सिनेजीवन: बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत और जैकलीन फर्नांडिस का एआई अवतार लॉन्च

बादशाह ने कहा, ''फेम एक किराए का मकान है। उसे एक दिन खाली करना होगा।" जैकलीन फर्नांडिस अब एक नए डिजिटल अंदाज में अपने फैंस से जुड़ने जा रही हैं।

बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत
i

'फेम किराए का मकान है, एक दिन खाली करना होगा', बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत

म्यूजिक इंडस्ट्री में रैपर बादशाह ने कई हिट गाने दिए और देशभर में बड़ी फैन फॉलोइंग बनाई। हाल ही में बादशाह अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन के चैट शो 'शेखर टुनाइट' में बतौर गेस्ट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोकप्रियता, एक कलाकार की जिम्मेदारी और शोहरत की दुनिया को लेकर अपनी सोच साझा की है। 

उन्होंने कहा कि जब कोई कलाकार अपने करियर की शुरुआत करता है, तो वह सिर्फ अपनी रचनात्मकता और जुनून के साथ आगे बढ़ता है, लेकिन जैसे-जैसे उसकी पहचान बढ़ती है, वैसे-वैसे उसके शब्दों और काम का असर भी बढ़ने लगता है। ऐसे में एक कलाकार के लिए सामाजिक जिम्मेदारी को समझना बेहद जरूरी हो जाता है।

बादशाह ने कहा, ''अगर कोई व्यक्ति हर समय परेशानियों के बारे में सोचता रहेगा तो उसे हर तरफ मुश्किलें ही नजर आएंगी, लेकिन अगर वह अपने काम पर ध्यान देता है तो चीजें आसान हो जाती हैं। जब आप एक लेखक या कलाकार के तौर पर शुरुआत करते हैं, तो आपको एहसास नहीं होता कि उसके लिखे हुए शब्दों को लोग किस तरह समझेंगे और उसका समाज पर क्या असर पड़ेगा। बस मजा आ रहा होता है।''

बादशाह ने कहा, ''फेम एक किराए का मकान है। उसे एक दिन खाली करना होगा। यह आपको मिलता है, आप इसे एंजॉय करो, लेकिन इस पर खुद को ज्यादा खर्च मत करो। यह किराए का मकान है, आपको इसे छोड़ना पड़ेगा।''

कोलकाता के दक्षिणेश्वर मंदिर में काजोल ने टेका माथा, मां काली से लिया आशीर्वाद

सिनेजीवन: बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत और जैकलीन फर्नांडिस का एआई अवतार लॉन्च

अभिनेत्री काजोल ने शुक्रवार को कोलकाता के मशहूर दक्षिणेश्वर काली मंदिर जाकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। अभिनेत्री ने कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर में जाकर माता रानी की पूजा-अर्चना की।

 मंदिर में उन्होंने रेड को-ऑर्ड सेट में कैज़ुअल लुक अपनाया, जिसे उन्होंने ब्लैक सनग्लासेस के साथ पेयर किया था। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में अभिनेत्री काजोल को पुलिस अधिकारियों और अपनी टीम के साथ मंदिर में प्रवेश करते देखा जा सकता है। वह अपने हाथों में पूजा का सामान लिए हुए भी दिखीं।

अभिनेत्री काजोल मां काली बहुत बड़ी भक्त हैं और उनकी इस गहरी आस्था को अक्सर उनके बयानों और आध्यात्मिक यात्राओं में देखा गया है। अपनी पौराणिक हॉरर फिल्म 'मां' की शूटिंग और प्रचार के दौरान उनकी मां काली के प्रति भक्ति और भी मुखर रही है। फिल्म 'मां' की रिलीज से पहले, काजोल ने कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर में जाकर देवी का आशीर्वाद लिया था। इसके बाद 2024 में भी वह मां तनुजा और बेटे युग के साथ कोलकाता के दक्षिणेश्वर काली मंदिर गईं थीं।


'लॉक अप: सच या सजा' में अर्जुन कपूर ने शादी को लेकर किया ऐसा कमेंट, शर्म से लाल हो गईं पामेला सेरेना

सिनेजीवन: बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत और जैकलीन फर्नांडिस का एआई अवतार लॉन्च

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपने मजाकिया अंदाज और बेबाक बातों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी शादी को लेकर ऐसा कमेंट कर दिया, जिसे सुनकर रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' की कंटेस्टेंट पामेला सेरेना शर्म से लाल हो गईं। दरअसल, अर्जुन ने शो के जजमेंटल डे एपिसोड में स्पेशल गेस्ट के तौर पर एंट्री की थी, जहां बातचीत के दौरान उन्होंने शादी को लेकर मजेदार अंदाज में अपनी बात रखी।

शो में आए अर्जुन कपूर ने पामेला सेरेना के चर्चित सेगमेंट 'कलेशी कॉर्नर' की तारीफ की और बताया कि वह इस सेगमेंट के फैन हैं।

इसी दौरान अर्जुन ने पामेला के साथ मजाक करते हुए शादी को लेकर अपनी बात रखी। अभिनेता ने कहा, "मैं अभी भी जवान हूं और शादी के लिए तैयार हूं।" अर्जुन की यह बात सुनते ही पामेला हैरान रह गईं और उनके चेहरे पर हल्की सी मुस्कान आ गई। अभिनेता के इस मजेदार अंदाज ने शो के माहौल को और भी दिलचस्प बना दिया।

अर्जुन ने इसके बाद बातचीत में एक और मजेदार ट्विस्ट जोड़ा। उन्होंने साथी कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला की ओर देखते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, "हमारी पसंद एक जैसी है।"

जैकलीन फर्नांडिस का एआई अवतार लॉन्च, फैंस से शेयर करेंगी अनुभव और विचार

सिनेजीवन: बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत और जैकलीन फर्नांडिस का एआई अवतार लॉन्च

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस अब एक नए डिजिटल अंदाज में अपने फैंस से जुड़ने जा रही हैं। दरअसल, अभिनेत्री ने अपना एआई आधारित डिजिटल अवतार लॉन्च किया है, जिसके जरिए अब प्रशंसक उनकी जिंदगी से जुड़े कई अनसुने किस्सों को भी करीब से जान सकेंगे। जैकलीन का कहना है कि यह सिर्फ तकनीक का इस्तेमाल नहीं, बल्कि लोगों से एक अलग स्तर पर जुड़ने की नई शुरुआत है।

जैकलीन फर्नांडिस का यह एआई अवतार उनकी पर्सनैलिटी का डिजिटल विस्तार माना जा रहा है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि लोग इंटरैक्टिव तरीके से अभिनेत्री के विचारों, अनुभवों और पसंदीदा चीजों को जान सकें।

अपने एआई अवतार को लेकर जैकलीन ने कहा, ''मुझे हमेशा उन चीजों को लोगों के साथ साझा करना पसंद रहा है, जो मुझे प्रेरित करती हैं। चाहे वह कोई किताब हो, कोई बातचीत, जिंदगी से सीखा गया कोई सबक या फिर कोई ऐसा विचार जो लंबे समय तक मेरे साथ रहा हो। यह एआई अवतार मुझे ऐसा करने का बिल्कुल नया तरीका देता है। इसके जरिए मैं लोगों से कहानियों, विचारों और अनुभवों के माध्यम से जुड़ सकती हूं।''


इस हफ्ते ने ऐसा इक्का चलाया कि धमाल ही मच गया: संजीदा शेख

सिनेजीवन: बादशाह ने बताई शोहरत की असली कीमत और जैकलीन फर्नांडिस का एआई अवतार लॉन्च

अभिनेत्री संजीदा शेख इन दिनों अपनी फिल्म 'धमाल-4' और 'इक्का' की रिलीज का लुत्फ उठा रही हैं। अभिनेत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि अलग-अलग समय पर बनी फिल्में एक ही दिन रिलीज हो जाएंगी।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने इस खास पल को अनोखा बताया। अभिनेत्री संजीदा शेख ने शब्दों से खेलते हुए लिखा, "इस हफ्ते ने ऐसा इक्का चलाया कि धमाल ही मच गया। क्या शानदार और यादगार हफ्ता रहा। किस्मत भी कभी-कभी बहुत खूबसूरत तरीके से चीजों को जोड़ देती है। अलग-अलग समय पर शूट की गई 'धमाल 4' और 'इक्का' एक ही दिन रिलीज होंगी, ऐसा मैंने कभी नहीं सोचा था। अभी भी इस एहसास को महसूस कर रही हूं। दर्शकों द्वारा मिले प्यार, खुशी और सम्मान के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। मैं अभी इस प्यार को पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रही हूं। आप सभी के प्यार और हौसला बढ़ाने के लिए दिल से धन्यवाद। आपका प्यार मुझे और बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है। शुक्रिया।"

फिल्म 'धमाल-4' में संजीदा शेख अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। फिल्म में वह अरशद वारसी (आदि) और जावेद जाफरी (मानव) की जोड़ी वाली तीसरी टोली का हिस्सा हैं, जहां वह 'भाभी' (आदि की पत्नी) का किरदार निभा रही हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए