सिनेजीवन: राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद और अरिजीत सिंह को बाबुल सुप्रियो ने बताया 'बेहतरीन इंसान'
समाज सेवा में बड़ा योगदान देने वाले सोनू सूद ने अब इंडस्ट्री के लोगों की मदद करने का फैसला लिया है। गायक बाबुल सुप्रियो ने अरिजीत को ‘इंटेलिजेंट आदमी’ बताते हुए कहा कि उनके फैसले के पीछे गहरा सोच-विचार है और फैंस को उन पर भरोसा रखना चाहिए।

इंडस्ट्री से एकजुट होने की अपील: राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद
हिंदी सिनेमा में दशकों से दर्शकों को हंसाने वाले राजपाल यादव तिहाड़ जेल हैं क्योंकि अभिनेता 5 करोड़ रुपए का लोन चुकाने में असमर्थ रहे।
6 फरवरी को कोर्ट के आदेश के बाद अभिनेता आत्मसमर्पण कर चुके हैं लेकिन अब अभिनेता सोनू सूद ने आगे आकर राजपाल यादव की मदद करने की ठानी है और इंडस्ट्री के बाकी लोगों से भी एकजुटता की अपील की है।
समाज सेवा में बड़ा योगदान देने वाले सोनू सूद ने अब इंडस्ट्री के लोगों की मदद करने का फैसला लिया है। अभिनेता इस बात से बहुत दुखी हैं कि दशकों से सबको गुदगुदाने वाला अभिनेता पैसों की तंगी से जूझ रहा है और जेल की सलाखों के पीछे है। अभिनेता को सपोर्ट करते हुए सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं जिन्होंने वर्षों तक हमारे उद्योग को अविस्मरणीय योगदान दिया है। कभी-कभी जीवन अन्यायपूर्ण हो जाता है, प्रतिभा की वजह से नहीं, बल्कि समय के क्रूर होने की वजह से।"
उन्होंने आगे लिखा, "वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे, और मेरा मानना है कि यह हम सभी के लिए निर्माताओं, निर्देशकों, सहकर्मियों के लिए एकजुट होने का क्षण है। भविष्य के कार्यों के बदले समायोजित की जाने वाली एक छोटी सी साइनिंग राशि दान नहीं, बल्कि सम्मान है। जब हमारे अपने किसी व्यक्ति को कठिन दौर से गुजरना पड़ता है, तो इंडस्ट्री को उसे यह याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इसी तरह हम यह दिखा सकते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री से कहीं अधिक हैं।"
अरिजीत सिंह को बाबुल सुप्रियो ने बताया 'बेहतरीन इंसान', रिटायरमेंट के फैसले पर बोले शान- थोड़ा सब्र रखें

प्लेबैक सिंगिंग से दूर जाने के अपने फैसले को लेकर चर्चा में छाए अरिजीत सिंह पर आम जनता के साथ ही फिल्म जगत के तमाम सितारे भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच गायक बाबुल सुप्रियो ने अरिजीत को ‘इंटेलिजेंट आदमी’ बताते हुए कहा कि उनके फैसले के पीछे गहरा सोच-विचार है और फैंस को उन पर भरोसा रखना चाहिए। वहीं, गायक शान ने कहा कि फैंस को सब्र रखना चाहिए।
आईएएनएस से खास बातचीत में बाबुल सुप्रियो ने कहा, “मेरा मानना है कि अरिजीत एक इंटेलिजेंट आदमी हैं। वह बहुत टैलेंटेड और हमारे अब तक के सबसे बेहतरीन सिंगर्स में से एक हैं। जो व्यक्ति अपनी कला को इतने खूबसूरत तरीके से पेश कर सकता है, वह अपनी भावनाओं को एक्शन में बदलने में भी सक्षम है। इसलिए निश्चित रूप से उन्होंने अपने फैसले के पीछे बहुत विचार किया होगा।”
सुप्रियो ने प्रशंसकों से अपील की कि इस मुद्दे पर शोर मचाने के बजाय चुपचाप इंतजार करें। उन्होंने कहा, “हमारे लिए जरूरी है कि हम इस बारे में ज्यादा हल्ला न करें। बस इंतजार करें और देखें कि भविष्य में अरिजीत हमारे लिए क्या नई चीजें लेकर आते हैं। हम सब उनसे बहुत प्यार करते हैं, बस यही काफी है।”
इसी तरह सिंगर शान ने भी फैंस से सब्र रखने की सलाह दी। आईएएनएस से बात करते हुए शान ने कहा कि इंटरनेट पर लोग हर बात को लाइनों के बीच पढ़ने की कोशिश कर रहे हैं और अपनी-अपनी थ्योरी बना रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज पूरे इंटरनेट पर लोग अरिजीत के फैसले की वजह समझने की कोशिश कर रहे हैं। हर कोई अपनी सोच और थ्योरी लेकर आ रहा है। बस थोड़ा सब्र रखें। हो सकता है कि अरिजीत खुद सही समय पर बताएं कि उन्होंने यह फैसला क्यों लिया। तब तक दूसरे मुद्दों पर चर्चा करें।”
अंकिता लोखंडे ने मां के जन्मदिन पर लुटाया प्यार, भावुक नोट में लिखा- "शब्द कम हैं, पर आप मेरी ताकत हो"

टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री अंकिता लोखंडे की मां मंगलवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर अभिनेत्री ने मां के लिए खास अंदाज में इंस्टाग्राम पर मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपनी मां को ताकत और सबसे अच्छी दोस्त बताया।
अभिनेत्री ने वीडियो के साथ एक भावुक नोट लिखा, "मेरी मां, कभी-कभी शब्द कम पड़ जाते हैं, लेकिन आज मैं अपने दिल की हर बात कहना चाहती हूं। मां, मैं ज्यादा बोलकर नहीं जताती, पर आप जैसी मां बहुत कम होती हैं।"
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि उनकी मां अपने बच्चों के साथ सभी का खास ख्याल रखती हैं। उन्होंने लिखा, "अर्पण, विक्की, आदि, निकिता, आशु, तनमय, पूनम, मुद्गधा और अब अद्वैत, मां सभी को बराबर और बहुत ज्यादा प्यार करती हैं। उनका प्यार कभी बंटता नहीं और कभी कम भी नहीं होता है।"
अंकिता का मानना है कि वह आज जो कुछ भी हैं, उनकी मां के संस्कार, ताकत और सफलता के कारण हैं। उन्होंने लिखा, "अब मैं और मां पहले जैसा समय साथ में नहीं बिता पाते हैं। जिम्मेदारियां, जिंदगी और मुंबई का शहर हमें मिलने से रोकता है, लेकिन हर दिन मैं ईश्वर का शुक्रिया अदा करती हूं कि मुझे ऐसी मां मिली।"
अंकिता ने लिखा, "मां ने मुझे, अर्पण और विक्की को बहुत प्यार से संभाला और आज भी कभी थकती नहीं, कभी शिकायत नहीं करतीं। हमेशा मुस्कुराती रहती हैं, हौसला देती हैं और परिवार को जोड़कर रखती हैं।
शिल्पा शेट्टी ने पेरेंट्स के लिए शेयर किया वीडियो, इंटरनेट एडिक्शन पर की बात

इंटरनेट या सोशल मीडिया आज के समय बच्चे और माता-पिता दोनों के लिए बड़ी परेशानी बनकर उभर रही हैं। बच्चे इंटरनेट के इतने आदी हो चुके हैं कि खाना भी बिना फोन के खाना मुश्किल हो गया है।
परिस्थिति इतनी खराब है कि इंटरनेट गेम्स की वजह से बच्चों की जान भी जा रही है, लेकिन अब इसी समस्या पर सबका ध्यान खींचते हुए अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने माता-पिता से खास अपील की है। उन्हें कुछ ऐसे टिप्स बताएं हैं, जिससे बच्चों को इंटरनेट की लत लगने से रोका जा सकता है।
'सेफर इंटरनेट डे' पर शिल्पा शेट्टी ने आज के माता-पिता के लिए एक हेल्पफुल वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बच्चों पर कंट्रोलिंग किए बिना धीरे-धीरे इंटरनेट यूज की आदत को कम किया जा सकता है। शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, "आज के दिन मैं इस मुद्दे पर अपने दिल से बात करना चाहती हूं, न सिर्फ एक सेलिब्रिटी होने की वजह से बल्कि एक मां होना इसके पीछे का बड़ा कारण है। इंटरनेट इस वक्त की सबसे शक्तिशाली शक्ति है, जिसका उपयोग हर कोई कर रहा है। इंटरनेट क्रिएटिविटी की आजादी देता है लेकिन साथ ही इसके नुकसान भी हैं। इंटरनेट की वजह से युवा और नन्हें बच्चों के दिमाग पर उन चीजों का असर पड़ रहा है, जिनके बारे में जानना भी उनके लिए जरूरी नहीं है।"
माता-पिता को सलाह देते हुए अभिनेत्री ने आगे कहा, "माता-पिता का काम है कि वह टेक्नोलॉजी और बच्चों के बीच संतुलन स्थापित करें, लेकिन सवाल है कि करें कैसे। सबसे पहले अपने बच्चे पर ध्यान दें कि वह इंटरनेट पर क्या देख रहा है या स्क्रॉल कर रहा है और उससे बात करने की कोशिश करें कि उसके मन में क्या चल रहा है क्योंकि बच्चे किसी चीज के बारे में जानने के लिए उत्सुक होते हैं तो इंटरनेट का सहारा लेते हैं।"
स्क्रिप्ट पर भरोसा अब भी बरकरार, सोशल मीडिया से फर्क नहीं पड़ता : बरुण सोबती

एक्टर बरुण सोबती की वेब सीरीज 'कोहरा' का दूसरा सीजन 11 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर के लिए तैयार है। इस बीच उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में बदलाव बहुत आए हैं, लेकिन अच्छी स्क्रिप्ट की ताकत पर उनका विश्वास बरकरार है। सोशल मीडिया और डिजिटल दौर में भी वे काम की क्वालिटी पर फोकस करते हैं।
बरुण ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “दुनिया बहुत बदल गई है और सोशल मीडिया का जमाना है, लेकिन मेरा नजरिया वही है। मैं शुरू से स्क्रिप्ट पर भरोसा करता था और आज भी करता हूं। पहले अच्छी स्क्रिप्ट्स कम मिलती थीं, लेकिन अब समय आ गया है कि वे मुझे मिल रही हैं। इसलिए सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है, इससे मुझे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता।”
प्रासंगिक बने रहने के बारे में बरुण ने खुद की जागरूकता और पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “प्रासंगिक रहने के लिए आपको अपनी काबिलियत का इस्तेमाल जिंदगी भर करना होगा। खुद की तुलना दूसरों से नहीं करनी चाहिए। बल्कि यह समझना जरूरी है कि आप कहां सबसे अच्छे फिट होते हैं और आपका टैलेंट कहां सबसे बेहतर इस्तेमाल हो सकता है। अगर यह नहीं पता तो किसी भी काम का मतलब नहीं।”
बरुण फिलहाल अपनी वेब सीरीज 'कोहरा' के दूसरे सीजन की तैयारी में जुटे हैं। नेटफ्लिक्स पर 11 फरवरी से स्ट्रीम होने वाले इस नए चैप्टर में बरुण तेज-तर्रार इन्वेस्टिगेटर 'अमरपाल गरुंडी' का रोल दोबारा निभा रहे हैं। इस बार वह मोना सिंह के किरदार वाली नई ऑफिसर के साथ मिलकर महिला से जुड़ी डार्क मर्डर मिस्ट्री सुलझाते नजर आएंगे। सीरीज में रणविजय सिंह भी शामिल हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia