सिनेजीवन: 'धुरंधर: द रिवेंज' ने तोड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड और बादशाह के 'टटीरी' सॉन्ग पर हरियाणा पुलिस सख्त
कलेक्शन की बात करें तो 'धुरंधर: द रिवेंज' का आधिकारिक कलेक्शन आदित्य धर की कंपनी बी62 स्टूडियो की तरफ से ही शेयर किया गया है। हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह के विवादित गीत 'टटीरी' के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

'धुरंधर: द रिवेंज' ने तोड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड, 4 दिन में पार किया 750 करोड़ का आंकड़ा
रणवीर सिंह और संजय दत्त की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर कहर मचा रही है। फिल्म के किरदार तो फैंस का दिल जीत ही रहे हैं, लेकिन साथ ही कर्मिशयली भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया है।
फिल्म ने चार दिनों में 750 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो 'जवान', 'पठान', और 'बाहुबली' जैसी फिल्मों के कलेक्शन से कई अधिक है।
कलेक्शन की बात करें तो 'धुरंधर: द रिवेंज' का आधिकारिक कलेक्शन आदित्य धर की कंपनी बी62 स्टूडियो की तरफ से ही शेयर किया गया है। बी62 स्टूडियो के द्वारा पेश किए आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन प्रेड- प्रीव्यू को मिलाकर 145 करोड़ का कलेक्शन किया है, जबकि दूसरे दिन 83 करोड़, तीसरे दिन 117 करोड़ और चौथे दिन 121 करोड़ का कलेक्शन किया है। कुल मिलाकर फिल्म ने भारत में 466 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। जबकि अगर ओवरसीज आंकड़ों की बात करें तो फिल्म ने विदेशों में भी अच्छा कलेक्शन किया है।
फिल्म ने विदेशी बाजार में 211 करोड़ की कमाई की है। फिल्म की कुल कमाई की बात करें तो मात्र 4 दिन में फिल्म ने कुल 761 करोड़ की कमाई कर ली है। फिल्म ने मात्र 4 दिनों में ही बाहुबली की कुल कमाई का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सैकनिल्क के मुताबिक बाहुबली ने बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई 650 करोड़ रुपए की थी। यह कलेक्शन फिल्म के ग्लोबल कलेक्शन को मिलाकर बताया गया था लेकिन 'धुरंधर: द रिवेंज' ने मात्र 4 दिन में बाहुबली के आंकड़ों को ध्वस्त कर दिया।
बादशाह के 'टटीरी' सॉन्ग पर हरियाणा पुलिस सख्त, सोशल मीडिया पर गाने से जुड़े 857 लिंक हटाए

हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह के विवादित गीत 'टटीरी' के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पंचकूला पुलिस के अनुसार अब तक इस गीत से जुड़े कुल 857 लिंक हटवाए जा चुके हैं। इनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं।
पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर सॉन्ग के सभी वर्जन जैसे री-अपलोड, शॉर्ट वीडियो और अन्य फॉर्मेट को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई उन आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ उठाई गई है, जिनमें महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अश्लील और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया कि राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी प्रकार के कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि ऐसे कंटेंट के खिलाफ लगातार निगरानी और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
करण जौहर ने क्लिकबेट हेडलाइंस पर कहा- शब्दों को गलत तरीके से पेश करना बंद करें

बॉलीवुड निर्देशक व निर्माता करण जौहर अक्सर अपने बयानों और फैशन स्टाइल को लेकर सुर्खियों का हिस्सा बने रहते हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान उनके द्वारा दिए गए बयान को लेकर वायरल होने के बाद फिल्ममेकर करण जौहर ने क्लिकबेट हेडलाइंस के बढ़ते चलन के खिलाफ एक सधी हुई अपील की।
करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने सभी से अपील करते हुए लिखा, "मैं क्लिकबेट हेडलाइन्स के बारे में विनम्रता से कुछ कहना चाहता हूं। हम में से कई लोग इंटरव्यू और पॉडकास्ट देते हैं, और खुशी-खुशी अपनी बात साझा करते हैं। जब किसी इंटरव्यू की एक लाइन को उसके असली मतलब से हटाकर दिखाया जाता है, तो वह सिर्फ क्लिकबेट बन जाता है। इससे हमें आगे बोलने में झिझक महसूस होती है।"
करण ने सभी से अनुरोध करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया कि बयानों को तोड़-मरोड़कर सनसनीखेज़ बनाने के बजाय उन्हें ईमानदारी से पेश किया जाना चाहिए।
सबको हंसाने वाले 'तिवारी जी' हुए इमोशनल, खास शख्स को दिया सफलता का सारा श्रेय

हिंदी सिटकॉम 'भाभी जी घर हैं' टीवी का सबसे पॉपुलर सीरियल रहा है, जिसके संवाद से लेकर किरदार ने फैंस को अपना दीवाना बना दिया।
सीरियल का कंटेंट भले ही डबल मीनिंग रहा लेकिन हल्की कॉमेडी के साथ सीरियल को दर्शकों का बहुत प्यार मिला और तिवारी जी और विभूति नारायण मिश्रा घर-घर फेमस हो गए। आज इस सीरियल को लिखने वाले लेखक मनोज संतोषी की पुण्यतिथि है और तिवारी जी उर्फ रोहिताश्व गौर ने लेखक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
रोहिताश्व गौर और सीरियल के बाकी किरदारों को फेमस करने में संवाद की अहम भूमिका रही, जिसमें डबल मीनिंग कंटेंट से लेकर हल्की-फुल्की कॉमेडी को भी शामिल किया गया, खासकर तिवारी जी और विभूति नारायण मिश्रा के किरदारों में। संवाद मनोज संतोषी ने लिखे, जिनका निधन 23 मार्च 2025 को हुआ था। अब रोहिताश्व गौर ने लेखक को याद कर उन्हें अपने करियर की सफलता का श्रेय दिया है।
अभिनेता सनी देओल ने मां को याद कर पोस्ट की खास तस्वीर

अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'लाहौर 1947' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। यह फिल्म विभाजन के समय की कहानी पर केंद्रित है और राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित है।
सोमवार को अभिनेता ने अपनी मां को याद करते हुए एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। इस तस्वीर में सनी अपनी मां के बहुत करीब झुके हुए नजर आ रहे हैं। दोनों हल्की-हल्की मुस्कान के साथ कैमरे की तरफ देख रहे हैं। अभिनेता ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "मां।"
बता दें कि दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर हैं। दोनों की शादी 1954 में हुई थी, जब धर्मेंद्र का फिल्मी सफर अभी शुरू भी नहीं हुआ था। इस शादी से उनके चार बच्चे हैं – दो बेटे सनी देओल और बॉबी देओल, जो दोनों ही बॉलीवुड में बड़े नाम हैं, और दो बेटियां विजेता और अजीता। प्रकाश कौर ज्यादातर मीडिया से दूर रहती हैं लेकिन सनी और बॉबी अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीर शेयर करते हैं। हालांकि, अभिनेता की बहनें भी लाइमलाइट से दूर रहती हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia