सिनेजीवन: आशा भोसले को याद कर पोती जनाई भोसले हुईं भावुक और आलिया ने खास अंदाज में रणबीर को विश की शादी की सालगिरह
आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी के साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद करते हुए एक प्यारा वीडियो शेयर किया है। बॉलीवुड के पावर कपल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर मंगलवार को अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं।

मेरी पूरी दुनिया चली गई, आशा भोसले को याद कर पोती जनाई भोसले हुईं भावुक
भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी के साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद करते हुए एक प्यारा वीडियो शेयर किया है। इस पोस्ट में जनाई ने बताया कि उनकी दादी उनके लिए परिवार का सिर्फ एक सदस्य नहीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया थीं।
जनाई ने अपने पोस्ट में लिखा, ''आज सुबह जब मैं उठी, तो मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपने शरारतों के साथी, अपने सबसे अच्छे दोस्त, उस इंसान को खो दिया है, जिसने मेरी दुनिया को पूरा किया, जिसने मुझे जन्म के समय सबसे पहले अपनी गोद में लिया था।''
उन्होंने आगे लिखा, ''अब मैं क्या करूं? अब मैं सुबह उठकर किसे गले लगाऊं और किसके साथ चाय पीयूं? जब मैं घर आऊंगी तो मेरा इंतजार कौन करेगा? और मैं मजाक किसके साथ करूंगी? मेरी पूरी दुनिया चली गई।''
आलिया भट्ट ने खास अंदाज में रणबीर को विश की शादी की सालगिरह, शेयर कीं छुट्टियों की तस्वीरें

बॉलीवुड के पावर कपल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर मंगलवार को अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं। इस मौके पर खुद रणबीर और आलिया के परिवार के सदस्यों ने कपल को बधाई दी है। साथ ही आलिया ने भी रणबीर के लिए प्यार सा पोस्ट किया।
आलिया ने इंस्टाग्राम पर रणबीर के साथ वैकेशन की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट की। इसमें कपल बर्फीली वादियों में स्कीइंग करते, खेलते और मजे करते दिख रहे हैं। आलिया ने रणबीर के लिए लिखा, "कभी उड़ते, गिरते, चलते और बहुत सारी बातें करते हुए हमने मिलकर एक बहुत खूबसूरत दुनिया बना ली है। तू साथ है तो हर दिन और हर रात अच्छी लगती है।"
वहीं, आलिया की मां सोनी राजदान ने भी इंस्टाग्राम पर कपल को बधाई दी। उन्होंने कपल की एक पुरानी पोस्ट कर लिखा, "तुम दोनों को खूब प्यार। हमेशा आशीर्वाद और प्यार बना रहे।"
रणबीर कपूर की मां और दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी दोनों को बधाई देते हुए लिखा, "मेरे दिल की धड़कनों को बहुत-बहुत मुबारक हो।"
'भूत बंगला' का नया गाना 'ओ सुंदरी' रिलीज, अक्षय-वामिका के डांस ने खींचा ध्यान

बॉलीवुड में जब भी कोई बड़ी फिल्म रिलीज के करीब होती है, तो उसके गाने और ट्रेलर का दर्शकों का काफी बेसब्री से इंतजार रहता है। इन दिनों अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' इंटरनेट पर खूब चर्चा बटोर रही है। इस बीच मेकर्स ने फिल्म का नया गाना 'ओ सुंदरी' रिलीज कर दिया है।
फिल्म का नया गाना 'ओ सुंदरी' एक शादी के जश्न पर आधारित ट्रैक है, जिसे सुनते ही लोग झूमने पर मजबूर हो जाएंगे। इस गाने में मस्ती और खुशी के पलों को खूबसूरती से दिखाया गया है। गाने की सबसे खास बात इसका म्यूजिक और एनर्जी से भरा डांस है। इसे विशाल मिश्रा, नकाश अजीज और अंतरा मित्रा ने गाया है, जबकि इसका संगीत प्रीतम ने तैयार किया है।
वीडियो में अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की केमिस्ट्री दर्शकों को देखने को मिल रही है। गाने में दोनों डांस मूव्स काफी दमदार हैं। साथ ही गाने में मिथिला पालकर भी नजर आ रही हैं, जो फिल्म में अक्षय की बहन का किरदार निभा रही हैं। गाने में मिथिला की सगाई दिखाई गई है। इस दौरान अक्षय अपनी बहन के प्रति प्यार और खुशी जाहिर करते हुए जमकर डांस करते हैं। कभी वह उन्हें आशीर्वाद देते हैं, तो कभी झूमते हुए उनके साथ डांस करते दिखते हैं।
है जवानी तो इश्क होना है: गिफ्ट पुराना लेकिन पैकेजिंग नई, क्या गोविंदा को बीट कर पाएंगे वरुण धवन

वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का पहला लुक रिलीज हो गया है।
पहले लुक से फिल्म की कहानी साफ है कि पुराने गिफ्ट को नई पैकिंग के साथ सिनेमाघरों में उतारा जा रहा है। फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े तीनों के बीच बेहतरीन केमिस्ट्री दिखाई गई है लेकिन फिल्म को लेकर सारा सस्पेंस पहले लुक में खुलकर सामने आ चुका है।
'है जवानी तो इश्क होना है' में वरुण धवन एक साथ दो-दो पत्नियों के साथ दोहरी जिंदगी जीने वाले हैं। पहली पत्नी है मृणाल ठाकुर और दूसरी हैं पूजा हेगड़े। पहले लुक को देखकर आपको गोविंदा की फिल्म 'सैंडविच' और 'साजन चले ससुराल' की याद आ जाएगी। कुल मिलाकर सलमान खान के गाने के टाइटल और गोविंदा की फिल्म की स्क्रिप्ट का मिक्स कॉकटेल दर्शकों को देखने को मिल सकता है।
'चांद मेरा दिल' का टाइटल ट्रैक रिलीज, अनन्या-लक्ष्य की केमिस्ट्री ने बिखेरा प्यार का जादू

बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्मों की अपनी एक अलग पहचान रही है। इन दिनों 'चांद मेरा दिल' को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। लंबे इंतजार के बाद फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। गाने को खासतौर पर युवाओं के बीच काफी पसंद किया जा रहा है और इसे इस साल के सबसे खूबसूरत रोमांटिक गानों में गिना जा रहा है।
गाने में अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की जोड़ी देखने को मिल रही है। वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे कॉलेज में दोनों के बीच धीरे-धीरे पनपता प्यार है। कभी वे बाइक पर साथ घूमते है, तो कभी एक-दूसरे को छुपकर देखते है। दोनों छोटे-छोटे पलों में खुशी ढूंढते है।
इस गाने को फहीम अब्दुल्ला ने गाया है, वहीं संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है। जबकि गाने के बोल अमित भट्टाचार्य ने लिखे हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia