सिनेजीवन: अभिषेक संग डेटिंग की अफवाहों के बीच निमरत कौर बोलीं- ‘दोस्ती...' और पति राघव के बर्थडे पर फिल्मी हुईं परिणीति
अभिनेत्री निमरत कौर ने अफवाहें उड़ाने वाले लोगों पर करारा व्यंग्य कसा है। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने पति और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी।

अभिषेक संग डेटिंग की अफवाहों के बीच निमरत कौर बोलीं ‘दोस्ती ऐसी हो कि लोगों को जलन हो’
शानदार एक्टिंग के दम पर मनोरंजन इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम पर पहुंची अभिनेत्री निमरत कौर ने अफवाहें उड़ाने वाले लोगों पर करारा व्यंग्य कसा है। एक रील शेयर कर अभिनेत्री ने कहा कि दोस्ती ऐसी हो कि उसे देखकर लोगों को जलन हो।
अभिनेत्री निमरत कौर ने डेटिंग की अफवाहों के बीच ‘दसवीं’ स्टार अभिषेक बच्चन के साथ दोस्ती के बारे में एक मजेदार रील को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर की। शेयर किए गए रील में अभिनेत्री फर्श पर बैठी हैं और ट्रेंडिंग डायलॉग पर लिप-सिंक करती नजर आ रही हैं। उनके पीछे उनका पालतू जानवर भी बैठा है।
रील में अभिनेत्री कहती नजर आ रही हैं “फ्रेंडशिप इतनी पक्की होनी चाहिए, लोग देखते ही जल जाएं, जल जाएं। काहे 'हॉ', ऐदा।" (दोस्ती इतनी मजबूत होनी चाहिए कि लोग इसे देखकर ही जलने लगें)।"
रील के साथ, उन्होंने कैप्शन में "मेरी और केसी (करम चंद) की दोस्ती तो है ऐसी। अपने बीएफएफ को टैग करें! इसके साथ उन्होंने हैशटैग के साथ लिखा फ्रेंडशिप, बीएफएफगोल्स, संडेटाइमपास, वीकेंडवाइब्स, पक्कादोस्त, ट्रेंडिंग रील्स।
करण जौहर ने बताया किस तरह की बातों को करना चाहिए इग्नोर
फिल्म इंडस्ट्री के सफल निर्माता-निर्देशक करण जौहर का सोशल मीडिया अकाउंट उनकी तरह-तरह की पोस्ट से भरा पड़ा है। ‘कुछ-कुछ होता है’ निर्माता ने अपनी लेटेस्ट पोस्ट में बताया है कि हमें किस तरह की बातचीत को इग्नोर करना चाहिए।
'कभी अलविदा ना कहना' निर्माता करण जौहर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के स्टोरी सेक्शन पर एक टेक्सट इमेज शेयर किया। करण ने लिखा, "जिस बातचीत को आप इग्नोर कर रहे हैं, उसे इग्नोर करना बेहद जरूरी है।"
जाने माने फिल्म निर्माता-निर्देशक और होस्ट करण सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अक्सर पर्सनल और प्रोफेशनल पोस्ट शेयर करते रहते हैं।
करण जौहर ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में उन्होंने माफी न मांगने का 'मंत्र' दिया और बताया कि किस परिस्थिति में माफी नहीं मांगनी चाहिए। इंस्टाग्राम के स्टोरी सेक्शन में करण जौहर ने लिखा, “कभी भी अलग तरह से सोचने, गहराई से महसूस करने या किसी को बिना शर्त प्यार करने के लिए माफी नहीं मांगनी चाहिए।“
शरवरी वाघ ने शेयर की वर्कआउट की तस्वीरें, कहा- ‘दीपावली खत्म अल्फा शुरू’

बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी वाघ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं। वाघ ने सोमवार को वर्कआउट की कुछ मोनोक्रोम तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह कड़ी मेहनत करती नजर आ रही हैं।
शरवरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कड़ी मेहनत वाली तस्वीरें शेयर कर कैप्शन में लिखा “दीपावली खत्म अल्फा शुरू” इसके साथ हैशटैग लगाते हुए उन्होंने लिखा 'मंडे मोटिवेशन'। तस्वीरों में अभिनेत्री 'बारबेल रो' वर्कआउट करती नजर आ रही हैं, जिसकी झलक उन्होंने दिखाई है।
शरवरी वर्तमान में अपने आगामी प्रोजेक्ट 'अल्फा' की शूटिंग में व्यस्त हैं और अपनी भूमिका में पूरी तरह से डूबने के लिए जमकर मेहनत करती नजर आ रही हैं। ‘अल्फा’ में शरवरी के साथ अभिनेत्री आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन 'द रेलवे मैन' फेम शिव रवैल ने किया है। आलिया और शरवरी दोनों कश्मीर की सुंदर वादियों में शूटिंग कर रही हैं।
पति राघव के बर्थडे पर फिल्मी हुईं परिणीति, मजेदार अंदाज में किया 'रागाई' को विश

फिल्म जगत की खूबसूरत अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने पति और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेत्री ने राघव के साथ एक वीडियो शेयर की, जिसमें वह फिल्मी अंदाज में पति पर प्यार लुटाती नजर आ रही हैं।
पिछले साल राजस्थान के उदयपुर में शादी के बंधन में बंधे परिणीति और राघव हर एक इवेंट को मिलकर सेलिब्रेट करते हैं और इसकी झलक अक्सर प्रशंसकों के साथ शेयर करते रहते हैं। परिणीति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी और राघव की एक वीडियो शेयर कर प्यारा कैप्शन भी दिया।
अभिनेत्री ने लिखा “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं मेरे रागाई। आपकी ईमानदारी, धैर्य और मैच्योरिटी मुझे हर दिन एक बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित करती है। आप मुझे हमेशा से गाइड करते आए हैं और मुझे मजबूत बनना, भावनात्मक स्थिरता का मूल्य, सम्मान और प्यार का सच्चा अर्थ सिखाते आए हैं। मैं आपसे सीखना कभी बंद नहीं करने का वादा करती हूं।“
हॉलीवुड सिंगर जैसन डेरुलो संग नजर आए यो यो हनी सिंह, बुर्ज खलीफा के सामने दिया पोज
रैपर यो यो हनी सिंह इंटरनेशनल सिंगर जेसन डेरुलो के साथ दुबई स्थित बुर्ज खलीफा के सामने पोज देते कैमरे में कैद हुए। हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फैंस को इसकी झलक दिखाई है।
भारतीय रैपर यो यो हनी सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय गायक जेसन डेरुलो के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जिसे ‘ब्लू है पानी’ सिंगर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। तस्वीर में डेरुलो यो यो हनी सिंह के साथ दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के सामने पोज देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हनी सिंह ने तस्वीर को शेयर कर कैप्शन में लिखा, "दुबई में सुपरस्टार जेसन डेरुलो का स्वागत है।" तस्वीर के बैकग्राउंड में अमेरिकी सिंगर का गाना "स्वल्ला" बज रहा है। 2009 में डेरुलो के सोलो रिकॉर्डिंग करियर के डेब्यू के बाद से उन्होंने दुनिया भर में 250 मिलियन से अधिक सोलो बेचे हैं और अमेरिका में चौदह प्लेटिनम सोलो हासिल किए हैं। वह एक रिकॉर्डिंग कलाकार बन गए और मई 2009 में अपना पहला सोलो "व्हाटचा से" रिलीज किया। यह यूएस बिलबोर्ड हॉट 100 पर नंबर एक पर पहुंच गया।
डेरुलो का फ्यूचर हिस्ट्री नामक उनका दूसरा एल्बम 2011 में आया, यूके का नंबर-एक सोलो "डोंट वाना गो होम" और "इट गर्ल" टॉप की लिस्ट में शामिल हो गया।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
