सिनेजीवन: दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान और सैफ ने सुनाया करीना के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा

एनसीपी (शरदचंद्र परिवार) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो का कहना है कि दीया मिर्जा ने हाई कोर्ट के आदेशों का पालन किया है। सैफ अली खान ने हाल ही में पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर खान के साथ अपनी पहली बाइक राइड का एक मजेदार किस्सा सुनाया।

दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान
i

दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान, शिवसेना ने किया विरोध तो एनसीपी आई सपोर्ट में 

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा अभिनेत्री दीया मिर्जा का पर्यावरण-अनुकूल और पटाखा-मुक्त दीपावली को बढ़ावा देने वाला जागरूकता वीडियो हटाए जाने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। एक ओर शिवसेना के नेता आनंद दुबे ने वीडियो का विरोध किया है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो अभिनेत्री दीया मिर्जा के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र परिवार) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो का कहना है कि दीया मिर्जा ने हाई कोर्ट के आदेशों का पालन किया है। उन्होंने कहा, "दीया मिर्जा ने खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर वीडियो जारी नहीं किया है, बल्कि बीएमसी के किसी इंचार्ज ने उन्हें वीडियो बनाने के लिए अप्रोच किया था और दीया मिर्जा ने वीडियो बना दी, तब कहीं जाकर बीएमसी के हैंडल पर वीडियो डाली गई। जब दीया मिर्जा को अप्रोच किया जा रहा था, तब बीएमसी की मेयर ऋतु रावडे को इस बात की जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने उस समय कुछ भी क्यों नहीं कहा था? इसका मतलब है कि बीएमसी में भी अलग-अलग ग्रुप बन रहे हैं, जो मेयर को कुछ बताते नहीं हैं।"

 उन्होंने आगे कहा, "इसी तरह का वीडियो माधुरी दीक्षित और अजिंक्य रहाणे ने भी बनाया था। दोनों ने भी वही बात कही थी। इस वीडियो को लेकर बेवजह विवाद बढ़ाया जा रहा है। देखिए, दीपावली का त्योहार हम सभी मनाते हैं। यह खुशी का पर्व है, तो जब भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस तरह की बातें कही जाती हैं, तो यह गलत है। दीया मिर्जा ने कोई गलती नहीं की, उन्हें सिर्फ बताया गया था कि ये हाई कोर्ट के आदेश हैं। बीएमसी ने वही बात दीया मिर्जा समेत सभी कलाकारों से कहलवाई, लेकिन भाजपा बात का बतंगड़ बना रही है।"

सैफ अली खान ने सुनाया करीना कपूर के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा, बोले- 'उन्हें बाइक नहीं, शायद मैं पसंद था'

सिनेजीवन: दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान और सैफ ने सुनाया करीना के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने हाल ही में पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर खान के साथ अपनी पहली बाइक राइड का एक मजेदार किस्सा सुनाया। यह किस्सा साल 2008 में आई फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान का है, जब दोनों लद्दाख में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। 

उस वक्त सैफ और करीना के बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती थी और दोनों सिर्फ को-स्टार के तौर पर एक-दूसरे से मिलते थे। लेकिन एक बाइक राइड के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसे सैफ आज भी याद करके हंसते हैं।

दरअसल, सैफ अली खान हाल ही में मेगास्टार अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ पहुंचे थे। शो के दौरान उन्होंने करीना के साथ अपनी पहली बाइक राइड का किस्सा साझा किया।

सैफ ने कहा, ''फिल्म 'टशन' की शूटिंग के शुरुआती दिनों में मेरी और करीना की ज्यादा बातचीत नहीं होती थी। हम दोनों एक-दूसरे के साथ सिर्फ औपचारिक तरीके से पेश आते थे। इसी दौरान किसी ने मुझसे कहा कि मुझे करीना को बाइक राइड के लिए पूछना चाहिए, क्योंकि उन्हें मोटरसाइकिल बहुत पसंद हैं। उस समय मैंने लद्दाख में एक बाइक रेंट पर ली हुई थी। वहां की सड़कें बेहद खूबसूरत थीं और मैं अक्सर हेडफोन लगाकर बाइक से ही शूटिंग लोकेशन पर जाता था। एक दिन मैंने करीना से पूछा कि क्या वह मेरे साथ बाइक राइड पर चलना पसंद करेंगी। इस पर करीना ने खुशी-खुशी हां कह दिया।''


इमरान हाशमी की 'रूह' में डर के साथ दिखेगा रोमांस का तड़का, संगीत बनेगा कहानी की जान

सिनेजीवन: दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान और सैफ ने सुनाया करीना के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा

बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'रूह' में डर और रोमांस के साथ संगीत भी अहम होगा। इमरान का कहना है कि उनकी फिल्मों से दर्शकों को जोड़ने में म्यूजिक हमेशा से खास भूमिका निभाता आया है, इसलिए इस फिल्म में भी संगीत पर बारीकी से काम किया जाएगा।

फिल्म के म्यूजिक को लेकर इमरान हाशमी ने कहा, ''इस फिल्म के लिए कुमार तौरानी के साथ काम करना मेरे लिए किसी संयोग से कम नहीं है। संगीत हमेशा से इस बात का अहम हिस्सा रहा है कि दर्शक मेरी फिल्मों से किस तरह जुड़ते हैं। 'रूह' के जरिए हम ऐसा संगीत पेश करना चाहते हैं, जो फिल्म की आत्मा को बयां करे। यह फिल्म रोमांस, रहस्य और भावनाओं से जुड़ी होगी।''

इस फिल्म के लिए टिप्स फिल्म्स और टिप्स म्यूजिक के कुमार तौरानी ने इमरान हाशमी के साथ हाथ मिलाया है। दोनों मिलकर 'रूह' को प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह एक म्यूजिकल हॉरर फिल्म होगी, जिसमें डर के साथ भावनाओं और रोमांस को भी खास जगह दी गई है।

शाहिद कपूर ने भाई ईशान खट्टर को जल्द शादी कर लेने की दी सलाह

सिनेजीवन: दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान और सैफ ने सुनाया करीना के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा

अभिनेता शाहिद कपूर ने पत्नी मीरा राजपूत और भाई ईशान खट्टर के साथ कपिल शर्मा के शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में शिरकत की थी। शो के दौरान अभिनेता ने बताया कि पुरुषों को शादी में देरी नहीं करनी चाहिए।

शो के दौरान अभिनेता ने अपने भाई ईशान खट्टर को सलाह देते हुए कहा कि वह उनकी तरह शादी में देरी न करें और जल्द शादी कर लें। इस पर जब कपिल ने पूछा कि उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि शादी में देरी नहीं होनी चाहिए, तो शाहिद ने कहा कि शादी के बाद उन्हें समझ आया कि प्रोफेशनल लाइफ और पर्सनल लाइफ में फर्क क्या होता है।

शाहिद ने कहा, "मुझे लगता है कि जब तक आप शादी नहीं करते, खासकर पुरुषों के लिए आपका काम ही आपकी जिंदगी होता है। हालांकि शादी के बाद आपको काम और निजी जिंदगी के बीच का अंतर समझ में आता है।"

उन्होंने कहा, "दूसरी बात ये है कि मेरा बेटा 8 साल का है और उसे क्रिकेट- फुटबॉल दोनों बहुत पसंद हैं, मैं ये सोचता हूं कि उसके साथ मैं ये सारे गेम कब तक खेल पाऊंगा। वहीं, मेरी बेटी को क्लाइम्बिंग पसंद है, तो मैं चाहता हूं कि दोनों जब तक बड़े हों, तब तक मैं उनके साथ वो सारी चीजें कर पाऊं। देखिए, जब तक आप जवान होते हो, बस तब तक ही सारी चीजें करना आसान होता है लेकिन एक उम्र के बाद वो सारी चीजें करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।"


मोरपुर पैलेस के खुलेंगे दरवाजे, 'द रॉयल्स' सीजन 2 की शूटिंग शुरू, ईशान खट्टर समेत लौटेंगे ये सितारे 

सिनेजीवन: दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर सियासी घमासान और सैफ ने सुनाया करीना के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा

अभिनेता ईशान खट्टर की रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'द रॉयल्स' के सीजन 2 की शूटिंग शुरू हो गई है। मोरपुर फैमिली अपनी शानदार केमिस्ट्री, उलझे हुए रिश्तों और बड़े ड्रामे के साथ वापसी के लिए तैयार है, जिसने सीजन 1 को दुनियाभर में चर्चा का विषय बना दिया था।

सीजन 1 ने मॉडर्न इंडियन रॉयल्टी की एक नई और ग्लैमरस झलक दिखाई थी और दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीता था। यह पहली इंडियन सीरीज बनी, जिसने नेटफ्लिक्स के ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश टीवी शोज में 58 देशों में ट्रेंड किया था। इस सीरीज ने वीकली ग्लोबल रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया था और भारत समेत सात देशों में नंबर वन पर रही थी।

फैंस अपने पसंदीदा चेहरों की वापसी का इंतजार कर सकते हैं, जिनमें ईशान खट्टर, जीनत अमान, साक्षी तंवर, विहान समत और काव्या त्रेहान अपने उन किरदारों में फिर से नजर आएंगे, जिन्हें दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। इसके साथ ही नए सीजन को नित्या मेहरा और तनुज चोपड़ा डायरेक्ट करेंगे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए