सिनेजीवन: कुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे कमीडियन हर्ष गुजराल का बयान वायरल और आदित्य धर को सता रहा 'पाइरेसी' का डर
रिसेप्शन में पहुंचे हर्ष गुजराल ने अपने खास अंदाज में कपल को बधाई दी। फिल्म के निर्माता-निर्देशक आदित्य धर का कहना है, जिन्होंने 'पाइरेसी' का हिंट देते हुए फैंस से खास गुजारिश की है।

कोर्ट ने राजपाल यादव से पैसा लौटाने को कहा, अगली सुनवाई 1 अप्रैल को

चेक बाउंस मामले में फंसे बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की अंतरिम जमानत की अवधि खत्म होने के दिन दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने माना कि अभिनेता की तरफ से काफी रकम जमा की जा चुकी है लेकिन अदालत ने कहा कि अगर पूरा बकाया चुकाया जाता है तो मामला खत्म हो सकता है।
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने अदालत को बताया कि हमने नियमित जमानत के लिए याचिका दाखिल कर दी है। साथ ही, यह भी जानकारी दी कि संबंधित कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को अब तक 4.45 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है और 25 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट दिया जा रहा है।
इस पर कोर्ट ने कहा कि अभिनेता की तरफ से पर्याप्त धनराशि जमा की जा चुकी है, इसलिए फिलहाल उन्हें दोबारा जेल भेजने की जरूरत नहीं है। सुनवाई के दौरान जज ने सीधे तौर पर राजपाल यादव से पूछा कि क्या उन्होंने लोन लिया था। इस पर अभिनेता ने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि हां, उन्होंने कर्ज लिया था।
'दो वर्ल्ड कप जीत लिए…', कुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे कमीडियन हर्ष गुजराल का बयान वायरल

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव इन दिनों अपनी शादी को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत करने वाले कुलदीप ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शादी रचाई। मसूरी में हुए इस निजी समारोह के बाद लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया, जिसमें क्रिकेट जगत, राजनीति और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हुए।
इस बीच कमीडियन हर्ष गुजराल का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए दिया था।
रिसेप्शन में पहुंचे हर्ष गुजराल ने अपने खास अंदाज में कपल को बधाई दी। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''सबसे पहले, मैं कुलदीप को दिल से बधाई देना चाहता हूं। उनका कानपुर से गहरा नाता है, इसलिए हमारे लिए यह और भी खास मौका है। कुलदीप हमारे गृह प्रवेश पर आए थे और आज मैं उनके इस खास मौके पर शामिल होने आया हूं, मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।''
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कुलदीप शायद पहले ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 15 दिनों के अंदर दो 'वर्ल्ड कप' जीत लिए, एक असली क्रिकेट ट्रॉफी और दूसरा शादी।
मैं अपनी शर्तों पर जीती हूं, सिंगल रहना मेरी पसंद : दिव्या दत्ता

अभिनेत्री दिव्या दत्ता पर्दे पर जितने दमदार तरीके से हर एक किरदार को पेश करती हैं, वास्तविक जिंदगी में भी अपनी बेबाकी और सच्चाई से भरी बातों के लिए जानी जाती हैं। इसी कड़ी में दिव्या समाज की पुरानी और पितृसत्तात्मक सोच पर खुलकर बात करती नजर आईं।
आईएएनएस से खास बातचीत में दिव्या ने सिंगल रहने, शादी और मातृत्व को लेकर समाज की अपेक्षाओं पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि किसी भी इंसान की जिंदगी को एक ही तराजू में नहीं तोला जा सकता और हर किसी की कहानी अलग-अलग होती है।
दिव्या से जब पूछा गया कि आज के समय में सिंगल रहना कितना मुश्किल है और क्या समाज अब भी मानता है कि कोई महिला शादी या बच्चे होने से ही 'पूरी' होती है, तो उन्होंने अपनी राय रखते हुए बताया, "चाहे मेरे पास पार्टनर हो या मैं सिंगल हूं, मैं अपनी जिंदगी का मजा लेती हूं और यही सबसे ज्यादा मायने रखता है। मुझे लगता है कि हर इंसान की कहानी अलग होती है। यह आम राय बनाना कि पार्टनर होना अच्छा है या सिंगल रहना अच्छा है, यह किसी के लिए भी सही नहीं। जो आपके लिए सही काम करता है, वही सबसे बढ़िया है। मेरे लिए यह सही है और मैं इससे खुश हूं।"
उन्होंने आगे कहा, " मेरा स्पष्ट मानना है कि लोगों को दूसरों की जिंदगी के फैसलों पर राय नहीं बनानी चाहिए। अगर किसी को अच्छा पार्टनर मिल गया, तो उनके लिए सही है। अगर नहीं मिला, तो उन्हें जो सही लगे, वही करना चाहिए। आप किसी की जिंदगी को एक ही तराजू में नहीं तोल सकते। मेरी जिंदगी ऐसी ही रही है और मैं इसका मजा लेती हूं। इसलिए जो भी फैसले मैंने लिए, उन पर मुझे गर्व है।"
विद्या बालन ने 'सूबेदार' के लिए अनिल कपूर से पूछा, हर फिल्म में इतना समर्पण लाते कहां से हो

अभिनेता अनिल कपूर की हालिया रिलीज फिल्म सूबेदार का फीवर हर किसी के सर पर चढ़कर बोल रहा है। फिल्म की कहानी और एक्शन सीन ने हर किसी को दीवाना बना दिया है। बुधवार को अभिनेत्री विद्या बालन ने इसे खास अंदाज में सराहा।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म का पोस्टर पोस्ट किया। उन्होंने फिल्म को अनिल कपूर के स्टाइल में 'झक्कास' नाम से संबोधित किया। विद्या ने अनिल कपूर और पूरी टीम के समर्पण की जमकर तारीफ की। अभिनेत्री ने लिखा, "अनिल कपूर, आप हर फिल्म में इतना समर्पित कैसे रहते हैं? हमेशा कमाल।"
साथ ही, विद्या ने अन्य कलाकारों के काम को सराहा। उन्होंने राधिका को 'बड़ी गुंडी' और मोना सिंह को 'बड़ी शैतान' बताया। वहीं, निर्देशक सुरेश त्रिवेण की तारीफ में लिखा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि वे स्क्रीन पर इतनी हिंसा करने में कैसे सक्षम रहे। क्या शानदार काम किया। बहुत मजा आया।"
इसके अलावा विद्या ने प्रोडक्शन टीम की भी सराहना की। उन्होंने बाबु अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट, ओपनिंग इमेज ऑफिशियल और प्राइम वीडियो इंडिया को बधाई दी।
आदित्य धर को सता रहा 'पाइरेसी' का डर, सभी फैंस से की खास अपील

रणवीर सिंह और संजय दत्त स्टारर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का प्रेड-प्रीव्यू आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है और सामान्य तौर पर 19 मार्च को पैन-इंडिया स्तर पर फिल्म को रिलीज किया जाएगा।
साल की सबसे बड़ी और एक्शन से भरी फिल्म होने का दावा करती 'धुरंधर द रिवेंज' क्या 'पाइरेसी' का शिकार हो गई है? ऐसा हम नहीं, बल्कि फिल्म के निर्माता-निर्देशक आदित्य धर का कहना है, जिन्होंने 'पाइरेसी' का हिंट देते हुए फैंस से खास गुजारिश की है।
'धुरंधर: द रिवेंज' से पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म की कुछ क्लिप्स वायरल हो रही हैं, जिसमें फिल्म के एक्शन सीन और रणवीर सिंह से जुड़े कुछ सीन दिख रहे हैं। क्लिप्स की क्वालिटी काफी खराब है, लेकिन फिल्म से जुड़ा स्पॉइलर देती है। ऐसे में आदित्य धर ने फैंस से गुजारिश की है कि वे फिल्म से जुड़ी वीडियो को वायरल न करें।
उन्होंने लिखा, "हमने 'धुरंधर: द रिवेंज' को बनाने में अपना दिल लगा दिया है ताकि आप हर मोड़, हर भावना को ठीक उसी तरह महसूस कर सकें जैसा कि इसे महसूस किया जाना चाहिए। एक थिएटर में, अंधेरे में, दोस्तों, परिवार और यहां तक कि अजनबियों से घिरे हुए, हर कोई एक जैसी भावनाओं को महसूस कर रहा होगा।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia