सिनेजीवन: रक्षाबंधन पर बॉलीवुड में दिखा भाई-बहन का प्यार और गर्मी में वर्कआउट टिप्स देते दिखे वरुण धवन
ऋतिक रोशन की बहन सुनैना रोशन ने भी भाई के लिए इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दोनों के अब तक साथ में बिताए गए पल शामिल हैं। वरुण धवन ने अपने वर्कआउट सेशन का एक खास वीडियो पोस्ट किया।

रक्षाबंधन पर बॉलीवुड में दिखा भाई-बहन का प्यार, प्रिया दत्त से लेकर सुनैना रोशन ने लुटाया प्यार
रक्षाबंधन का त्योहार पूरे भारत में खुशियों के साथ मनाया जा रहा है। बॉलीवुड में भी अभिनेता संजय दत्त, जैकी भगनानी और ऋतिक रोशन की बहनों ने अपने सोशल मीडिया के जरिए भाइयों के प्रति प्यार जाहिर किया है।
अभिनेता संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त ने परिवार संग बचपन की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "बचपन की यादों से लेकर जिंदगी ने हमें जो कुछ भी दिया है, कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं। प्यार, हंसी-मजाक, नोक-झोंक, ढेर सारी कहानियां, बिना कहे सब समझ जाना और ये सुकून कि जिंदगी हमें कहीं भी ले जाए, हम हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे। हम साथ बड़े हुए हैं, जिंदगी को बदलते देखा है, उसके सबसे खूबसूरत पलों को सेलिब्रेट किया है और मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और इन सभी सालों में, ये रिश्ता उन कुछ चीजों में से एक है जिस पर मैं हमेशा भरोसा कर सकती हूं। हैप्पी रक्षा बंधन, भैया। हमने जो भी यादें बनाई हैं, जो भी साल साथ गुजारे हैं, उन सभी के नाम। आपका भाई के रूप में मिलना मेरे लिए हमेशा गर्व की बात है।"
अभिनेता ऋतिक रोशन की बहन सुनैना रोशन ने भी भाई के लिए इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दोनों के अब तक साथ में बिताए गए पल शामिल हैं। सुनैना ने अपने भाई के लिए लिखा, "जिंदगी चाहे कितनी भी बदल जाए, कुछ लोग हमेशा घर जैसे लगते हैं। इन सभी सालों और यादों, हंसी-खुशी, दुख और साथ में झेली गई मुश्किलों के लिए शुक्रिया, लेकिन सबसे ज्यादा शुक्रगुजार हूं कि तुम हमेशा मेरे साथ रहे।"
छोटी बेटी अलीशा के जन्मदिन पर सुष्मिता सेन ने लुटाया प्यार, लिखा- तुम भगवान का दिया अनमोल तोहफा हो

अभिनेत्री सुष्मिता सेन की छोटी बेटी अलीशा सेन शुक्रवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर अभिनेत्री ने बेटी के लिए खास पोस्ट की। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के जरिए अलिशा के सादगी भरे व्यवहार की प्रशंसा की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अलीशा की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें अलिशा अभिनेत्री बड़ी बहन रेने सेन और परिवार के सदस्यों के नजर आ रही हैं। अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं अलिशा सेन, तुम बहुत खूबसूरत, समझदार, दयालु और उदार दिल वाली हो, जिसे भगवान ने 17 साल पहले मुझे एक तोहफे के तौर पर मुझे दिया था और मैंने तुम्हारा नाम 'भगवान का अनमोल तोहफा' रखा था।
अभिनेत्री ने बेटी की तारीफ में लिखा कि अलीशा समय के साथ और निखर रही हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "अलिशा, समय के साथ मैं तुम्हारे नाम के पीछे की शख्सियत को देख रही हूं। अंदर से गहरा और खुशी भरा एहसास होता है कि तुम इस दुनिया और पूरी मानवता के लिए तोहफा साबित होगी। तुम जो हो और तुममें जो ईश्वर की कृपा है, उस पर मुझे गर्व है। तुम्हारी सादगी देखकर मैं हैरान रह जाती हूं। लव यू सो मच।"
बाली में छुट्टियों के बीच भी फिटनेस पर फोकस, गर्मी में वर्कआउट टिप्स देते दिखे वरुण धवन

अभिनेता वरुण धवन इन दिनों बाली में वेकेशन इंजॉय कर रहे हैं और अपने फिटनेस रूटीन को फॉलो करके अपने समय का पूरा इस्तेमाल कर रहे हैं। शुक्रवार को अभिनेता ने अपने वर्कआउट सेशन का एक खास वीडियो पोस्ट किया।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट की, जिसमें उन्होंने दिखाया कि वे बढ़ते टेम्परेचर के बावजूद खुद को कैसे एक्टिव रख रहे हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने बाली के गर्म मौसम में वर्कआउट करने और हाइड्रेटेड रहने की इंपॉर्टेंस के बारे में बताया।
अभिनेता वरुण धवन कहते हैं, "क्या हाल है दोस्तों, तो अभी मैं बाली में हूं और वर्कआउट कर रहा हूं, लेकिन यहां बहुत, बहुत गर्मी है और जब आप वर्कआउट करते हैं तो आप अपने बहुत सारे इलेक्ट्रोलाइट्स खो देते हैं, वे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स जिनकी आपको जरूरत होती है, आप जानते हैं, खुद को एक्टिव रखने के लिए।"
अभिनेता वरुण धवन ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "ट्रेन, पसीना, हाइड्रेट, यहां 35 डिग्री टेम्परेचर है।" वरुण ने आगे गर्मी में वर्कआउट के दौरान खुद को हाइड्रेट रखने के अपने तरीके के बारे में भी बात की। उन्होंने ऐसे मौसम में एक्सरसाइज करते हुए जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स को फिर से भरने के महत्व पर भी जोर दिया।
13 साल सेना में रहे, कारगिल में लड़े और फिर बॉलीवुड में बनाई पहचान, कुछ ऐसी थी बिक्रमजीत की कहानी

बिक्रमजीत कंवरपाल उन एक्टर्स में रहे, जिनकी असली जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। पर्दे पर अक्सर पुलिस ऑफिसर, आर्मी ऑफिसर या किसी सख्त अधिकारी के रोल में नजर आने वाले बिक्रमजीत असल जिंदगी में भी भारतीय सेना का हिस्सा रह चुके थे। उन्होंने करीब 13 साल तक देश की सेवा की और मेजर के पद से रिटायर हुए लेकिन उनकी जिंदगी में एक सपना ऐसा था, जिसे उन्होंने कभी छोड़ा नहीं।
बिक्रमजीत को बचपन से ही एक्टिंग और फिल्मों का शौक था। सेना की नौकरी के दौरान भी उनके मन में बॉलीवुड में जाने की इच्छा बनी रही। आखिरकार 34 साल की उम्र में उन्होंने इस सपने को पूरा करने का फैसला किया।
सेना से रिटायर होने के बाद बिक्रमजीत ने अपने पुराने सपने का पीछा किया। साल 2002 में मुंबई के खार इलाके में उनकी मुलाकात पूजा भट्ट से हुई और इसके बाद उन्हें फिल्म 'पाप' में काम करने का मौका मिला। साल 2003 में रिलीज हुई इस फिल्म से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में कई तरह के रोल मिलने लगे। उनकी लंबी कद-काठी, आवाज और गंभीर अंदाज की वजह से डायरेक्टर्स उन्हें अक्सर पुलिस, सेना, अधिकारी या किसी ताकतवर शख्स के किरदार में पसंद करते थे।
12 साल से दिल में था 'माटी', स्वानंद किरकिरे ने बताया शेखर रवजियानी से जुड़ा खास किस्सा

नेशनल अवॉर्ड विनर संगीतकार और गीतकार स्वानंद किरकिरे भावनाओं को गानों में उतारने के लिए जाने जाते हैं। उनका नया इंडिपेंडेंट म्यूजिकल प्रोजेक्ट 'माटी' उनके लिए काफी खास है। इस प्रोजेक्ट में स्वानंद ने शेखर रवजियानी के साथ काम किया है। दोनों की साथ में काम करने की कहानी करीब 12 साल पुरानी है। खास बात यह है कि 'माटी' का आइडिया भी आज से करीब 12 साल पहले ही आया था। इतने लंबे इंतजार के बाद अब यह प्रोजेक्ट लोगों तक पहुंचने जा रहा है।
आईएएनएस से खास बातचीत में स्वानंद किरकिरे ने शेखर रवजियानी के साथ अपनी 12 साल पुरानी क्रिएटिव जर्नी के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ''शेखर के साथ काम करना हमेशा ऐसी चीज रही है, जिसका मैं इंतजार करता हूं। जब भी हमने साथ काम किया हैं, हमारा कोलैबोरेशन हमेशा शानदार रही है। मेरे लिए 'माटी' इसलिए भी खास है क्योंकि यह हमारी साथ में काम करने की 12 साल की जर्नी को दिखाता है।''
उन्होंने बताया, '''माटी' की शुरुआत भी किसी फिल्मी सीन जैसी ही कहानी से हुई थी। करीब 12 साल पहले मैं और शेखर एक स्टूडियो में काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद हम एक कॉफी शॉप में जाकर बैठे। उस दिन बारिश हो रही थी। इस दौरान हमारे बीच कुछ नया और अलग करने को लेकर बातचीत हुई। हम दोनों चाहते थे कि ऐसा म्यूजिक बनाया जाए, जो लोगों को सीधे भावनाओं से जोड़ सके और आम गानों से थोड़ा अलग हो। इसी बातचीत के दौरान 'माटी' का आइडिया आया। उस समय हमने सोचा भी नहीं था कि यह आइडिया एक दशक से ज्यादा समय तक हमारे साथ रहेगा।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
