'गुस्सा, निराशा और बेबसी', मुंबई कॉन्सर्ट में शिल्पा राव के साथ हुए व्यवहार पर भड़के पति रितेश
दरअसल, 24 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आयोजित 'बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट' की 10वीं वर्षगांठ के दौरान लाइव परफॉर्मेंस के बीच गायिका शिल्पा राव का माइक और ऑडियो सिस्टम अचानक बंद कर दिया गया था।

गायिका शिल्पा राव के साथ हुए दुर्व्यवहार के बाद उनके पति रितेश कृष्णन ने नाराजगी जाहिर की।
रितेश बोले- स्टेज पर पत्नी को बेइज्जत होते देख उन्हें गुस्सा, निराशा और बेबसी महसूस हो रही है।
लाइव परफॉर्मेंस के बीच गायिका शिल्पा राव का माइक और ऑडियो सिस्टम अचानक बंद कर दिया गया था।
मुंबई कॉन्सर्ट में मशहूर गायिका शिल्पा राव के साथ हुए दुर्व्यवहार के बाद उनके पति रितेश कृष्णन ने नाराजगी जाहिर की और पत्नी के सपोर्ट में सामने आए। उनका कहना है कि स्टेज पर पत्नी को बेइज्जत होते देख उन्हें गुस्सा, निराशा और बेबसी महसूस हो रही है।
दरअसल, 24 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आयोजित 'बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट' की 10वीं वर्षगांठ के दौरान लाइव परफॉर्मेंस के बीच गायिका शिल्पा राव का माइक और ऑडियो सिस्टम अचानक बंद कर दिया गया था।
शिल्पा राव ने घटना पर क्या कहा?
पत्नी के साथ हुए इस तरह के व्यवहार को देखते हुए उनके पति रितेश कृष्णन ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मुझे गुस्सा आया, निराशा हुई, उस समय मैं बेबस महसूस कर रहा था और सबसे ज्यादा दुख इस बात का हुआ कि जिसे मैं इतना प्यार और सम्मान करता हूं, उसे इस हालत से गुजरते हुए देखना पड़ा।"
उन्होंने आगे लिखा, "लोग शिल्पा राव को खूबसूरत गानों की आवाज के तौर पर जानते हैं, लेकिन मैं उस आवाज के पीछे के इंसान को जानता हूं। मैं जानता हूं कि उनके लिए उनके दर्शक और फैंस कितने मायने रखते हैं और अपनी पत्नी की इतनी बेइज्जती होते देखना मैं कभी नहीं भूलूंगा। बीएमपी, आपकी पीआर टीम मुंबई को यह समझाने के लिए दिन-रात काम कर रही है कि उसने जो देखा, वह देखा ही नहीं। वाह।"
क्या है मामला?
शो के दौरान गायिका अपना गाना पूरा करने के बाद दर्शकों का शुक्रिया अदा कर रही थीं, तभी उनकी बात को बीच में ही काट दिया गया और अन्य कलाकारों को बुला लिया गया था। हालांकि, आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम तय समय से काफी पीछे चल रहा था और वेन्यू के नियमों का पालन करने के कारण ऐसा करना पड़ा, क्योंकि पिछले कलाकारों की परफॉर्मेंस में देरी हुई थी।
आयोजकों पर भड़के रितेश
आयोजकों के इस तरह के बयान पर टिप्पणी करते हुए गायिका शिल्पा राव के पति रितेश कृष्णन ने लिखा, "और सबसे बढ़कर, एक साथी कलाकार को अपने दर्शकों को अलविदा कहने के लिए सिर्फ दो मिनट देने से इनकार करना स्वार्थी, घटिया, बेशर्म और बिल्कुल ही ओछी हरकत थी। उन सभी लोगों का शुक्रिया जिन्होंने इस वक्त उनका साथ दिया।"
अपनी पत्नी की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा, "शिल्पा, मुझे तुम पर बेहद गर्व है। मुंबई, हम वापस आएंगे। आपका प्यार एक खूबसूरत अंत का हकदार है और हम आपके कर्जदार हैं।"
शिल्पा ने भी लिया था सोशल मीडिया का सहारा
शिल्पा ने भी इस घटना पर अपनी निराशा जाहिर करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया था। वहीं, फैंस ने भी सोशल मीडिया के जरिए सिंगर की परफॉर्मेंस को इस तरह अचानक खत्म किए जाने पर काफी निराशा जताई है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
