सिनेजीवन: सोना मोहपात्रा ने आशा भोसले के 'अदम्य उत्साह' को किया नमन और अक्षय कुमार ने असरानी को किया याद
मशहूर गायिका सोना मोहपात्रा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आशा भोसले के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता जताई। अक्षय कुमार ने दिवंगत अभिनेता असरानी के साथ अपने लंबे सफर को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया।

सोना मोहपात्रा ने आशा भोसले के 'अदम्य उत्साह' को किया नमन
लेजेंड्री प्लेबैक सिंगर आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रही। 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया। बुधवार को मशहूर गायिका सोना मोहपात्रा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आशा भोसले के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता जताई।
सोना मोहपात्रा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया। उन्होंने अपने नोट में खुद से सवाल करते हुए लिखा कि आशाजी के गुजर जाने का दुख इतना गहरा और निजी क्यों लग रहा है। उन्होंने लिखा, "मंच और मंच के बाहर बार-बार रोना सिर्फ दिखावा तो नहीं है, क्या वे ड्रामा क्वीन बन रही थीं, क्योंकि मैं तो आशा भोसले को निजी तौर पर जानती भी नहीं थी।"
उन्होंने आगे लिखा, "फिर सुबह मुझे एहसास हुआ कि यह शोक नहीं बल्कि कृतज्ञता है। एक गहरी और दिल को छू लेने वाली। यह उन ऊंचे मानकों के लिए है, जो आशाजी ने तय किए थे। समाज के बंधनों को तोड़ने के लिए, उत्कृष्टता की कभी न रुकने वाली चाह के लिए और जिंदगी के प्रति उनके बेबाक उत्साह के लिए।"
सोना ने आगे लिखा कि आशा भोसले ने हर सुर को अपना बनाया, हर साड़ी को अपनी स्टाइल दी और हर मुस्कान को खास बनाया। उन्होंने लिखा, "उन्होंने इच्छाओं, चंचलता और आकर्षण को आवाज दी। उस दौर में जब महिलाओं के लिए ये सारे काम वर्जित माने जाते थे, तब उन्होंने सिर्फ गाने नहीं गाए बल्कि यह भी दिखाया कि एक महिला क्या-क्या कर सकती है।"
नीना गुप्ता ने गजराज राव संग तस्वीर साझा कर जाहिर की दिल की बात, बोलीं- 'फिर साथ काम करने का इंतजार'

फिल्मी दुनिया में कुछ जोड़ियां ऐसी बन जाती हैं, जिन्हें दर्शक लंबे समय तक याद रखते हैं। ऐसी ही एक जोड़ी है, अनुभवी अभिनेत्री नीना गुप्ता और अभिनेता गजराज राव की। इस कड़ी में नीना गुप्ता ने एक खास तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी दिल की बात जाहिर की, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
नीना गुप्ता द्वारा पोस्ट की गई तस्वीर में दोनों कलाकार बेहद सादगी के साथ कैमरे के लिए पोज देते नजर आ रहे हैं। नीना गुप्ता ने प्रिंटेड साड़ी पहन रखी है, वहीं गजराज राव भी अपने खास स्टाइल में नजर आ रहे हैं। उन्होंने ब्लैक कलर की नेहरू जैकेट पहनी हुई है।
इस तस्वीर को साझा करते हुए नीना गुप्ता ने लिखा, ''मैं गजराज राव के साथ दोबारा काम करने का इंतजार कर रही हूं।''
'घंटों कुर्सी पर बैठना और दर्द सहना', मेघना मलिक ने साझा किया 'संकल्प' का अनुभव

किसी भी किरदार को पर्दे पर जीवंत बनाने के लिए कलाकारों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। ऐसा ही अनुभव अभिनेत्री मेघना मलिक ने साझा किया। उन्होंने बताया कि अपनी नई वेब सीरीज 'संकल्प' के लिए उन्होंने जिस तरह की तैयारी की, वह शारीरिक रूप से काफी कठिन थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसे देखकर फैंस हैरान रह गए।
दरअसल, मेघना मलिक ने जो वीडियो साझा किया, उसमें वह लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर अपने किरदार के लिए तैयार होती नजर आ रही हैं। इस दौरान उनके चेहरे और शरीर पर प्रोस्थेटिक्स मेकअप किया जा रहा है, जिसे लगाने में काफी समय लगता है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में उन्हें घंटों तक कुर्सी पर बिना हिले-डुले बैठना पड़ता था, जो अपने आप में एक बड़ी चुनौती होती है। इस तैयारी में इस्तेमाल होने वाला मेकअप न सिर्फ समय लेता है, बल्कि कई बार दर्द भी देता है, जिसे सहना आसान नहीं होता।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मेरे किरदार को देखकर ऐसा लगता है कि यह शायद पहले ही पार्ट में खत्म हो जाएगा और आगे की कहानी में नजर नहीं आएगा।" उन्होंने मजाक में आगे कहा, "जब इतनी लंबी और कठिन तैयारी करनी पड़े, तो समझ में आ जाता है कि किरदार ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा।"
आयुष्मान खुराना ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि, जनाई भोसले बोलीं-जिंदगी को उनकी तरह जियो

संगीत की दुनिया में आशा भोसले के गीतों ने दशकों तक लोगों के दिलों को छुआ। उनके निधन के बाद हर कोई उन्हें याद कर रहा है। इसी कड़ी में अभिनेता आयुष्मान खुराना और उनकी पोती जनाई भोसले ने भावुक अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि दी।
आयुष्मान खुराना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह गिटार बजाते हुए पंजाबी लोकगीत 'दस मेरेया दिलबरा वे, तू केड़े अर्श दा तारा' गाते नजर आ रहे हैं। यह गीत अपने लिरिक्स और धुन के कारण बेहद खास माना जाता है। आयुष्मान ने इसे बेहद सादगी के साथ गाते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''यह मेरा सबसे पसंदीदा पंजाबी गीत है, जिसे आशा भोसले ने अपनी खास शैली में गाया था। मैं बचपन से ही उनकी आवाज सुनते हुए बड़ा हुआ हूं। उनके शब्दों में एक सच्चाई और अपनापन है। ऐसी आवाज कभी खत्म नहीं होती, बल्कि हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहती है।''
आयुष्मान के इस पोस्ट पर उनकी पत्नी ताहिरा कश्यप ने भी प्रतिक्रिया दी और हार्ट इमोजी के जरिए अपना प्यार जताया।
'12 फिल्मों में साथ किया काम, हर बार मास्टरक्लास जैसा था', अक्षय कुमार ने असरानी को किया याद

अभिनेता अक्षय कुमार दर्शकों के लिए अपनी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' पेश करने के लिए पूरी तैयार है। इस फिल्म में उनके साथ वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, मिथिला पालकर और असरानी अहम भूमिका में नजर आएंगे। इस बीच अक्षय कुमार ने दिवंगत अभिनेता असरानी के साथ अपने लंबे सफर को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया।
अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर असरानी के साथ ब्लैक एंड व्हाइट एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में दोनों कुर्सियों पर बैठे नजर आ रहे है और कुछ पढ़ते दिख रहे है।
इस तस्वीर के साथ अक्षय कुमार ने कैप्शन में लिखा, ''कभी-कभी एक तस्वीर सिर्फ यादों का टुकड़ा नहीं होती। एक पूरी यात्रा को समेटती है। ये तस्वीर हमारी 'भूत बंगला' की शूटिंग से है। असरानी जी के साथ ये मेरी दूसरी और आखिरी फिल्म थी।''
कुल 12 फिल्में हमने साथ की और हर एक में मैंने उनसे कुछ नया सीखा। हर बार यह एक मास्टरक्लास थी।
अक्षय कुमार ने अपने पोस्ट में बताया, ''मैंने असरानी के साथ कुल 12 फिल्मों में काम किया है। हर बार उनसे बहुत कुछ नया सीखा। हर बार मास्टरक्लास जैसा था।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ