सिनेजीवन: कॉन्सर्ट में झंडे-बैनर विवाद पर दिलजीत दोसांझ ने तोड़ी चुप्पी और डिजाइनिंग की दुनिया में ईशा देओल की एंट्री
दिलजीत दोसांझ ने अपने कॉन्सर्ट में बैनर और झंडों को लेकर हुए हालिया विवाद पर जवाब दिया है। अभिनेत्री ईशा देओल ने इंटीरियर डिजाइनिंग में 'द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' के साथ हाथ मिलाया है।

कॉन्सर्ट में झंडे-बैनर विवाद पर दिलजीत दोसांझ ने तोड़ी चुप्पी, बोले-'गलत बातें न फैलाएं'
गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपने कॉन्सर्ट में बैनर और झंडों को लेकर हुए हालिया विवाद पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि उनका ऐतराज कभी भी झंडों या बैनरों पर नहीं था बल्कि उनके पीछे के मकसद पर था।
दरअसल, कनाडा के कैलगरी में कॉन्सर्ट के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों की ओर से खालिस्तान के समर्थन में झंडे लहराए जाने पर दिलजीत दोसांझ भड़क गए थे। उन्होंने खालिस्तानी समर्थकों को स्टेज से ही जवाब दिया और उनसे झंडे कहीं और ले जाने के लिए कहा। दिलजीत ने कहा, "इस जगह का इस्तेमाल उसी मकसद के लिए करें जिसके लिए यह बना है।"
दिलजीत दोसांझ ने कहा कि कॉन्सर्ट में रुकावट डालने और उनके खिलाफ विरोध के तौर पर झंडों का इस्तेमाल करने के कारण उन्हें हटाया गया। अपने स्टोरीज सेक्शन में उन्होंने इसे 'फेक नैरेटिव' बताया और कहा कि वह किसी को भी अपने फैंस को परेशान करने या उनके शो में रुकावट डालने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
डिजाइनिंग की दुनिया में ईशा देओल की एंट्री, धर्मेंद्र के बनाए लोगो के साथ शुरू किया अपना नया प्रोजेक्ट

अभिनेत्री ईशा देओल ने इंटीरियर डिजाइनिंग में 'द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' के साथ हाथ मिलाया है। यह उनके लिए एक नया और रोमांचक सफर है, जिसमें वह घरों की सुंदर डिजाइन और आधुनिक लिविंग स्टाइल से जुड़ेंगी।
अभिनेत्री ने सोमवार को इसी प्रोजेक्ट से जुड़े आयोजन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए बताया कि उनके पिता को डिजाइन और लैंडस्केप की दुनिया में गहरी दिलचस्पी थी।
उन्होंने कहा, "यह उत्साह और भावनाएं ठीक वैसी ही हैं जैसी मैंने साल 2000 में महसूस की थीं, जब मैं अपनी पहली फिल्म के लिए 'मुराद शॉट' दे रही थी और आज, 2026 में, जब मैं एक बिल्कुल नई भूमिका और एक नई यात्रा की शुरुआत कर रही हूं, तो भावनाएं लगभग वैसी ही हैं, लेकिन सबसे खूबसूरत बात यह है कि मैं यहां कई जाने-पहचाने चेहरे देख सकती हूं, जो उस समय भी मेरे साथ थे और आज भी हैं। यह मेरे लिए सचमुच बहुत मायने रखता है।"
ईशा कहती हैं, "इस यात्रा का जिक्र मेरे पिता धर्मेंद्र जी के बिना अधूरा ही रहेगा। हम दोनों ही डिज़ाइन्स के प्रति गहरी रुचि रखा करते थे और हमारे बीच का वह खास रिश्ता आज भी मेरे साथ है। पापा और मैं अक्सर अलग-अलग तरह के लैंडस्केप, घरों और साधारण जगहों की डिज़ाइन पर चर्चा किया करते थे और वह हमेशा मुझसे कहते थे, 'लगी रहो, करती रहो।' ये शब्द आज भी मेरे साथ हैं और मुझे राह दिखाते हैं। मेरी रचनात्मकता पर उनके भरोसे ने ही मुझे आज पूरी लगन से इस काम को आगे बढ़ाने की हिम्मत दी है।"
एक्ट्रेस करिश्मा टन्ना ने प्रेग्नेंट महिलाओं से की खास गुजारिश, बताए वॉकिंग के फायदे

अभिनेत्री करिश्मा तन्ना जल्द ही अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाली हैं। उन्होंने अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया है कि
गर्भावस्था के दौरान रोजाना सैर करने से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रहने में काफी मदद मिली है।
करिश्मा ने जिम से अपना एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह ट्रेडमिल पर चलती हुई नजर आ रही हैं। प्रेग्नेंसी को खूबसूरत, लेकिन चुनौतीपूर्ण बताते हुए एक्ट्रेस ने सभी 'होने वाली मांओं' से कहा कि वे अपने साथ नरमी बरतें, लेकिन पूरी तरह से चलना-फिरना बंद न करें।
इस क्लिप में करिश्मा को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "हाय दोस्तों, सभी होने वाली मांओं के लिए बस एक छोटी सी याद दिलाना चाहती हूं। प्रेग्नेंसी के दौरान एक चीज जो सच में मेरी मदद करती है, वह है चलना। रोजाना बस थोड़ी देर चलने से भी शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत फर्क पड़ता है।"
करिश्मा तन्ना ने कहा, "मेरा यकीन मानिए। प्रेग्नेंसी एक बहुत ही खूबसूरत अनुभव है, लेकिन हां जिस तरह से शरीर में बदलाव आते हैं, थकान होती है, ये सब बिल्कुल सच है और इसी वजह से शरीर को गतिशील रखना बहुत-बहुत जरूरी हो जाता है। मेरा मतलब है, कोई दबाव नहीं है, बस आप सक्रिय रहें, मजबूत रहें और अपने शरीर से जुड़ाव बनाए रखें।"
अभिनेत्री सुम्बुल तौकीर ने कहा-ज्यादा घंटे काम करने के बाद तरोताजा होने को आराम जरूरी

अभिनेत्री सुम्बुल तौकीर ने टीवी में लंबे काम के घंटों पर अपने विचार शेयर करते हुए कहा कि ज्यादा घंटे काम करने के बाद तरोताजा होने के लिए आराम जरूरी है।
आईएएनएस के साथ बातचीत में सुम्बुल ने बताया कि हर दिन इतने लंबे समय तक काम करने का असर किसी की भी शारीरिक और मानसिक सेहत पर पड़ना तय है और इसलिए ठीक से आराम करना बहुत जरूरी है।
जब उनसे पूछा गया कि टीवी में लंबे काम के घंटों के बारे में आपके क्या विचार हैं तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि मैंने लगभग हर शो में लंबे काम के घंटे अनुभव किए हैं। शारीरिक और मानसिक, दोनों तरह से यह बहुत थकाने वाला होता है। आप लगातार परफॉर्म कर रहे होते हैं, डायलॉग याद कर रहे होते हैं और फोकस बनाए रखते हैं। अगर आप ज़्यादा घंटे काम कर रहे हैं, तो उसके बाद दोबारा तरोताजा होने के लिए ठीक से आराम करना जरूरी है।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें कभी सेट पर बर्ताव को लेकर कोई दिक्कत हुई तो उन्होंने इससे इनकार करते हुए कहा कि अगर कभी ऐसा होता है, तो मैं निश्चित रूप से इसके बारे में बात करूंगी।
एक्ट्रेस ऐश्वर्रा सखुजा ने डायबिटीज मरीजों की हिम्मत को किया सलाम, कहा- यह सिर्फ चीनी कम खाने की जंग नहीं

टीवी एक्ट्रेस ऐश्वर्रा सखुजा डायबिटीज टाइप-1 से पीड़ित हैं। वे अक्सर सोशल मीडिया के माध्यम से डायबिटीज को लेकर जागरूकता फैलाती रहती हैं। सोमवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर डायबिटीज मरीजों के संघर्ष के बारे में बताया और उनकी सराहना की।
ऐश्वर्रा सखुजा ने लिखा, "कुछ भी खाने से पहले सोचना पड़ता है। कहीं बाहर जाना हो तो पहले से तैयारी करनी पड़ती है। कभी शुगर बहुत कम हो जाए, तो खुद को तुरंत संभालना पड़ता है और ज्यादा हो जाए तो शरीर थका हुआ महसूस करता है। नींद टूट जाती है, मूड स्विंग होता है। शरीर में कमजोरी महसूस होती है।"
उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है जैसे हर समय अपने शरीर को संतुलित रखने की कोशिश चल रही हो। फिर भी डायबिटीज से जूझ रहे लोग हर सुबह उठते हैं और पूरे हौसले के साथ अपना दिन शुरू करते हैं।"
उन्होंने कहा, "इंसुलिन हमारे शरीर का बहुत जरूरी हार्मोन है। यह शरीर को ऊर्जा सही तरीके से इस्तेमाल करने में मदद करता है। इसे इंजेक्शन, पंप, दवाओं, शुगर चेक, खान-पान और लगातार सावधानी से संभालना आसान काम नहीं है। इसके लिए रोज अनुशासन, धैर्य, हिम्मत और मानसिक ताकत चाहिए होती है। डायबिटीज में कभी छुट्टी नहीं होती।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
