सिनेजीवन: RCB की जीत पर अनुष्का ने विराट कोहली को किया किस और दिशा के डांस के बीच अक्षय ने कैटरीना को किया याद
अनुष्का शर्मा ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन में इमोजी के जरिए अपने इमोशन्स जाहिर किए। फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का गाना 'ऊंचा लंबा कद फॉरएवर' रिलीज कर दिया गया है।

आरसीबी की जीत पर अनुष्का शर्मा ने विराट कोहली को किया किस, गौहर खान समेत कई सेलेब्स ने लुटाया प्यार
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत का जश्न अभी भी सोशल मीडिया पर जारी है। इस बीच अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक खास तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह विराट के माथे पर प्यार से किस करती नजर आ रही हैं। इस दौरान विराट अपने हाथों में आईपीएल ट्रॉफी थामे हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों के चेहरे पर जीत की खुशी साफ नजर आ रही है।
अनुष्का शर्मा ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन में इमोजी के जरिए अपने इमोशन्स जाहिर किए। उन्होंने विनर, हार्ट और हाथ जोड़ने वाले इमोजी का इस्तेमाल किया। अभिनेत्री का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
तस्वीर में विराट कोहली रेड कलर की आरसीबी जर्सी में नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में चमचमाती ट्रॉफी दिखाई दे रही है, जबकि अनुष्का लाइट ब्लू कलर की शर्ट और जींस में दिखाई दे रही हैं। बैकग्राउंड रेड रखा गया, जिससे तस्वीर की खूबसूरती और बढ़ गई है।
इस पोस्ट को लाखों लोग पसंद कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में प्यार बरसा रहे हैं। फैंस के साथ-साथ सितारे भी उनकी तारीफ कर रहे हैं। गायिका नीति मोहन, अभिनेत्री गौहर खान और आंचल मुंजाल समेत कई लोग कमेंट में जीत के जश्न का हिस्सा बन रहे हैं।
अकेले रहना उतना मुश्किल नहीं है, जितना अक्सर लोग समझते हैं : काइली मिनोग

पॉप म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकीं काइली मिनोग एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना या कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी को लेकर किया गया खुलासा है।
उन्होंने हाल ही में अपने रिश्तों, प्यार और अकेलेपन को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनकी जिंदगी में कोई बॉयफ्रेंड नहीं है। अब वह जीवन के उस दौर में हैं, जहां वह गलत इंसान के साथ रिश्ता रखने के बजाय अकेले रहना ज्यादा पसंद करती हैं।
'द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' से बातचीत के दौरान काइली ने कहा, ''इस समय मेरा कोई बॉयफ्रेंड नहीं हैं। कुछ समय पहले मैं एक रिलेशनशिप में थीं, लेकिन जब वह खत्म हुआ तो मुझे यह समझ आया कि मैं अपने दम पर भी खुश रह सकती हूं। अकेले रहना उतना मुश्किल नहीं है, जितना अक्सर लोग समझते हैं।''
उन्होंने कहा, ''उस रिश्ते के खत्म होने के बाद मुझे खुद के साथ समय बिताने का मौका मिला और तब मुझे एहसास हुआ कि मैं बिना किसी साथी के भी खुश रह सकती हूं। उम्र और अनुभव के साथ मेरी सोच बदल गई है। अब मैं लोगों को परखने में ज्यादा सावधानी बरतती हूं। मैं पहले की तुलना में काफी ज्यादा चुनिंदा हो गई हैं और किसी भी व्यक्ति को अपनी जिंदगी में जगह देने से पहले उसे अच्छी तरह समझना चाहती हूं।''
'ऊंचा लंबा कद फॉरएवर' रिलीज, दिशा के डांस के बीच अक्षय ने कैटरीना को किया याद

अभिनेत्री कैटरीना कैफ भले ही लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है। फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का गाना 'ऊंचा लंबा कद फॉरएवर' रिलीज कर दिया गया है, जिसने एक बार फिर सभी को नॉस्टैल्जिया का अहसास करवाया। गाने में कैटरीना की कमी जहां फैंस को महसूस हुई, वहीं अभिनेता अक्षय कुमार भी उन्हें याद करते नजर आए।
गाने के अंत में अक्षय ने कैटरीना को लेकर ऐसी बात कही, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।
दरअसल, फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का गाना 'ऊंचा लंबा कद फॉरएवर' सोमवार को रिलीज कर दिया गया। गाने में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ दिशा पाटनी नजर आ रही हैं। नए वर्जन वाले गाने में अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री दिशा पाटनी शानदार डांस मूव्स करते नजर आ रहे हैं।
हालांकि, यह गाना साल 2007 में आई फिल्म 'वेलकम' के गाने 'ऊंचा लंबा कद' का रीमिक्स वर्जन है, जिसे नए तरीके से रीक्रिएट किया गया है। इस रीमिक्स ट्रैक पर दुबई में अक्षय कुमार और दिशा पाटनी का एक डांस सीक्वेंस फिल्माया गया है। गाने के आखिरी में, अभिनेता कैटरीना को याद करते हुए बोलते हैं, "कैटरीना हम तुम्हें याद कर रहे हैं।"
'भाई ने मेरा हाथ थामकर साथ में डांस किया था', दिव्या दत्ता ने याद किया अपना पहला नेशनल अवार्ड

अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने भारतीय सिनेमा में अपने बहुमुखी अभिनय से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है। उन्हें वर्ष 2018 में फिल्म 'इरादा' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। सोमवार को अभिनेत्री ने इस खास पल को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पुरस्कार प्राप्त करती नजर आ रही हैं। साथ ही, वीडियो में फिल्म 'इरादा' में उनके द्वारा निभाए गए पंजाब की मुख्यमंत्री के किरदार की कुछ झलकियां भी शामिल हैं।
अभिनेत्री ने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, "यह पल मेरे लिए बहुत खास था। फिल्म 'इरादा' के लिए मिला मेरा पहला राष्ट्रीय पुरस्कार आज भी यादगार है। मुझे याद है कि उस खुशी के मौके पर मेरे भाई ने मेरा हाथ थामकर मेरे साथ डांस किया था।"
अभिनेत्री ने बताया कि इस फिल्म ने उन्हें अपनी मां के निधन के गम से उबरने में काफी मदद की थी। उन्होंने उस दौर को याद करते हुए लिखा, "'इरादा' वह पहली फिल्म थी, जिसकी शूटिंग मैंने मां के जाने के बाद की थी। उस समय मैं भावनात्मक रूप से काफी टूट चुकी थी, लेकिन इस फिल्म ने मुझे उस मुश्किल दौर से बाहर निकलने में बहुत मदद की। इन यादों को साझा करने के लिए दिव्या संचारि का दिल से धन्यवाद।"
सुभाष घई ने साले परवेज फारूकी को दी जन्मदिन की बधाई, बोले- 'भाग्यशाली हूं जो ऐसा ससुराल मिला'

मशहूर निर्देशक सुभाष घई की पत्नी के भाई और उनकी प्रोडक्शन कंपनी मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड के गैर-कार्यकारी निदेशक परवेज फारूकी सोमवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर निर्देशक ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
निर्देशक ने इंस्टाग्राम पर परिवार के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "जब आपके पास एक अच्छा परिवार होता है, तो जीवन में आगे बढ़ने की ताकत मिलती है, लेकिन जब ससुराल का परिवार भी उतना ही अच्छा हो, तो जीवन और भी खुशहाल और सफल बन जाता है।"
निर्देशक ने अपनी इस पोस्ट के जरिए परवेज फारूकी को जन्मदिन की बधाई देने के साथ-साथ उनकी जमकर सराहना भी की। उन्होंने लिखा, "मेरे साले परवेज फारूकी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने 1978 में आई मुक्ता आर्ट्स की पहली फिल्म 'कर्ज' से लेकर आज तक कंपनी के साथ पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से काम किया है।"
उन्होंने आगे लिखा, "हम खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि हमारे साथ राजू फारूकी जैसे बेहतरीन निर्माता और राहुल पुरी जैसे दामाद हैं, जो वर्तमान में मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) हैं। हमें उन पर गर्व है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
