सिनेजीवन: पृथ्वी दिवस पर दीया मिर्जा ने की खास पोस्ट और शूटिंग के दौरान नेहा धूपिया का शुरू हो गया था लेबर पेन
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री दीया मिर्जा लंबे समय से पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरुक करती आ रही हैं। नेहा धूपिया ने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान काम को लेकर अपने अनुभव को साझा किया है।

नेहा धूपिया का खुलासा: यशराज स्टूडियो में शूटिंग के दौरान शुरू हो गया था लेबर पेन
फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों के लिए मां बनना सिर्फ एक निजी अनुभव नहीं होता, बल्कि इसके साथ कई जिम्मेदारियां और चुनौतियां भी जुड़ी होती हैं। खासकर तब, जब करियर और परिवार दोनों को साथ लेकर चलना हो। इसी कड़ी में नेहा धूपिया ने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान काम को लेकर अपने अनुभव को साझा किया है।
दरअसल, हाल ही में नेहा धूपिया, परिणीति चोपड़ा के नए टॉक शो 'मॉम टॉक्स ' में नजर आईं। इस शो में सेलेब्स अपने पेरेंटिंग अनुभव साझा करते हैं। शो के दौरान नेहा ने अपनी प्रेग्नेंसी के समय का एक ऐसा अनुभव बताया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि वे अपने काम को लेकर इतनी समर्पित थीं कि प्रेग्नेंसी के आखिरी समय तक काम करती रहीं।
नेहा धूपिया ने कहा, ''मैंने करीब साढ़े आठ महीने की प्रेग्नेंसी तक काम किया। मैं चाहती थी कि मां बनने के बाद भी मेरा काम जारी रहे और मैं जल्द ही अपने प्रोफेशन में वापस लौट सकूं। मुझे शूटिंग के दौरान ही लेबर पेन शुरू हो गए थे। यह सब यशराज स्टूडियो में हुआ, जहां मैं काम कर रही थी। यह अनुभव मेरे लिए काफी अलग और यादगार रहा।''
100 करोड़ के क्लब में शामिल होने के लिए तैयार 'भूत बंगला', पांच दिनों में किया शानदार कलेक्शन

अक्षय कुमार, राजपाल यादव और वामिका गब्बी स्टार फिल्म 'भूत बंगला' ने दर्शकों का दिल जीतने के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की और वीकेंड के साथ फिल्म की कमाई बढ़ती जा रही है।
जल्द ही फिल्म सेंचुरी पूरी करने के लिए तैयार है। फिल्म में शानदार कॉमेडी से दिल जीतने वाले राजपाल यादव ने फिल्म का शानदार कलेक्शन शेयर किया है।
अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'भूत बंगला' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है और पूरे भारत में 97.75 करोड़ का कलेक्शन करने में कामयाब रही है जबकि वैश्विक स्तर पर फिल्म का कलेक्शन 102 करोड़ से ज्यादा का है। फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन भारत में 21.60 करोड़, दूसरे दिन 25.65 करोड़, तीसरे दिन 30.20 करोड़ और चौथे और पांचवें दिन तकरीबन 20 करोड़ की कमाई की है। हालांकि फिल्म सेंचुरी से चूक गई है लेकिन जल्द ही 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने के लिए तैयार है।
पृथ्वी दिवस पर दीया मिर्जा ने की खास पोस्ट, बेटे को सिखा रही हैं धरती और प्रकृति का सम्मान

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री दीया मिर्जा लंबे समय से पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरुक करती आ रही हैं। इस कड़ी में पृथ्वी दिवस के मौके पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। दीया ने बताया कि कैसे उन्होंने अपने बेटे अव्यान को प्रकृति, किसानों और खाना बनाने वालों के प्रति आभार जताना सिखाया है।
उन्होंने अपने पोस्ट की शुरुआत एक संस्कृत के श्लोक से की, जिसमें उन्होंने लिखा, 'माता भुमि पुत्रोहम पृथ्व्याम', जिसका अर्थ है कि पृथ्वी हमारी मां है और हम उसके बच्चे हैं।'
दीया ने आगे लिखा, "अव्यान हर भोजन के बाद कहता है, 'थैंक यू मम्मा अर्थ, थैंक यू किसान और थैंक यू टू द पर्सन हू हैव हियर।' जब से अव्यान ने सॉलिड खाना शुरू किया था, तभी से उसे यह आदत डाली गई कि वह हर भोजन के बाद प्रकृति, किसानों और उस व्यक्ति का धन्यवाद करे जिसने खाना बनाया है। यह छोटी सी आदत अब हमारे घर में रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है।"
दीया मिर्जा ने आगे कहा, ''अब मेरा बेटा खुद को इस धरती का एक नागरिक मानने लगा है। वह समझता है कि जो खाना वह खाता है, जो पानी वह पीता है और जो जीवन वह जी रहा है, वह सब धरती मां की देन है। जब बच्चे छोटी उम्र से ही इस तरह की सोच के साथ बड़े होते हैं, तो वे न सिर्फ जिम्मेदार नागरिक बनते हैं बल्कि प्रकृति के प्रति ज्यादा संवेदनशील भी होते हैं।''
शादी की 55वीं सालगिरह पर राकेश रोशन ने साथ निभाने के लिए पत्नी पर लुटाया प्यार

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राकेश रोशन बुधवार को अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं। इस खास अवसर पर उन्होंने पत्नी पिंकी रोशन के लिए सोशल मीडिया पर खास नोट लिखा।
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर पिंकी के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं। ये तस्वीरें पेरिस की हैं, जहां पर दोनों अपनी शादी की सालगिरह मनाते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में दोनों के बीच खास बॉन्ड देखने को मिल रहा है। इस पोस्ट के जरिए राकेश ने बताया कि शादी के इन पांच दशकों का सफर आसान नहीं था। उन्होंने लिखा, "हमने अपनी शादी के 55 साल संघर्ष करते हुए बिताए हैं और आज भी हम एफिल टावर से भी ज्यादा मजबूती से एक दूसरे के साथ खड़े हैं। हमें शादी की सालगिरह मुबारक।"
राकेश की यह पोस्ट सभी को काफी पसंद आई। उनके बेटे और अभिनेता ऋतिक रोशन समेत कई फिल्मी सितारों ने इस जोड़े को शुभकामनाएं दीं। फैंस ने उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए उन्हें 'पावर कपल' बताया। ऋतिक ने लिखा, "मेरी दिल की धड़कनें।" रजत बेदी ने लिखा, "आप दोनों को सालगिरह की अनंत बधाई।"
शेखर सुमन ने शुरू की फिल्म एकेडमी, बोले-'संघर्ष और अनुभव से सीखा, अब नई पीढ़ी को सिखाने का समय'

फिल्म इंडस्ट्रीज में कई ऐसे कलाकार होते हैं, जो सिर्फ अपने काम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए रास्ता बनाने की भी कोशिश करते हैं। शेखर सुमन उन्हीं कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने अपने लंबे और उतार-चढ़ाव भरे करियर से जो सीखा, अब उसे दूसरों तक पहुंचा रहे हैं। एक्टिंग, लेखन, निर्देशन और होस्टिंग जैसे कई क्षेत्रों में काम कर चुके शेखर सुमन ने हाल ही में 'शेखर सुमन फिल्म एकेडमी' की शुरुआत की।
शेखर सुमन ने समय-समय पर खुद को बदला और नई चीजें सीखीं। उन्होंने अभिनय के साथ-साथ कहानियां लिखीं, शो को होस्ट किया और निर्देशन भी किया, जिससे उन्हें इंडस्ट्री की गहरी समझ आई। उनका मानना है कि एक कलाकार को सिर्फ कैमरे के सामने अच्छा दिखना ही नहीं, बल्कि कहानी और दर्शकों को समझना भी जरूरी होता है।
अपने सफर को याद करते हुए शेखर सुमन ने कहा, ''मेरे करियर में अच्छे समय आए और ऐसे दौर भी आए जब सब कुछ मुश्किल लगने लगा। लेकिन मैंने हमेशा यह माना कि वही मुश्किल समय हमें नया बनाते हैं और हमें आगे बढ़ने की ताकत देते हैं। मैंने समय के साथ धैर्य रखना सीखा और अपने फैसलों पर भरोसा करना भी, जो किसी भी कलाकार के लिए बेहद जरूरी होता है।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia