सिनेजीवन: आशीर्वाद सिनेमा ने जारी की चेतावनी और अभिनेता संतोष नायर का कार एक्सीडेंट में निधन
आशीर्वाद सिनेमा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट एक पब्लिक नोटिस जारी किया है। मलयालम सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता संतोष नायर का मंगलवार को सड़क दुर्घटना के बाद निधन हो गया।

फर्जी कास्टिंग कॉल्स से सावधान! आशीर्वाद सिनेमा ने जारी की चेतावनी, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का सपना देखने वाले लाखों लोगों के लिए कास्टिंग कॉल और ऑडिशन एक बड़ा मौका होते हैं, लेकिन इसी सपने की आड़ में कुछ ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसी बीच मशहूर प्रोडक्शन हाउस आशीर्वाद सिनेमा ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
दरअसल, आशीर्वाद सिनेमा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट एक पब्लिक नोटिस जारी किया है। इस पोस्ट में कहा गया, ''कुछ अनजान लोग हमारे नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और फर्जी कास्टिंग और ऑडिशन से जुड़े मैसेज लोगों तक पहुंचा रहे हैं। यह पूरी तरह से धोखाधड़ी का हिस्सा है.''
पोस्ट के लिखा, ''आशीर्वाद सिनेमा ने किसी भी व्यक्ति, एजेंसी या संस्था को कास्टिंग कॉल, ऑडिशन, भर्ती प्रक्रिया या पैसे लेने से जुड़ी किसी भी गतिविधि के लिए अधिकृत नहीं किया है। अगर कोई व्यक्ति हमारे नाम पर पैसे मांगता है या ऑडिशन का झांसा देता है तो वह पूरी तरह से फर्जी है। कंपनी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और जांच शुरू कर दी गई है।''
कंपनी ने साफ किया है कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, ''ऐसे फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिसमें सिविल और क्रिमिनल प्रोसीडिंग्स दोनों तरह की कार्रवाई शामिल हो सकती है।''
आशीर्वाद सिनेमा ने आम जनता को भी सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, ''लोग ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें, जो हमारे नाम से भेजा जा रहा हो, लेकिन आधिकारिक माध्यम से न आया हो। अगर कोई व्यक्ति ऐसे मैसेज के आधार पर किसी से संपर्क करता है या पैसे देता है, तो इसका जोखिम उसे खुद उठाना होगा। हमारे ओर से कोई भी असली जानकारी केवल सत्यापित और आधिकारिक माध्यमों के जरिए ही दी जाएगी।''
टीवी अभिनेता राहुल सिंह तोमर साइबर ठगी का शिकार, बैंक खाते से 85 हजार रुपए गायब

मुंबई में साइबर अपराध के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में अब प्रसिद्ध टीवी अभिनेता राहुल सिंह तोमर भी इस ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने बड़ी चालाकी से अभिनेता को निशाना बनाया और उनके बैंक अकाउंट से 85 हजार रुपए निकाल लिए। हालांकि, समय रहते अकाउंट को ब्लॉक कर देने से एक बड़ी रकम बचा ली गई।
इस मामले में मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय राहुल सिंह तोमर मूल रूप से मध्य प्रदेश के पीथमपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित अंबोली इलाके में रह रहे हैं। वे लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और कई लोकप्रिय सीरियल्स और वेब सीरीज में काम कर चुके हैं। घटना उस समय हुई, जब उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनसे उनके नाम, पते और पेशे से जुड़ी जानकारी ली। चूंकि राहुल अभिनय क्षेत्र से जुड़े हैं, इसलिए उन्होंने इसे काम से जुड़ा कॉल समझा और बिना किसी संदेह के सामान्य जानकारी साझा कर दी। इसके बाद महज आधे घंटे के भीतर राहुल के मोबाइल पर बैंक अकाउंट से 85,000 रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया।
शूटिंग के दौरान बहुत गंभीर, भावुक और समझदार रहते हैं विक्रम फडनीस : मनीष पॉल

अभिनेता मनीष पॉल जल्द ही विक्रम फडनीस की नई फिल्म में नजर आएंगे। मनीष ने बताया कि वह विक्रम को 10 साल से भी ज्यादा समय से जानते हैं। उनके मुताबिक, शूटिंग के दौरान विक्रम एक अलग ही इंसान होते हैं। वे अपने काम को लेकर बहुत गंभीर, भावुक और समझदार रहते हैं।
मनीष ने सेट से ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की, जिसमें वह फडनीस और अभिनेत्री सैयामी खेर नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में ताहिर राज भसीन भी हैं।
उन्होंने लिखा, “मैं विक्रम फडनीस को एक दशक से भी ज्यादा समय से जानता हूं। हमारी बातचीत हमेशा बहुत मज़ेदार और थोड़ी पागलपन भरी होती थी। सेट पर वह बिल्कुल अलग इंसान होते हैं। पूरी तरह अपने काम के प्रति समर्पित, भावनाओं से भरे हुए, समझदार और एक पेशेवर निर्देशक जैसी सोच रखने वाले।”
उन्होंने लिखा, “तुम पर बहुत गर्व है, विक्रम (मैं यह बात फिर कभी नहीं कहूंगा)। और इस रोल और इस फिल्म के लिए तुम्हारा शुक्रिया! सेट पर बिताया हर पल मुझे बहुत पसंद आया। अब मैं और इंतज़ार नहीं कर सकता कि दर्शक वह जादू देखें जो तुमने रचा है।”
आदिवी शेष अब करेंगे रोमांस, दो नई रोमांटिक फिल्मों का ऐलान कर बोले- 'एक ही जोन में नहीं रहना चाहता'

फिल्म अभिनेता अदिवी शेष ने इंडस्ट्री में अपनी पहचान एक्शन और थ्रिलर फिल्मों के दम पर बनाई है। हाल ही में वह फिल्म 'डकैत' में नजर आए, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। अब वह अपने करियर में एक नया मोड़ लेते हुए रोमांटिक फिल्मों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने दो नई रोमांटिक फिल्मों को साइन किया है। बताया जा रहा है कि ये फिल्में उनके अभिनय के एक बिल्कुल अलग पहलू को दर्शकों के सामने लाने वाली हैं।
इन दो फिल्मों में से पहली फिल्म का निर्देशन साई मार्तंड कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी पहली तेलुगु फिल्म 'लिटिल हार्ट्स' से बड़ी सफलता हासिल की थी। इस फिल्म की कामयाबी के बाद अब दर्शकों को उनकी अगली फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं। ऐसे में आदिवी शेष का इस प्रोजेक्ट से जुड़ना इसे और खास बना देता है। कहा जा रहा है कि यह फिल्म एक लव स्टोरी होगी।
अपने हालिया प्रोजेक्ट 'डकैत' के बारे में बात करते हुए आदिवी शेष ने कहा, ''यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास रही है। इस फिल्म को दर्शकों से जो प्यार मिला, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं एक अभिनेता के तौर पर खुद को किसी एक तरह के किरदार में सीमित नहीं रखना चाहता। मेरा मानना है कि कलाकार को हमेशा नई चुनौतियों को स्वीकार करना चाहिए और खुद को अलग-अलग भूमिकाओं में आजमाना चाहिए।''
केरल : अभिनेता संतोष नायर का कार एक्सीडेंट में निधन, मोहनलाल ने कहा- असमय जाना खलेगा

मलयालम सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता संतोष नायर का मंगलवार को सड़क दुर्घटना के बाद निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। अपने दोस्त के निधन पर अभिनेता मोहनलाल ने दुख जताया है।
यह दुर्घटना केरल के पतनमथिट्टा जिले के अडूर के पास एनाथु इलाके में सुबह करीब 6:30 बजे हुई, जिस कार में संतोष नायर पत्नी शुभाश्री के साथ यात्रा कर रहे थे, वह बेकाबू होकर एक पार्सल लॉरी से टकरा गई।
इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी शुभाश्री और लॉरी चालक भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
संतोष नायर मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार मोहनलाल के बेहद करीबी दोस्त थे। उनके निधन की खबर मिलते ही मोहनलाल आहत नजर आए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर शोक व्यक्त करते हुए मोहनलाल ने लिखा, “आज सुबह मुझे बहुत दुखद खबर मिली। मेरे प्यारे संतोष, जो मेरे बहुत करीब थे, एक कार एक्सीडेंट में गुजर गए।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
