सिनेजीवन: रिलीज से पहले विवादों में घिरी 'धुरंधर द रिवेंज' और फराह ने 'सौ दर्द' गाने की शूटिंग की बताई खास सच्चाई
विक्की थॉमस सिंह का कहना है कि फिल्म से सिख को धूम्रपान करते दिखाने वाले सभी दृश्य तुरंत हटाए जाएं। फराह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान साल 2006 की फिल्म 'जान-ए-मन' के बारे में दिलचस्प बातें बताईं।

रिलीज से पहले विवादों में घिरी 'धुरंधर द रिवेंज', सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगा आरोप
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह, आर माधवन और संजय दत्त स्टारर फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। 18 मार्च को फिल्म का पेड-प्रीव्यू रखा गया है, लेकिन रिलीज होने से पहले ही फिल्म विवादों में घिरती नजर आ रही है। सिख समुदाय ने फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार पर सवाल उठा दिए हैं। उनका कहना है कि फिल्म में सिख समुदाय की छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है।
महाराष्ट्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने फिल्म के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर और सिख का कैरेक्टर निभाने वाले एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ सीबीएफसी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लीगल नोटिस दिया है।
नोटिस में कहा गया है कि सिख समुदाय तंबाकू नहीं खाता है और सिख धर्म में तंबाकू और धूम्रपान का सख्त निषेध है। ऐसे में फिल्म में इस तरह का सीन दिखाना न केवल धार्मिक रूप से असंवेदनशील है, बल्कि ये पूरे सिख समुदाय की आस्था का अपमान भी है।
विक्की थॉमस सिंह का कहना है कि फिल्म से सिख को धूम्रपान करते दिखाने वाले सभी दृश्य तुरंत हटाए जाएं। साथ ही फिल्म से जुड़े पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री से भी ऐसे दृश्य हटाए जाएं।
फराह खान ने 18 साल बाद 'सौ दर्द' गाने की शूटिंग की बताई खास सच्चाई

मशहूर कोरियोग्राफर, निर्देशक और यूट्यूबर फराह खान ने हिंदी सिनेमा में कई फिल्मों में शानदार गाने दिए हैं। कुछ फिल्में तो ऐसी थीं, जो भले ही बॉक्स ऑफिस पर कमाई करने में पीछे रही, लेकिन इसके गाने काफी हिट हुए थे।
फराह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान साल 2006 की फिल्म 'जान-ए-मन' के बारे में दिलचस्प बातें बताईं। उन्होंने खासकर सॉन्ग 'सौ दर्द' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस गाने में सलमान खान ने असल में रोते हुए परफॉर्मेंस दी थी।
फराह खान ने पॉडकास्ट का क्लिप इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर शेयर किया, जिसमें वे कहती हैं, "फिल्म 'जान-ए-मन' में मेरा सबसे अच्छा काम है। इसके गाने बहुत अच्छे थे, लेकिन पहचान कम मिली थी। सलमान ने इस फिल्म में कमाल की परफॉर्मेंस दी थी। सॉन्ग 'सौ दर्द' में वह ब्रुकलिन ब्रिज पर रोए थे, वो असली था। उन्होंने कोई ग्लिसरीन इस्तेमाल नहीं की थी। उस सीन में मैंने पहली बार सलमान को अपने दर्द को इतनी गहराई से महसूस करते और दिखाते देखा था।"
उन्होंने आगे कहा, "शूटिंग के दौरान कोई खास तैयारी नहीं थी। हम बस कैमरे के साथ घूम-घूम कर शूट कर रहे थे। तभी सलमान सच में रो रहे थे। कोई ग्लिसरीन नहीं, कोई फेक नहीं। बस असली इमोशनंस थे। वह पल बहुत जादुई था। मैं उस सीन को काटना नहीं चाहती थी।"
फराह ने बताया कि जब यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी, तो वह खुद दुखी होकर रो पड़ी थीं।
संघर्ष को बनाया स्वैग: हनी सिंह का वो दौर, जब सफेद बनियान और कार्गो पैंट ने किया था यूथ को पागल

शुरुआती करियर हर किसी का संघर्ष से भरा होता है लेकिन उसी संघर्ष को अगर पहचान और स्टाइल स्टेटमेंट बना लिया जाए तो ऐसा ही होशियारपुर के सिख परिवार से तालुक रखने वाले हृदेश सिंह उर्फ यो यो हनी सिंह ने किया।
सिंगर हनी सिंह पंजाब के गांव एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे, जहां बड़े सपने देखना और उन्हें पूरा करना मुश्किल था, लेकिन हृदेश सिंह ने संघंर्ष को चुन न सिर्फ संगीत का नया रूप दिया बल्कि युवाओं के बीच पहुंचकर फैशन को भी बदलकर रख दिया।
15 मार्च को जन्मे हृदेश सिंह को नहीं पता था कि वो ग्लोबल स्टार बनने वाले हैं। सिंगर की परवरिश और शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में हुई थी और उन्होंने 12 साल की उम्र में संगीत से जुड़ाव महसूस किया। इसके बाद हनी सिंह ने इंग्लैंड के मशहूर ट्रिनिटी स्कूल से शिक्षा ली और म्यूजिक प्रोडक्शन की बारिकियाँ सीखीं, जिसने उनके गानों को एक इंटरनेशनल टच दिया। बहुत कम लोग जानते हैं कि हनी सिंह ने संगीतकार एआर रहमान से प्रेरित होकर संगीत में आने का फैसला लिया था। स्कूल के समय ही सिंगर की टीचर ने उनकी प्रतिभा को पहचान लिया था और उनकी मां को उन्हें मुंबई भेजने की सलाह दी थी।
टीचर ने कहा था कि हृदेश शाहरुख खान के जैसे अपना नाम बना सकता है। शायद इसे ही मेनिफेस्टेशन की ताकत कहते हैं क्योंकि सिंगर शाहरुख खान के बड़े फैन थे और हमेशा से उनके लिए गाना चाहते थे। सालों बाद उन्होंने शाहरुख खान के साथ 'लुंगी डांस' जैसा सुपरहिट गाना दिया, जिसके लिए खुद शाहरुख खान ने उन्हें सामने से फोन किया था।
करण जौहर ने 'सूबेदार' को बताया शानदार, पूरी टीम को दी बधाई

एक्शन-ड्रामा फिल्म 'सूबेदार' ओटीटी रिलीज के बाद काफी चर्चा में है। हर कोई अनिल कपूर के एक्शन अवतार और फिल्म की कहानी की जमकर तारीफ कर रहा है। अब इस कड़ी में फिल्ममेकर करण जौहर का नाम जुड़ गया है।
करण जौहर ने शनिवार को इंस्टाग्राम के जरिए अनिल कपूर के काम की जमकर सराहना की। उन्होंने अनिल कपूर के एक्शन अवतार की तस्वीर शेयर की। इसके साथ ही करण जौहर ने लिखा, "मैं इस शानदार और दमदार फिल्म को देखने के लिए देर से पहुंचा था। क्या कमाल की फिल्म है और अनिल कपूर ने कितनी मजेदार और शानदार परफॉर्मेंस दी है कि वह सच में कमाल हैं।"
इसी के साथ करण ने पूरी स्टार कास्ट की जमकर सराहना करने के साथ बधाई भी दी। करण ने लिखा, "पूरे कास्ट, सुरेश और प्राइम वीडियो को इतनी बेहतरीन और शानदार फिल्म बनाने के लिए बधाई।"
सुरेश त्रिवेणी द्वारा निर्देशित एक्शन और ड्रामा से भरपूर फिल्म 'सूबेदार' में अनिल कपूर के अलावा, राधिका मदान, मोना सिंह, अदित्य रावल और सौरभ शुक्ला जैसे मंझे हुए कलाकार अहम किरदार में हैं।
राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश की 'रफ्तार' का फर्स्ट लुक आउट, 24 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता राजकुमार राव अपनी आगामी फिल्म 'रफ्तार' में साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री कीर्ति सुरेश के साथ नजर आएंगे। शनिवार को मेकर्स ने पहला पोस्टर जारी कर रिलीज डेट की घोषणा की।
राजकुमार राव ने फिल्म का पोस्टर इंस्टाग्राम पर शेयर किया और पोस्टर काफी शानदार है। ब्लैक और मेटैलिक गोल्ड टोन वाले स्लीक, डार्क और मिस्टीरियस डिजाइन में, पोस्टर पर 'रफ्तार' लिखा है। वहीं, टाइटल के ऊपर कीर्ति सुरेश और अभिनेता राजकुमार राव का नाम लिखा हुआ है।
राजकुमार ने पोस्ट कर लिखा, "महत्वाकांक्षा ने इसे बनाया और लालच इसकी परीक्षा लेगा। 'रफ्तार' 24 जुलाई को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।" इस फिल्म का निर्देशन आदित्य निंबालकर कर रहे हैं जबकि इसे राजकुमार राव की पत्नी पत्रलेखा अपने बैनर 'कम्पा फिल्म' के तहत प्रोड्यूस कर रही हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia