सिनेजीवन: 'गोविंदा बना रहे थे शादी का प्लान' और मां की याद में भावुक हुए अदनान सामी
सुनीता आहूजा ने अपने तलाक के मामले को लेकर अपनी तरफ की बात रखी और गोविंदा का नाम कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ते हुए एक बड़ा दावा किया। गायक अदनान सामी ने अपनी मां की 79वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की।

राखी सावंत से बातचीत में सुनीता आहूजा का बड़ा दावा, कहा- 'गोविंदा शादी करने का प्लान बना रहे थे'
गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। लंबे समय से दोनों की शादीशुदा जिंदगी को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं। अब इस मामले में राखी सावंत और सुनीता आहूजा की फोन पर हुई बातचीत का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस बातचीत में सुनीता ने अपने तलाक के मामले को लेकर अपनी तरफ की बात रखी और गोविंदा का नाम कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ते हुए एक बड़ा दावा किया।
मुंबई में पैपराजी से बात करते हुए राखी सावंत ने सुनीता आहूजा को फोन किया। उन्होंने फोन को स्पीकर पर रखा, जिससे वहां मौजूद लोगों को भी सुनीता की बातें सुनाई दीं। इस दौरान सुनीता ने राखी से कहा कि वह उनका साथ दें और लोगों के सामने उनकी बात रखें। सुनीता ने कहा कि राखी को इस पूरे मामले के बारे में काफी कुछ पता है और इसलिए उन्हें उनकी तरफ से बोलना चाहिए।
सुनीता ने बातचीत में कहा, ''मैं ठीक हूं बेटा, आप कैसी है। मेरे सपोर्ट में आप सबको बोलना चाहिए। आपको सब मालूम है।'
इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट से जुड़ी एक घटना का भी जिक्र किया। सुनीता ने राखी से कहा, ''आपने देखा था कि गोविंदा किसे एयरपोर्ट लेकर गए थे। मैं काफी समय से चुप थीं और अब मुझे ऐसा लग रहा है कि मेरी जगह कोई और लेने की कोशिश कर रहा है।''
इसके बाद सुनीता ने अपने तलाक के केस को लेकर सबसे बड़ा दावा किया। उन्होंने राखी से कहा, ''मैंने कल डिवोर्स केस वापस ले लिया, क्योंकि वो शादी करने के प्लान में थे।'
हालांकि इस बातचीत में सुनीता ने जो आरोप लगाए, उसकी पुष्टि नहीं हुई है और गोविंदा या कोमल रानी का पक्ष इस बातचीत में सामने नहीं आया।
जबरदस्ती के एजेंट्स लेकर आए कुणाल खेमू, 'वाइब' का टीजर रिलीज

अभिनेता कुणाल खेमू फिल्म 'वाइब' के जरिए एक बार फिर दर्शकों को हंसी से लोट-पोट करने के लिए आ रहे हैं। मेकर्स ने शुक्रवार को फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर रिलीज कर उन्होंने लिखा, "जबरदस्त एजेंट्स तो देखे होंगे, अब जबरदस्ती के एजेंट्स देखो। फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया गया है।"
टीजर की जानकारी मिलते ही कुणाल के इंडस्ट्री के दोस्तों ने तुरंत कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दी। अभिनेता राज अंदकत और अंशुमन पुष्कर ने फिल्म रिलीज को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की।
इस मल्टीस्टारर फिल्म में स्पाई वर्ल्ड को एक मजाकिया अंदाज में दर्शकों को दिखाया जाएगा।
1 मिनट 20 सेकंड के टीजर में दिखाया गया है कि कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव आपस में दोस्त है, जो अनजाने में एक बड़े खतरे के बीच फंसकर एक्सीडेंटल हीरोज बन जाते हैं। फिल्म में प्रीति जिंटा खुफिया एजेंसी की अधिकारी की भूमिका में नजर आ रही हैं।
टीजर की शुरुआत प्रीति जिंटा की एंट्री से होती है, जिसमें वे एक मिशन को नियंत्रित करती हैं। उन्हें देश में होने वाले एक आतंकी हमले की जानकारी मिलती है, जिसके प्रीति कुणाल और स्पर्श को मिशन पर भेजती हैं, जिनमें जिम्मेदारी उठाने लायक कोई साहस नहीं है। यहीं से कहानी हंसी, अराजकता और मजेदार कॉमेडी को जन्म देती है।
'लापता लेडीज' फेम सतेंद्र सोनी से मारपीट मामला, डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह और प्रगति चौहान पर केस

'लापता लेडीज' में छोटू का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी से मारपीट और धमकी के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई की ओशिवारा पुलिस ने डायरेक्टर पुष्पेंद्र रामलखन सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
इस पूरे मामले में ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भी सतेंद्र सोनी का समर्थन किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा, ''सतेंद्र का रोते हुए वीडियो सामने आया था, जिसमें सतेंद्र काफी डरे हुए नजर आ रहे थे और उन्होंने अपने साथ मारपीट, धमकी मिलने और जान का खतरा होने की बात कही थी। मैंने वीडियो देखने के बाद उन्हें फोन किया, लेकिन वह उस समय काफी घबराए हुए थे और फोन नहीं उठा पाए। बाद में रात में मेरी बात हुई। मैंने सतेंद्र को भरोसा दिलाया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है और एआईसीडब्ल्यूए की पूरी टीम उनके साथ खड़ी है।''
उन्होंने आगे कहा, ''इसके बाद मैंने महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री योगेश कदम से भी फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी दी। मैंने उन्हें बताया कि मामला गंभीर है और इससे जुड़े वीडियो सामने आने के बाद यह खबर कई न्यूज चैनलों पर चल रही है, जिसके बाद गृह राज्यमंत्री ने हमें अगले दिन बुलाया। मुलाकात के दौरान हमने पूरा मामला उनके सामने रखा। इसके बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए और ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ समेत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।''
मां की याद में भावुक हुए अदनान सामी, बोले-'मोबाइल में आज भी सेव है उनका नंबर, डिलीट नहीं कर पाता'

संगीतकार और गायक अदनान सामी ने अपनी मां की 79वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की। अदनान की मां का निधन 2024 में हुआ था। मां के जन्मदिन पर उन्हें याद करते हुए अदनान ने सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें साझा कीं और बताया कि वक्त बीतने के बाद भी मां की कमी उनके जीवन में वैसी ही बनी हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी मां का नाम और मोबाइल नंबर आज भी उनके मोबाइल में सेव है और वह उसे डिलीट नहीं कर पाते।
अदनान ने अपनी मां को याद करते हुए लिखा, ''आज मेरी मां का जन्मदिन है और मुझे आज भी उनकी बहुत याद आती है। मुझे उनकी हंसी याद आती है। जीवन को लेकर उनका खास नजरिया याद आता है, उनकी कही हुई हर बात याद आती है। उनके जाने के बाद मेरे जीवन में एक ऐसी जगह खाली हो गई है, जिसे कोई और कभी नहीं भर सकता।''
अदनान ने कहा, ''मेरी बेटी मदीना भी अपनी दादी को बहुत याद करती है। उनके निधन को काफी समय बीत गया लेकिन आज भी मेरी मां का नाम और नंबर मेरे फोन में मौजूद है। वह नंबर मेरे फेवरेट्स कॉन्टैक्ट्स और स्पीड डायल में सेव है। मैं जानता हूं कि अब उस नंबर से कभी फोन नहीं आएगा। मेरी मां का नाम मेरी मोबाइल की स्क्रीन पर दोबारा नहीं चमकेगा। इसके बावजूद मैं उस नंबर को डिलीट नहीं कर पा रहा हूं।''
'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' का ट्रेलर रिलीज, क्या बेबी पता लगा पाएगी कातिल का सच?

इन्वेस्टिगेटिव क्राइम-ड्रामा फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' के मेकर्स ने शुक्रवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इसमें एक ऐसी सस्पेंस से भरी जांच की झलक देखने को मिलती है, जहां एक हत्या के बाद कई राज, शक और खुलासे होते हैं।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि बबीता (बेबी) नाम महिला एक युवा पुलिस ऑफिसर होती है। उसकी दुनिया तब हिल जाती है, जब उसके बचपन के दोस्त बंसी की हत्या हो जाती है। बंसी का किरदार वरुण सोबती ने निभाया है।
कातिल को पकड़ने के लिए बेबी सबूतों के पीछे जाती है और उसे कई अनजान सच्चाइयां पता चलती हैं। केस आगे बढ़ता है तो वह और भी पर्सनल होता जाता है और बेबी खुद एक ऐसे राज के बीच फंस जाती है जिसने उसकी सोच ही बदल दी। क्या बेबी कत्ल का सच पता लगा पाएगी, या उससे पहले उसे खुद अपने बारे में कुछ कड़वे सच का सामना करना पड़ेगा?
अंबिका पंडित द्वारा निर्देशित फिल्म का लेखन अमिता व्यास ने किया है। सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्रा और टीना थारवानी फिल्म को फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शन के बैनर तले एक्ट थ्री के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में निमिषा सजयन, वरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह अमेजन प्राइम वीडियो पर 28 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
