सिनेजीवन: अमिताभ बच्चन समेत कई सितारों को मिली धमकी और दिल्ली में 30 अक्टूबर को ही होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट
30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके 'ऑरा इंडिया टूर' के शो को मंजूरी मिल गई है। ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर जलसा का जिक्र करते हुए 31 अक्टूबर और 27 नवंबर को कथित हमले की तारीखें बताई गई थीं।

दिल्ली में 30 अक्टूबर को ही होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट, मंजूरी मिलने के बाद खत्म हुआ सस्पेंस

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके 'ऑरा इंडिया टूर' के शो को मंजूरी मिल गई है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों के चलते कार्यक्रम की अनुमति पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें सामने आने लगी थीं।
अब बुकमायशो की टीम ने साफ किया है कि शो रद्द नहीं हुआ था, बल्कि इसकी अनुमति अस्थायी रूप से रोकी गई थी।
आयोजकों ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को संभालने से जुड़ी अतिरिक्त तैयारियों की जानकारी दी। इसके बाद कार्यक्रम की अनुमति पर दोबारा विचार किया गया और मंजूरी जारी कर दी गई।
बुकमायशो की टीम की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट के रद्द होने की खबरें सही नहीं हैं। इवेंट की मंजूरी को कुछ समय के लिए रोका गया था, न कि रद्द किया गया था। त्योहारों के मौसम में सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने इवेंट के आयोजक बुकमायशो लाइव से सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा था।
अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को लेकर मिली हमले की धमकी, खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया ईमेल

मुंबई में शुक्रवार को पुलिस को एक धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली। इस ईमेल में दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर 'जलसा' और सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ के नाम शामिल हैं। ईमेल में दोनों पर कथित हमले से जुड़ी बातें लिखी गई थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) इलाके के एक स्कूल को भेजा गया था। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और जांच शुरू की गई।
ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर जलसा का जिक्र करते हुए 31 अक्टूबर और 27 नवंबर को कथित हमले की तारीखें बताई गई थीं।
वहीं, दिलजीत दोसांझ का नाम 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कथित बम हमले के संदर्भ में लिखा गया था।
धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे थे। इसमें धमकी देने वाले ग्रुप के तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का नाम था। मैसेज में अलग-अलग जगहों और समय का जिक्र करते हुए संभावित हमलों की चेतावनी दी गई थी।
इसमें दोपहर 3 बजे मेयर के कार्यालय और दोपहर 1 बजे स्कूलों को निशाना बनाए जाने की बात भी लिखी गई थी। फिलहाल, पुलिस ईमेल की सत्यता और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है।
वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड' में रहस्य सुलझाती नजर आएंगी भूमिका गुरुंग, यति की कहानी के राज से उठेगा पर्दा

टीवी शो 'निमकी मुखिया' और 'निमकी विधायक' में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस भूमिका गुरुंग अब वेब सीरीज 'स्नो ब्राइड' के जरिए रहस्य और रोमांच से भरी दुनिया में नजर आएंगी। यह सीरीज हिमालय के एक दूरदराज गांव की कहानी है, जहां डर, अंधविश्वास और एक खौफनाक रहस्य लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं।
सीरीज में भूमिका पूर्वा नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जो गांव के लोगों की मान्यताओं पर आंख बंद करके भरोसा करने के बजाय सच जानने की कोशिश करती है।
भूमिका का कहना है कि इस सीरीज की खास बात यह है कि दर्शक भी उनकी तरह धीरे-धीरे रहस्य की परतों को समझेंगे और गांव के बारे में अपनी धारणाओं पर सवाल उठाएंगे। छह एपिसोड वाली इस सस्पेंस क्राइम ड्रामा सीरीज में भूमिका के साथ शिवम भार्गव, मानुल चुडासमा और इंद्रजीत मोदी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
पीयूष पांडे को याद कर छलका इला अरुण का दर्द, कहा- आप हर पल दिल में हो

अभिनेत्री और गायिका इला अरुण ने अपने भाई और दिग्गज विज्ञापन गुरु और लेखक पीयूष पांडे की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। अभिनेत्री ने बताया कि यह हफ्ता उनके परिवार के लिए कितना मुश्किल रहा है।
गायिका ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा, "प्यारे भाई पीयूष, यह हफ्ता हम सभी के लिए सबसे मुश्किल हफ्ता रहा है। आपको गए हुए लगभग एक साल होने जा रहा है। पूरे परिवार के लिए आप भगवान का दिया एक अनमोल तोहफा थे।"
गायिका ने अपने शब्दों के जरिए भाई के साथ गहरे रिश्ते और उनकी पहली पुण्यतिथि नजदीक आने के दर्द को बयां किया। उन्होंने लिखा, "जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, दिन और भारी होते जा रहे हैं। आप हर पल मेरे दिल में हो, तुम्हारी बहन इला अरुण।"
पिता दलेर मेहंदी के विवाद पर बेटे गुरदीप मेहंदी ने कहा- वो फर्स्ट क्लास हैं

गायक गुरदीप मेहंदी ने उत्तराखंड में नवरात्रि कार्यक्रम में अपने पिता दलेर मेहंदी के परफॉर्मेंस को लेकर हुए विवाद के बीच उनकी सेहत के बारे में बात की। गुरदीप ने बताया कि उनके पिता की तबीयत पहले से बेहतर है।
गुरदीप मेहंदी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में पिता दलेर मेहंदी को लेकर चल रहे विवाद पर बात करने से इनकार किया। उन्होंने कहा, "वो अभी पहले से बेहतर हैं।"
बता दें कि 18 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि के मौके पर उत्तराखंड में सालाना सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन और विकास मेले में दलेर मेहंदी मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी परफॉर्मेंस रुकवा दी थी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
