सिनेजीवन: पर्यावरण दिवस पर भूमि पेडनेकर का ने दिया खास संदेश और जानें दर्शकों को कैसी लगी 'है जवानी तो इश्क होना है'
विश्व पर्यावरण दिवस पर बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। लंबे समय से चर्चा में रही वरुण धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।

‘डफली वाले’ देखते ही भावुक हो जाती हूं, ऋषि कपूर को याद कर बोलीं करिश्मा कपूर

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने चाचा और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के मशहूर गीत ‘डफली वाले’ को याद करते हुए बचपन की यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि बचपन में वह इस गाने को देखने के लिए कई बार थिएटर गई थीं।
डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ में जज की भूमिका निभा रहीं करिश्मा कपूर ने इस गाने की विरासत को याद करते हुए कहा, ''ये गाना मैंने बचपन में मेट्रो सिनेमा में जाकर बहुत बार देखा है। जब भी मैं यह गाना देखती हूं तो भावुक हो जाती हूं, क्योंकि मुझे चिंटू अंकल की याद आती है। इस गाने में उन्होंने जिस तरह डफली बजाई है, वह आज भी यादगार है।''
शो में उनके साथ जज की भूमिका निभा रहे अभिनेता और डांसर जावेद जाफरी ने कहा, ''मैं ऋषि साहब का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। बहुत कम कलाकार ऐसे होते हैं जो स्क्रीन पर किसी वाद्य यंत्र को इतने विश्वास के साथ बजाते हुए दिखते हैं। ‘डफली वाले’ गाने में ऋषि साहब जिस तरह डफली बजाते हैं, उसे देखकर लगता है कि वह सचमुच इसे बजाना जानते हैं।''
दर्शकों को पसंद आई 'है जवानी तो इश्क होना है', वरुण धवन की कॉमिक टाइमिंग और सेकंड हाफ की खूब हो रही तारीफ

लंबे समय से चर्चा में रही वरुण धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह वरुण धवन और उनके पिता व निर्देशक डेविड धवन की साथ में चौथी फिल्म है, जिसके चलते दर्शक इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं।
फिल्म रिलीज के बाद अब दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। फिल्म देखकर बाहर निकले कुछ दर्शकों ने आईएएनएस से बात की और वरुण धवन की कॉमिक टाइमिंग, फिल्म के सेकंड हाफ और एंटरटेनमेंट ट्विस्ट की जमकर तारीफ की।
एक दर्शक ने कहा, ''मुझे फिल्म बहुत पसंद आई। वरुण धवन ने शानदार एक्टिंग की है। फिल्म का सेकंड हाफ पहले हिस्से की तुलना में ज्यादा मजेदार है। कॉमेडी, म्यूजिक और कहानी तीनों का संतुलन अच्छा है। मैं फिल्म को चार स्टार की रेटिंग देना चाहूंगा। यह परिवार के साथ देखने लायक मनोरंजक फिल्म है।''
एक अन्य दर्शक ने भी फिल्म की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ''वरुण धवन एक बेहतरीन एक्टर हैं, और इस फिल्म में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने काफी प्रभावित किया। फिल्म में गाने, ग्लैमर, डायरेक्शन और स्क्रीन प्रेजेंस सब बढ़िया हैं। पूरी फिल्म मनोरंजन से भरपूर है, खासकर सेकंड हाफ में आने वाले मजेदार ट्विस्ट खूब हंसाते हैं। फिल्म में कलाकारों के बीच दिखाई गई केमिस्ट्री भी काफी अच्छी है।''
फिल्म में वरुण धवन के अलावा मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय, चंकी पांडे, राकेश बेदी और राजेश कुमार जैसे कलाकार हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर भूमि पेडनेकर का संदेश, बोलीं-धरती सिर्फ रहने की जगह नहीं, हमारी सबसे बड़ी विरासत

विश्व पर्यावरण दिवस पर बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। वीडियो में वह नदी किनारे बैठकर चेहरा धोती हुई दिख रही है। वहीं तस्वीर में वह एक पेड़ को गले लगाती नजर आ रही हैं। इसके अलावा कुछ तस्वीरों में एक्ट्रेस प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताती दिखाई दे रही हैं।
भूमि ने कैप्शन में लिखा, ''मैंने जीवन से यह सीखा है कि धरती हमसे बहुत ज्यादा कुछ नहीं मांगती, बल्कि केवल थोड़ी सी दयालुता और सम्मान चाहती है। नदियां हमारी प्यास बुझाती हैं, लेकिन कभी अपनी तारीफ की उम्मीद नहीं करतीं। जंगल हमें जीवन के लिए जरूरी सांसें देते हैं, लेकिन कभी इसके बदले में पहचान या सम्मान नहीं मांगते। पहाड़ सदियों से मजबूती के साथ खड़े रहते हैं और बिना किसी शिकायत के प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं।''
भूमि पेडनेकर ने कहा, ''हर सुबह का सूर्योदय हमें एक महत्वपूर्ण बात याद दिलाता है कि इंसान प्रकृति का हिस्सा है, जबकि अक्सर लोग यह सोचने लगते हैं कि प्रकृति केवल उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए है। अब यह सोच बदलने की जरूरत है। केवल पर्यावरण के प्रति जागरूक होना ही काफी नहीं है, बल्कि अब वास्तविक कदम उठाने का समय आ गया है।''
सोनू निगम ने 'बेवफा सनम' के साथ अपनी 'शुरुआत' को याद किया

तीन दशकों से ज्यादा के करियर में कई सुपरहिट गाने देने वाले सिंगर सोनू निगम ने शुक्रवार को अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने 1993 की फिल्म 'बेवफा सनम' के गाने 'मोहब्बत की कीमत अदा हम करेंगे' की रिकॉर्डिंग के दिनों को याद किया।
सोनू ने 1993 में मुंबई के प्रतिष्ठित फिल्मिस्तान स्टूडियो गोरेगांव में नंबर की रिकॉर्डिंग से तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मेरी शुरुआत। मोहब्बत की कीमत अदा हम करेंगे - बेवफा सनम | सितंबर, 1993 फिल्मिस्तान स्टूडियो गोरेगांव.."
सोनू ने अपने करियर की शुरुआत 1990 के दशक की शुरुआत में की थी। फिल्म के लिए उनका पहला गाना 1993 में आजा मेरी जान का 'ओ आसमानवाले' था। उन्हें तलाश के टीवी सीरियल गाने 'हम तो छैला बन गए' और बाद में 'अच्छा सिला दिया', 'संदेशे आते हैं' और 'ये दिल दीवाना' गानों से पहचान मिली।
1999 में उनके एल्बम 'दीवाना' ने लोकप्रियता के नए आयाम को छुआ।
मैं चुप नहीं बैठूंगी और न्याय के लिए लड़ती रहूंगी, पति से विवाद के बीच बोलीं एक्ट्रेस सेलिना जेटली

अभिनेत्री सेलिना जेटली एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। पति पीटर हाग से तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब उन्होंने अपने पति और ससुर की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिसों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। सेलिना ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा बयान जारी करते हुए कहा कि वह किसी भी तरह की कानूनी धमकी या दबाव के आगे झुकने वाली नहीं हैं। वह अपने बच्चों, अपने अधिकारों और न्याय के लिए यह लड़ाई जारी रखेंगी।
शुक्रवार को सेलिना जेटली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट किया। उन्होंने उन कानूनी नोटिसों का जवाब दिया, जो हाल ही में उनके पति पीटर हाग और उनके ससुर वोल्फगैंग हाग की ओर से भेजे गए हैं। नोटिस में अभिनेत्री पर मानहानि करने का आरोप लगाया गया है और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, हालांकि सेलिना ने बताया कि उन्होंने अपने लीगल रिप्रजेंटेटिव के जरिए इन नोटिसों का जवाब दे दिया है।
अभिनेत्री ने कहा, ''कई साल तक हमारे परिवार से जुड़ी पब्लिसिटी को बढ़ावा दिया जाता रहा, जिसमें मैगजीन कवर, इंटरव्यू और परिवार से जुड़े कई आर्टिकल्स में शामिल होते रहे हैं, लेकिन अब जब मैंने अपनी निजी परेशानियों, कानूनी संघर्ष और एक मां के रूप में अपनी चिंताओं के बारे में बात करनी शुरू की, तो मुझे जवाब देने के बजाय कानूनी नोटिस भेजे गए। ये बच्चे मेरे भी हैं, मैं उनकी मां हूं और मैं उनके लिए यह लड़ाई जारी रखूंगी।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
