सिनेजीवन: अजय देवगन की नई फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक जारी और 'मिर्जापुर: द मूवी' का धमाकेदार टीजर रिलीज
अजय देवगन की आने वाली फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक वीडियो रिलीज होते के साथ इंटरनेट पर धमाल मचा रहा है। ओटीटी की सबसे चर्चित सीरीज मिर्जापुर अब बड़े पर्दे पर लौटने जा रही है।

'पठानों से कहना, चौहान आ रहा है', अजय देवगन की नई फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक वीडियो जारी
अजय देवगन की आने वाली फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक वीडियो रिलीज होते के साथ इंटरनेट पर धमाल मचा रहा है। इस फिल्म में अभिनेता एक बार फिर अपने दमदार और सख्त अंदाज में नजर आने वाले हैं।
फर्स्ट लुक वीडियो की शुरुआत कश्मीर के विजुअल्स के साथ एक भारी बैकग्राउंड नैरेशन से होती है, जिसमें कहा जाता है- 'चौराहे पर 300 लड़के थे जनाब, घर सिर्फ 270 पहुंचे… 30 कम हैं।' यह लाइन ही पूरे वीडियो का टोन सेट करती है और दर्शकों को एक गंभीर माहौल में ले जाती है। इसके तुरंत बाद अजय देवगन की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहते हैं- 'गलती हमारी नहीं थी, ऑर्डर्स ऊपर से आए थे, ईंट का जवाब पत्थर से, पर सामने वाला पत्थर ही उठा ले, तो जवाब क्या…' इस डायलॉग के साथ ही स्क्रीन पर युवाओं की भीड़, आगजनी, सैनिकों की तैनाती और उपद्रव के बीच पत्थरबाजी के कई शॉट्स तेजी से दिखाए जाते हैं।
वीडियो में आगे दिखाया जाता है कि स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों की ओर से टियर गैस का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन मास्क पहने उपद्रवियों पर इसका कोई खास असर नहीं होता। इसके बाद पैलेट गन्स का उपयोग किया जाता है, लेकिन सीमित प्रभाव के कारण हालात फिर भी कंट्रोल में नहीं आते। इसके बाद वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया जाता है लेकिन इससे भी कोई समाधान नहीं होगा। स्थिति कंट्रोल से बाहर दिखाई देती है।
राजकुमार राव की फिल्म 'प्रहार' का टीजर रिलीज

मुंबई आतंकी हमले को एक नए नजरिए से दिखाने के लिए अभिनेता राजकुमार राव अपनी नई फिल्म 'प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' लेकर आ रहे हैं। इस बीच मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।
फिल्म देश के मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी और उनके करियर के सबसे चर्चित मुकदमों में से एक 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब के मामले पर आधारित है।
रिलीज हुए टीजर की शुरुआत राजकुमार राव की आवाज और उनके बैकशॉट से होती है, जो अपना कोट लेने जाते हैं। फिल्म में राजकुमार राव उज्ज्वल निकम के किरदार में हैं। टीजर के शुरुआत में सुनाई देता है- 'पिछले डेढ़ साल में इस केस के चलते बहुत बार मुझसे लोगों ने ये सवाल पूछा कि जब फोटो और वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है, तो हम कसाब को फांसी क्यों नहीं दे रहे? क्यों इतना पैसा, इतना समय बर्बाद कर रहे हैं एक आतंकवादी के ऊपर?' इस दौरान हमले, फायरिंग और अदालत के सीन दिखाए जाते हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' का धमाकेदार टीजर रिलीज, खतरनाक किरदार में दिखे रवि किशन

ओटीटी की सबसे चर्चित सीरीज मिर्जापुर अब बड़े पर्दे पर लौटने जा रही है। इस कड़ी में मेकर्स ने 'मिर्जापुर: द मूवी' का टीजर रिलीज कर दिया है, जिसे देखने के बाद साफ है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा बड़ी, ज्यादा मसालेदार और ज्यादा खतरनाक होने वाली है। टीजर में पुराने किरदारों की वापसी के साथ सत्ता, बदला और एम्पायर की नई जंग का संकेत दिया गया है।
टीजर की शुरुआत बेहद शांत लेकिन गंभीर माहौल से होती है, जहां कालीन भैया का किरदार एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में दिखाई देता है। वह पूजा करते हुए कहते हैं कि 'काबिल औलाद बहुत मुश्किल से मिलती है और कभी-कभी मिलती ही नहीं।' शुरुआती पल से दर्शकों को मिर्जापुर की वही पुरानी दुनिया याद आ जाती है, जहां हर कदम पर धोखा और हर रिश्ते में एक छिपा एजेंडा होता है।
इसके बाद टीजर का रुख बदलता है और गुड्डू भैया की एंट्री होती है। अली फजल का किरदार इस बार पहले से ज्यादा आक्रामक नजर आता है। वह कहते हैं- 'आप हिस्ट्री उठाकर देख लो, जितने भी एम्बीशियस गैंगस्टर रहे हैं, सब टॉप पर पहुंचे हैं।' यानी इस बार उनका लक्ष्य सिर्फ बदला लेना नहीं बल्कि सत्ता को अपने हिस्से में लाना है।
मनी लॉन्ड्रिंग केस : जैकलीन फर्नांडीज ने सुप्रीम कोर्ट से वापस ली अपनी याचिका

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से जुड़े 200 करोड़ रुपए के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। अभिनेत्री ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका वापस ले ली है। सुप्रीम कोर्ट ने भी उन्हें यह याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी है। यह पूरा मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा हुआ है और इसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, जैकलीन फर्नांडीज ने पहले दिल्ली की ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उनके खिलाफ आरोप तय करने के निर्देश दिए गए थे। इसके खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था लेकिन अब उन्होंने अपनी याचिका वापस लेने का फैसला किया है।
अदालत में उनके वकील ने यह दलील दी कि वे इस मामले में आगे उचित कानूनी उपाय अपनाना चाहते हैं, इसलिए याचिका को वापस लेने की अनुमति दी जाए। सुप्रीम कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए याचिका वापस लेने की इजाजत दे दी।
'सुशांत सिंह राजपूत केस' से हुए ट्रॉमा पर रिया चक्रवर्ती बोलीं- 'मैं अभी भी पूरी तरह उबर नहीं पाई हूं'

अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद के मुश्किल दौर को याद किया। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो 'डबल डेट' में उन्होंने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर उस समय की मानसिक स्थिति, डर और तनाव के बारे में खुलकर बात की।
दरअसल, रिया और शोविक चक्रवर्ती को साल 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग्स केस से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। यह मामला सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़ी जांच के दौरान सामने आया था और उस समय देशभर में इस पर काफी चर्चा हुई थी।
शो के दौरान दोनों भाई-बहनों ने बताया कि उस घटना के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया। रिया ने कहा कि उस समय मानसिक तनाव, डर और सामाजिक दबाव इतना ज्यादा था कि जीवन जीना भी मुश्किल हो गया था। उस समय में जो कुछ हुआ, उसने हमें अंदर तक झकझोर दिया और उसका असर लंबे समय तक रहा।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
