियां फिल्म को एक मजेदार मोड़ देती रहीं।

फिल्म के सभी कलाकारों ने अपनी अदायगी से दर्शकों का दिल जीता। खासकर भोली-भाली अंजलि का किरदार, जिसने अपनी सादगी और मासूमियत से लोगों को खूब प्रभावित किया। इस भूमिका को अभिनेत्री रिमी सेन ने निभाया था। हालांकि, लंबे समय से रिमी सेन बड़े पर्दे से दूर हैं। अभिनय की दुनिया से दूरी बनाने के बाद अब वह रियल एस्टेट के क्षेत्र में सक्रिय हैं और एक एजेंट के रूप में काम कर रही हैं।

फिल्म 'हंगामा' में नंदू और अंजलि की लव स्टोरी और सभी किरदारों की कॉमेडी ने हर बार दर्शकों का दिल जीता। फिल्म को जितनी बार देखा गया, उतनी बार दर्शक खुद को हंसने से रोक नहीं पाए। फिल्म में अंजलि का किरदार निभाने वाली रिमी सेन की भूमिका ने भी दर्शकों का दिल जीता, लेकिन हंगामा की रिमी सेन आज असल जिंदगी में बहुत बदल चुकी हैं। अभिनेत्री का चेहरा पहचान पाना बहुत मुश्किल हो गया है क्योंकि फिलर्स और बोटॉक्स ट्रीटमेंट की वजह से चेहरे की बनावट पहले जैसी नहीं रही है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ