सिनेजीवन: संचिता उगले की मौत को भाई का बड़ा दावा और मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी की हुई सगाई

टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की आत्महत्या की खबर ने इंडस्ट्री और दर्शकों को झकझोर कर दिया। मशहूर एक्टर और नेता मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी चक्रवर्ती की सगाई उनके बॉयफ्रेंड माइल्स मैंटजारिस से हो गई है

फोटो: सोशल मीडिया
i

संचिता उगले की मौत पर भाई का बड़ा दावा, सुशांत सिंह राजपूत केस से जोड़ा कनेक्शन

टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की आत्महत्या की खबर ने इंडस्ट्री और दर्शकों को झकझोर कर दिया। इस मामले में उनके भाई आकाश सतीश उगले का बयान सामने आया है। उन्होंने अपनी बहन की मौत को सीधे तौर पर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की 2020 में हुई मौत से जोड़ा और इंडस्ट्री के दबाव पर सवाल उठाए।

आकाश उगले ने आईएएनएस से बात करते हुए दावा किया कि इंडस्ट्री में दबाव के कारण उनकी बहन और सुशांत सिंह राजपूत दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

आकाश उगले ने कहा, "मेरी बहन संचिता उगले ने कल (14 जून 2026) आत्महत्या कर ली है। मौत से पहले उनका एक इंस्टाग्राम अकाउंट था, जिसे मैं आपको दिखाना चाहता हूं। उस अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर में मेरी बहन की फोटो लगी हुई है और बायो में 'श्री कृष्णा लवर' लिखा हुआ है।"

उन्होंने आगे कहा, ''मेरी बहन का आखिरी पोस्ट अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से जुड़ा हुआ था जिन्होंने 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। मेरा मानना है कि उन्होंने इंडस्ट्री के दबाव के कारण ऐसा कदम उठाया था। मेरी बहन ने भी उसी तरह के दबाव की वजह से आत्महत्या की है।''

उन्होंने कहा, "उनकी बहन ने मरने से एक दिन पहले एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था- 'इट्स अगेन 14 जून' यानी 'फिर से 14 जून आ गया है।' मेरी बहन ने भी इसी तारीख को आत्महत्या की।"

एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की रहस्यमयी मौत की जांच सीआई़डी ने अपने हाथ में ली

सिनेजीवन: संचिता उगले की मौत को भाई का बड़ा दावा और मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी की हुई सगाई

पश्चिम बंगाल पुलिस की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) टीम मार्च महीने में ओडिशा के तालसारी बीच पर हुई मशहूर बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की रहस्यमयी मौत की जांच कर रही है। सीआईडी अब इस मामले की पूरी जांच की जिम्मेदारी संभाल रही है।

यह मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद हुआ है। 42 वर्षीय प्रतिभाशाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत 29 मार्च को ओडिशा के तालसारी बीच पर टीवी सीरियल 'भोले बाबा पार करेगा' की शूटिंग के दौरान हो गई थी। बताया जाता है कि शूटिंग के दौरान वे समुद्र में उतरे थे। उसी समय अचानक ज्वार आने से वे तेज लहरों की चपेट में आ गए और बह गए। मौके पर मौजूद तकनीशियनों ने उन्हें पानी से निकाला।

शुरुआती जांच में उनकी मौत का कारण डूबना बताया गया है। उन्हें पूर्वी मिदनापुर जिले के दीघा स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्टों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

इस मामले की जांच फिलहाल ओडिशा पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है। यह टीम अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


शिल्पा शेट्टी ने मोबिलिटी चैलेंज वर्कआउट के साथ मंडे मोटिवेशन की डोज दी 

सिनेजीवन: संचिता उगले की मौत को भाई का बड़ा दावा और मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी की हुई सगाई

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने फिटनेस के शौकीनों के लिए 'मंडे मोटिवेशन' का डोज देकर सप्ताह की शुरुआत की।

अपनी हालिया पोस्ट में शिल्पा शेट्टी ने बैलेंस, फ्लेक्सिबिलिटी और पूरे शरीर पर कंट्रोल बेहतर बनाने पर केंद्रित एक मोबिलिटी चैलेंज वर्कआउट शेयर किया। कैप्शन में उन्होंने फैंस को अपने फिटनेस लक्ष्यों के प्रति लगातार बने रहने के लिए भी प्रोत्साहित किया। वीडियो में, 'धड़कन' फिल्म की एक्ट्रेस को बैलेंस, फ्लेक्सिबिलिटी और नियंत्रित मूवमेंट पर ध्यान देते हुए मोबिलिटी चैलेंज वर्कआउट करते हुए देखा जा सकता है।

कैप्शन में उन्होंने लिखा, "आपका बैलेंस कितनी बार बिगड़ा? सच-सच बताइए। मोबिलिटी चैलेंज के फायदे, कई तरह की मूवमेंट से कंधे की मोबिलिटी और फ्लेक्सिबिलिटी बेहतर होती है। बेहतर पोस्चर और मूवमेंट के लिए ऊपरी और बीच की पीठ (थोरेसिक स्पाइन) की मोबिलिटी बढ़ती है। हिप मोबिलिटी बढ़ती है, जिससे आप ज़्यादा आसानी और अच्छे से मूव कर पाते हैं। बैलेंस, तालमेल और पूरे शरीर पर कंट्रोल को चुनौती मिलती है। मोटर कंट्रोल बेहतर होने के साथ-साथ शरीर को स्थिर रखने वाली मांसपेशियां मजबूत होती हैं। मूवमेंट के तरीके बेहतर होते हैं और जोड़ों की सेहत अच्छी रहती है। शरीर के प्रति जागरूकता, फोकस और फंक्शनल फिटनेस बढ़ती है।"

मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी की हुई सगाई, 6 दिसंबर को होगी शादी

सिनेजीवन: संचिता उगले की मौत को भाई का बड़ा दावा और मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी की हुई सगाई

मशहूर एक्टर और नेता मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी चक्रवर्ती की सगाई उनके बॉयफ्रेंड माइल्स मैंटजारिस से हो गई है और वे 6 दिसंबर 2026 को शादी करेंगी। इंस्टाग्राम बायो के अनुसार, माइल्स एक स्टेडीकैम ऑपरेटर और कलरलिस्ट हैं।

 दिशानी ने एक जॉइंट पोस्ट में प्रपोजल के समय की कई तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में माइल्स घुटनों के बल बैठकर दिशानी को प्रपोज करते हुए दिख रहे हैं।

 एक और तस्वीर में 'डिस्को डांसर' स्टार की बेटी अपनी उंगली में बड़ी सी अंगूठी दिखाती हुई नजर आईं। आखिरी तस्वीर में कपल एक-दूसरे को प्यार से किस करते हुए दिख रहा है।

 कैप्शन में दिशानी ने लिखा: "6.12.2026 … हमेशा साथ रहने का सबसे आसान फैसला, जो मैंने कभी लिया है।" इस पोस्ट को एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने भी लाइक किया है।

दिशानी मिथुन की गोद ली हुई बेटी हैं। मिथुन की शादी एक्ट्रेस योगिता बाली से हुई है। उनकी पहली शादी 1979 में एक्ट्रेस हेलेना ल्यूक से हुई थी। चार महीने बाद दोनों अलग हो गए और तलाक के लिए अर्जी दी थी। मिथुन और योगिता ने 1979 में शादी की। उनके चार बच्चे हैं, मिमोह, उष्मे, नमाशी और गोद ली हुई बेटी दिशानी।


एकता कपूर ने प्रियंका चाहर की तारीफ की, अभिनेत्री ने ‘नागिन 7’ के सफर को कहा अलविदा

सिनेजीवन: संचिता उगले की मौत को भाई का बड़ा दावा और मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी की हुई सगाई

अलौकिक (सुपरनैचुरल) शो ‘नागिन’ के सातवें सीजन के समाप्त होने के बाद प्रियंका चाहर चौधरी ने शो को अलविदा कहते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। इस अवसर पर उन्हें टीवी जगत की ‘जारिना’ कही जाने वाली एकता कपूर से खूब सराहना मिली। एकता ने कहा कि वह प्रियंका के साथ फिर से काम करने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हैं।

इस सफर को "अविस्मरणीय यात्रा" करार देते हुए प्रियंका ने सबसे पहले इंस्टाग्राम पर शूटिंग के आखिरी दिन की एक झलक साझा की और लिखा, "और इसी के साथ, आज रात एक अविस्मरणीय यात्रा का अंत हो रहा है... नागिन 7।"

अभिनेत्री ने कहा कि इस शो ने उन्हें केवल यादें ही नहीं, बल्कि उससे कहीं अधिक दिया है। उन्होंने लिखा, "इस शो ने मुझे सिर्फ यादों से कहीं ज्यादा दिया है- इसने मुझे खूबसूरत लोग, जीवनभर के रिश्ते और मेरे शिवजी के साथ और भी गहरा जुड़ाव दिया। महादेव से इतनी गहराई से जुड़ी कहानी का हिस्सा बनने से मेरा विश्वास और मजबूत हुआ है, और मैं हर दिन अपने जीवन में उनके प्रेम और उपस्थिति को महसूस करती हूं। यह रिश्ता हमेशा के लिए है और अटूट है।"

 उन्होंने उन पर भरोसा करने और यह शानदार अवसर देने के लिए एकता कपूर का धन्यवाद किया।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए