सिनेजीवन: बतौर निर्माता नर्वस महसूस कर रहीं आलिया भट्ट और करीना ने रीक्रिएट किया बहन करिश्मा का आइकॉनिक 'जुबैदा' लुक
आलिया भट्ट ने बताया कि वह फिल्म के साथ चार नए एक्टर्स और एक डेब्यूटेंट डायरेक्टर को इंट्रोड्यूस करने को लेकर ज्यादा नर्वस हैं। करीना कपूर खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'दायरा' के प्रमोशन के दौरान बहन करिश्मा कपूर के यादगार फैशन मोमेंट को रीक्रिएट किया।

बतौर निर्माता 'डोंट बी शाय' को लेकर नर्वस महसूस कर रहीं आलिया भट्ट
अभिनेत्री आलिया भट्ट इन दिनों अपनी प्रोड्यूस आगामी फिल्म 'डोंट बी शाई' को लेकर सुर्खियों में चल रही हैं। अभिनेत्री ने ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान बताया कि वह फिल्म के साथ चार नए एक्टर्स और एक डेब्यूटेंट डायरेक्टर को इंट्रोड्यूस करने को लेकर ज्यादा नर्वस हैं।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान आलिया से पूछा गया था कि क्या उन्हें कभी लगा कि उन्हें भी इस फिल्म में एक्टिंग करनी चाहिए थी, तो इस पर उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि मुझे इस फिल्म में एक्टिंग करनी चाहिए थी।"
आलिया ने फिल्म को लेकर उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस करने से उन्हें एक अलग तरह की खुशी मिली है, क्योंकि वह शुरू से ही इसकी कहानी और इसकी दुनिया बनाने में शामिल रही हैं। उन्होंने कहा, "14 साल पहले मैंने फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से एक एक्टर के तौर पर अपना डेब्यू किया था और अब इतने सालों बाद मैं चार नए एक्टर्स और एक डेब्यूटेंट डायरेक्टर को इंट्रोड्यूस कर रही हूं और मैं अभी उनसे कहीं ज्यादा नर्वस हूं। क्योंकि, आपके सवाल का जवाब दूं तो, मुझे एक एक्टर होना और कैमरे के सामने रहना पसंद है, लेकिन एक प्रोड्यूसर होने का एक अलग ही तरह का सुकून है।"
शादी की सालगिरह पर पति रवि दुबे की याद में इमोशनल हुईं लिलेट दुबे, शेयर की पुरानी तस्वीर

'जुबेदा,' 'कल हो ना हो' और 'चलते चलते' समेत कई फिल्मों में काम कर अपनी अलग पहचान बनाने वाली अभिनेत्री लिलेट दुबे ने शनिवार को अपनी शादी की सालगिरह पर अपने गुजरे हुए पति रवि दुबे को याद किया।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर पति संग कुछ तस्वीर पोस्ट की,। इस तस्वीर में दोनों एक सुकून भरे पल में नजर आ रहे हैं, जिसमें लिलेट कैमरे की तरफ मुस्कुरा रही हैं और रवि उनके बगल में बैठे हैं।
लिलेट दुबे ने इस पोस्ट के जरिए करीब पांच दशक पहले शुरू हुए अपने रिश्ते पर एक इमोशनल नोट लिखा, "डार्लिंग रवि, एक और एनिवर्सरी आ गई। एक और जिंदगी की तस्वीर के साथ। लव यू और तुम्हारी बहुत याद आती है।"
लिलेट दुबे और रवि दुबे कॉलेज के दिनों से एक दूसरे को जानते थे। 12 सितंबर 1978 को कपल ने शादी कर ली थी।
नेहा धूपिया ने बताया कैसे मदरहुड ने बदली उनकी जिंदगी, बताया- 90 प्रतिशत दिमाग बच्चों में ही लगा रहता है

अभिनेत्री नेहा धूपिया आगामी रियलिटी शो 'रोडीज रीबर्थ' के 20वें एडिशन में एक गैंग लीडर के तौर पर नजर आएंगी। अभिनेत्री ने बताया कि मां बनने के बाद उनकी जीवन में किस तरह के बदलाव आए हैं।
उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि प्रोफेशनल लाइफ में हार-जीत से उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, लेकिन बच्चों की तबीयत बिगड़ने से वह घबरा जाती हैं। अभिनेत्री ने कहा, "मुझे लगता है कि कॉन्फिडेंश कंफर्ट से आता है फिर चाहे वह कपड़े पहनना हो या बात करना। मैं न उन विषयों पर बात नहीं करना चाहती, जिनमें कंफर्टेबल नहीं हूं और न ऐसे कपड़े पहनना चुनती हूं जिनमें मैं असहज महसूस करूं।"
नेहा धूपिया ने बताया कि मदरहुड ने उनके कॉन्फिडेंस को कैसे बदला है। उन्होंने कहा, "जब आप घबराहट की बात करते हैं, तो मुझे लगता है कि मां बनने के बाद मैं बहुत घबराने लगी हूं। जब बात बच्चों की आती है, तो मेरा कॉन्फिडेंस जीरो हो जाता है। भगवान न करे ऐसा हो, लेकिन कभी-कभी जब मेरे बच्चों को बुखार आता है या उनकी तबीयत खराब होती है, तो मैं बहुत ज्यादा घबरा जाती हूं।"
नेहा धूपिया ने बताया कि वे अपने पति की शुक्रगुजार हैं, जो उनकी गैरमौजूदगी में बच्चों का ख्याल रखते हैं। उन्होंने कहा, "भगवान का शुक्र है कि मेरी शादी ऐसे इंसान से हुई है, क्योंकि जब बच्चा बीमार होता है तो उसे बच्चे के साथ-साथ मुझे भी संभालना पड़ता है। मैं बहुत नर्वस हो जाती हूं।"
'सिस्टर्स गोल', करीना कपूर ने रीक्रिएट किया बहन करिश्मा का आइकॉनिक 'जुबैदा' लुक

अभिनेत्री करीना कपूर खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'दायरा' के प्रमोशन के दौरान बहन करिश्मा कपूर के यादगार फैशन मोमेंट को रीक्रिएट किया। दरअसल, अभिनेत्री ने बहन करिश्मा कपूर के 'जुबैदा' लुक को रीक्रिए किया।
इस लुक की तुलना करते हुए करीना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अपनी और करिश्मा की 'जुबैदा' वाली तस्वीर का एक कोलाज शेयर किया। उनकी तस्वीर के साथ फिल्म 'जुबैदा' से करिश्मा कपूर की एक तस्वीर है, जिसमें उन्हें फूलों का गुच्छा पकड़े हुए वैसी ही मल्टीकलर साड़ी में देखा जा सकता है।
उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, "मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद अच्छी है... सिस्टर्स फॉरएवर।"
करिश्मा ने फिल्म 'जुबैदा' के गाने 'धीमे धीमे गाऊं' में यह आइकॉनिक साड़ी पहनी थी। इस गाने को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया था और कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था। श्याम बेनेगल की इस फिल्म में करिश्मा इसी लुक में नजर आई थीं। राजस्थानी पारंपरिक समुद्र लेहरिया प्रिंट वाली यह मल्टीकलर साड़ी फिल्म के सबसे यादगार और सदाबहार फैशन लुक्स में से एक मानी जाती है। इसके साथ करिश्मा ने एक सिंपल ब्लाउज और पर्ल ज्वेलरी (मोतियों के गहने) कैरी किए थे।
बिग बॉस 20 में काजी तौकीर ने की अरिजीत सिंह की तारीफ, बोले-वो बंदा मेरी जान है

गायक अरिजीत सिंह और काजी तौकीर की दोस्ती 21 साल पुरानी है, जो साल 2005 के रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' के समय से चली आ रही है। 'बिग बॉस -20' में काजी तौकीर ने अरिजीत सिंह के जुनून, उनकी जुझारू भावना और जमीन से जुड़े स्वभाव की जमकर तारीफ की।
अरिजीत के बारे में बात करते हुए काजी तौकीर ने कहा, "भाई मैं तुम्हें बता रहा हूं कि वह आदमी मेरी जिंदगी है।"
काजी तौकीर ने अरिजीत सिंह के संगीत के प्रति जुनून के बारे में बात करते हुए कहा कि कैसे सिंगर घंटों तक अपनी संगीत की दुनिया में खोए रह सकते हैं। उन्होंने कहा, "वो बंदा मेरी जान है। उसका फाइटिंग स्पिरिट पागलपन वाला है। वो 8 घंटे तक नहीं थकता। सितार लेकर बैठता है। जब शुरू करता है तो समय का कुछ पता ही नहीं चलता। सात घंटा, छह घंटा, लगातार, उसी चीज में खोया रहता है।"
काजी तौकीर ने बताया कि अरिजीत सिंह के लिए असली मजा प्रोसेस और संगीत में ही है। उन्होंने कहा, "मुझे कपड़ों का शौक है, उसके लिए मजा है प्रोसेस। उसका संगीत।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
