सिनेजीवन: अक्षय कुमार असरानी को याद कर बोले- आप जैसा कोई नहीं और ऋषि कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर इमोशनल हुआ परिवार
अक्षय कुमार ने इस पोस्ट के जरिए असरानी के आखिरी शॉट साथ में करने पर आभार जताया। नीतू कपूर ने भी पति ऋषि कपूर को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनकी तस्वीर शेयर कर जन्मदिन की बधाई दी।

अक्षय कुमार ने शेयर की फिल्म 'हैवान' की क्लिप, असरानी को याद कर बोले- आप जैसा कोई नहीं
भारतीय फिल्म अभिनेता असरानी का निधन पिछले साल अक्टूबर में हो गया था। वह आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में नजर आएंगे। शुक्रवार को अभिनेता अक्षय कुमार ने असरानी के साथ स्क्रीन शेयर करने पर उनका आभार जताया। अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर फिल्म हैवान का एक छोटा-सा क्लिप शेयर किया, जिसमें असरानी अभिनय करते नजर आ रहे हैं।
अक्षय कुमार ने इस पोस्ट के जरिए असरानी के आखिरी शॉट साथ में करने पर आभार जताया। उन्होंने लिखा, "मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस महान कलाकार के साथ काम करने का मौका मिला और 'हैवान' में उनका आखिरी शॉट देखा। मिस यू असरानी जी आपके जैसा कोई नहीं हो सकता।"
अभिनेता असरानी आगामी फिल्म 'हैवान' में एक बहुत बूढ़े सुरक्षा गार्ड (वॉचमैन) की एक बेहद मजेदार और दिलचस्प भूमिका में नजर आएंगे। 'हैवान' उनके निधन के बाद आने वाली आखिरी फिल्मों में से एक है।
ऋषि कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर इमोशनल हुआ परिवार, नीतू-ऋद्धिमा ने किया याद

दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की जन्मतिथि 4 सितंबर को है। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्यों और इंडस्ट्री के लोगों ने अभिनेता को याद कर उनके व्यक्तित्व की सराहना की और उन्हें नम आंखों से याद किया।
निर्देशक सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर पुरानी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे नीतू और ऋषि कपूर के साथ नजर आ रहे हैं। निर्देशक ने ऋषि कपूर को याद कर फिल्म कर्ज से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया। उन्होंने लिखा, "साल 2010 में रात के ढाई बजे मेरे फोन की घंटी बजी। मैंने फोन उठाया तो दूसरी तरफ आवाज थी ऋषि कपूर की, वह बोले "साला, तुम क्या पिक्चर बनाया है!!" मैंने पूछा, "कौन सी? उन्होंने कहा, "अरे हमारी कर्ज, अभी फिर देखी। अब तू सो जा।" इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
सुभाष घई ने आगे लिखा, "ऐसा सिर्फ ऋषि कपूर ही कर सकते थे। कर्ज 1980 में बनी थी। आज उनके जन्मदिन पर मुझे याद आ रहा है कि वो 1972 से 1999 तक पर्दे पर सबसे चार्मिंग रोमांटिक जेन-जी स्टार हुआ करते थे। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाने शुरू किए और अपने करियर की दूसरी पारी में हर फिल्ममेकर को अपनी वर्सेटिलिटी से हैरान कर दिया।"
निर्देशक ने मजाकिया अंदाज में बताया कि ऋषि कपूर ऐसी सख्सियत थे, जिन्हें उनकी पत्नी नीतू कपूर ही संभाल सकती थीं। निर्देशक ने लिखा, "नीतू को सलाम है और मुझे ये जोड़ी बहुत पसंद है। हैप्पी बर्थडे चिंटू।"
ऋद्धिमा कपूर साहनी ने भी अपने पिता को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "जन्मदिन मुबारक पापा। आज आपके लिए सितारे थोड़ा और ज्यादा चमकेंगे, मैं आपको हर दिन याद करती हूं।
अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी पति ऋषि कपूर को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनकी तस्वीर शेयर कर जन्मदिन की बधाई दी।
दर्शकों के सिर चढ़ा 'मिर्जापुर: द मूवी' का खुमार, हर किरदार ने किया दमदार अभिनय

बहुप्रतीक्षित क्राइम एक्शन ड्रामा फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों और सोशल मीडिया पर काफी क्रेज देखने को मिल रहा था, जिसका असर सिनेमाघर के बाहर भी देखने को मिला।
फिल्म देखकर लौटे दर्शकों ने इसे फुल पैसा वसूल बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म के हर कलाकार ने अपने किरदार के साथ न्याय किया है, जिस वजह से फिल्म देखने में बिल्कुल बोरिंग नहीं लगी।
फिल्म देखने आए एक दर्शक ने कहा, "फिल्म बहुत अच्छी थी, सभी कलाकारों ने अच्छा काम किया है लेकिन मैं गुड्डु पंडित से ज्यादा कनेक्ट कर पाया हूं। उनकी कॉमेडी टाइमिंग काफी अच्छी थी। सभी कलाकारों ने अपने टाइमिंग और सीन के हिसाब से अच्छा ही काम किया है। सीरीज के मुकाबले फिल्म में आपको एक्शन और कहानी में थोड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा, जिसे देखकर बहुत मजा आएगा। मैं कहूंगा कि सभी को देखनी चाहिए जिन लोगों ने मिर्जापुर सीरीज देखी है उनके लिए तो नया मजा लेकर आई है फिल्म।"
नीति मोहन ने 'माहिया' को बताया प्यार और अपनापन बयां करने वाला गीत, बोलीं- इसमें सच्चा एहसास है

प्लेबैक सिंगर नीति मोहन अपनी सुरीली आवाज से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। उनकी आवाज में रिकॉर्ड किया गया नया गीत 'माहिया' जल्द आने वाली वेब सीरीज 'द रिवॉल्यूशनरीज' में सुनाई देगा। यह गाना सीरीज की प्रेम कहानी को आगे बढ़ाते हुए उसके मुख्य किरदारों के बीच पनप रहे प्यार, अपनापन और गर्मजोशी को खूबसूरती से सामने लाता है।
'माहिया' में सीरीज के मुख्य किरदार सचिंद्र नाथ सान्याल और प्रतिभा लाहिड़ी के बीच पनपते रोमांस को दिखाया गया है। सचिंद्र नाथ सान्याल का किरदार रोहित सराफ निभा रहे हैं, जबकि प्रतिभा लाहिड़ी के किरदार में प्रतिभा रांटा नजर आएंगी। गाने में दोनों के बीच बढ़ते रिश्ते और एक-दूसरे के प्रति पैदा हो रहे खास एहसास को जगह दी गई है।
'माहिया' एक लव सॉन्ग है, जो उस खुशी को बयां करता है, जब जिंदगी में कोई ऐसा शख्स आता है, जो आपके लिए सबसे ज्यादा मायने रखता है। गीत के बोल बार-बार इसी भावना को दिखाते हैं कि प्यार करने वाले के लिए उसकी मोहब्बत ही सब कुछ होती है।
'द ट्रेटर्स 2' की जीत पर क्रिस्टल डिसूजा ने खोला राज, बोलीं- 'ज्यादा सफाई देती तो पकड़ी जाती'

'द ट्रेटर्स सीजन 2' में क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने अपने खेल से सभी को चौंका दिया। उन्होंने शो में 'ट्रेटर्स' की भूमिका निभाते हुए न सिर्फ कई खिलाड़ियों को गलतफहमी में रखा, बल्कि आखिर तक खुद को बचाए रखा और विजेता बनकर बाहर निकलीं। अब शो के खत्म होने के बाद क्रिस्टल ने बताया है कि शुरुआत से ही उन्हें पता था कि अगर वह किसी सवाल पर जरूरत से ज्यादा सफाई देंगी या खुद को बचाने के लिए बहुत ज्यादा सफाई देने लगेंगी, तो उनका राज खुल सकता है।
क्रिस्टल ने अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए कहा, '''ट्रेटर' होना सुनने में भले ही बहुत शानदार लगता हो, लेकिन जब आपको हर दिन उन लोगों से झूठ बोलना पड़े, जिन्हें आप सच में पसंद करते हैं, तब इसकी असली मुश्किल समझ आती है। मैं शुरुआत से ही ट्रेटर थीं और इसलिए मुझे जल्दी समझ आ गया था कि ज्यादा बोलना या किसी आरोप पर तुरंत सफाई देना मुझे सबकी नजरों में ला सकता है।"
क्रिस्टल के कहा, ''इसी वजह से मैंने यह सीखने की कोशिश की कि कब बोलना है, कब चुप रहना है और कब सिर्फ मुस्कुराकर पीछे बैठ जाना है। शो के दौरान मुझ पर शक भी हुआ, आरोप भी लगे और कई बार दूसरे कंटेस्टेंट्स ने मुझे मुश्किल में डालने की कोशिश भी की, लेकिन मैं किसी तरह हर बार मुश्किल से निकलती चली गई।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
