सिनेजीवन: पिता के निधन से टूटे अनुभव सिन्हा और अल्लू अर्जुन ने बेटी अरहा को बताया अपनी जिंदगी की खुशी
अनुभव सिन्हा ने अपने पिता की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, "अचानक यूं हुआ कि घर बड़ा लगने लगा, और खाली।" अल्लू अर्जुन ने शनिवार को अपनी बेटी अरहा के जन्मदिन पर बेहद प्यारा संदेश साझा किया।

अल्लू अर्जुन ने बेटी अरहा को बताया अपनी जिंदगी की खुशी, जन्मदिन पर लिखा प्यारा संदेश

भारत के शीर्ष सितारों में से एक अल्लू अर्जुन ने शनिवार को अपनी बेटी अरहा को जन्मदिन की प्यारी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में अरहा को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी बताया।
अल्लू अर्जुन ने शनिवार को अपनी बेटी अरहा के जन्मदिन पर बेहद प्यारा संदेश साझा किया। अपनी बेटी के साथ एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट करते हुए तेलुगु स्टार ने एक्स पर लिखा, "मेरी जिंदगी की खुशी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।
वहीं, अरहा की बतौर बाल कलाकार डेब्यू फिल्म 'शाकुंतलम' के निर्माताओं ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। गुना हैंडमेड फिल्म्स ने एक्स पर लिखा, "हमारी नन्हीं स्टार अल्लू अरहा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी जिंदगी हमेशा मुस्कुराहटों, खुशियों और जादुई पलों से भरी रहे।"
इस बीच, अल्लू अर्जुन के पास कई बड़ी फिल्में पाइपलाइन में हैं, जिनमें उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'राका' भी शामिल है। इस फिल्म का निर्देशन तमिल फिल्मकार एटली कर रहे हैं।
पिता के निधन से टूटे अनुभव सिन्हा, भावुक पोस्ट में बोले- घर बड़ा और खाली लगने लगा है

फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा के पिता प्रेम गोविंद सिन्हा का कुछ समय पहले ही निधन हो गया था। पिता को याद कर निर्देशक काफी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि पिता के जाने के बाद घर अचानक 'बड़ा' और 'खाली' लगने लगा है।
अनुभव सिन्हा ने अपने पिता की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, "अचानक यूं हुआ कि घर बड़ा लगने लगा, और खाली। अचानक यूं हुआ कि अब उनके साथ कोई नई तस्वीर नहीं होंगी। अचानक यूं हुआ कि अब उनके लिए नई-नई मिठाई ढूंढना बंद हो जाएगा। बाकी सब यथावत रहेगा। उनसे प्यार। उनसे बातचीत। सब वैसा ही रहेगा। ना। सब तो नहीं। 95 साल कम नहीं होते, पर काफी भी नहीं होते।"
इसके बाद उन्होंने अपनी मां से सुनी अपने माता-पिता के शुरुआती दिनों की एक मार्मिक कहानी को याद किया। उन्होंने लिखा, "मां बताती थीं कि जब पापा उनको देखने गए थे, शादी के लिए, तो इशारा हुआ कि वो गाना सुनाएं। उन्होंने अपना प्रिय गाना सुनाया था, 'छोटी सी ये जिंदगी रे'। फिर हम भी उनसे अक्सर ये गाना सुनते थे।"
बता दें कि निर्देशक अनुभव सिन्हा का यह पोस्ट उनके पिता प्रेम गोविंद सिन्हा (पी.जी. सिन्हा) के निधन के बाद आया है। उनके पिता का निधन 19 नवंबर 2026 को रात करीब 9 बजे 95 वर्ष की आयु में हुआ था।
सोनू निगम के लिए फ्लाइट में गूंजे उनके ही गाने, गायक ने कहा- सभी का शुक्रिया

गायक सोनू निगम और उनके प्रशंसकों के बीच खास जुड़ाव देखने को मिलता है। एक ओर जहां फैंस उनकी आवाज और गायिकी के प्रति गहरी दीवानगी रखते हैं, वहीं सोनू भी अपने अनोखे अंदाज से उनसे जुड़े रहते हैं। इसकी एक झलक हाल ही में एक फ्लाइट में देखने को मिली, जब यात्रियों ने उनके लोकप्रिय गीत गाने शुरू कर दिए और सोनू ने भी इस पल को खास बना दिया।
दरअसल, शुक्रवार को रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट में गायक बैठे थे और अंदर बैठे यात्री उनके द्वारा गाए गए गाने गुनगुनाने लगे और देखते ही देखते पूरा प्लेन एक छोटे से कॉन्सर्ट में बदल गया।
सोनू भी फैंस की ओर से मिले इस सरप्राइज को देखकर काफी भावुक नजर आए और उन्होंने अपने फोन से इस पूरे माहौल को शूट करना शुरू कर दिया। गायक ने अपनी इस पोस्ट के जरिए यात्रियों के उत्साह का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि सीट बेल्ट का साइन बंद होने के बाद भी यात्री अपनी सीट पर बैठे रहे और उनका इंतजार करते रहे, ताकि वह उनके लिए गाना गाएं। सोनू निगम ने वीडियो में लिखा, "सीट बेल्ट का साइन बंद हो चुका है और फिर भी वे बैठे हुए हैं, इससे साफ पता चलता है कि वे शो टाइम का इंतजार कर रहे हैं।"
इसके बाद फ्लाइट में मौजूद यात्रियों ने जब सोनू निगम से गाने की गुजारिश की, तो उन्होंने केबिन में ही खड़े होकर अपने सुपरहिट गाने 'किसका है तुमको इंतजार', 'मैं हूं ना', 'तुझे लगे ना नजरिया' और 'कल हो ना हो' सुनाए।
वीडियो को शेयर करते हुए सोनू ने लिखा, "ऐसा प्यार, जो सिर्फ सपनों में होता है। आप सभी का शुक्रिया।"
विजय वर्मा ने शेयर की सिक्किम ट्रिप की झलकियां, खूबसूरत वादियों की तारीफ कर जीता दिल

अभिनेता विजय वर्मा इन दिनों अपनी आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'मिशन मिर्ची' की शूटिंग के सिलसिले में सिक्किम गए हैं। इस दौरान उन्होंने अपने बिजी शेड्यूल से थोड़ा समय निकालकर इस इलाके का भ्रमण किया और यहां की खूबसूरत वादियों का आनंद लिया।
शनिवार को अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी इस यात्रा की झलकियां शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें सिक्किम की खूबसूरत वादियों और संस्कृति से प्यार हो गया है। उन्होंने खुद से यह भी वादा किया कि वह इस खूबसूरत जगह पर एक बार फिर आएंगे, लेकिन इस बार सिर्फ छुट्टियां मनाने के लिए।
अभिनेता ने अपनी इस यात्रा की तारीफ करते हुए लिखा, "सिक्किम, तुम खूबसूरत हो। यहां गंगटोक में एक आने वाली फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग की और काम के बीच से कुछ घंटे चुराकर इस इलाके की शानदार खूबसूरती और संस्कृति का आनंद लिया।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैंने खुद से वादा भी किया है कि फिर से आऊंगा, इस बार सिर्फ छुट्टियां मनाने के लिए।"
'ढिंढोरा 2' में स्पेशल अपीयरेंस पर हेली दारूवाला ने लुटाया प्यार, भुवन बाम को बताया बेहतरीन इंसान

अभिनेत्री हेली दारूवाला इन दिनों भुवन बाम की कॉमेडी वेब सीरीज 'ढिंढोरा सीजन 2' में रम्या के किरदार में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री हेली दारूवाला ने भुवन बाम के साथ काम करने के अनुभव को शेयर किया।
अभिनेत्री का कहना है कि उनके लिए ऐसे शो का हिस्सा बनना एक शानदार मौका था, जिसने पहले से ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना रखी है। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वह काफी समय से भुवन बाम के काम को फॉलो करती आ रही हैं।
हेली दारूवाला ने भुवन बाम की क्रिएटिविटी और कॉमिक टाइमिंग की तारीफ करते हुए कहा, "भुवन के साथ काम करना और 'ढिंढोरा 2' जैसे कल्ट-क्लासिक शो का हिस्सा बनना बेहद खुशी की बात थी। रम्या का स्पेशल अपीयरेंस शूट करना बहुत मजेदार था। भुवन बहुत ही आसानी से लोगों को हंसा देते हैं और हम सेट पर इतना हंसे कि हमारे पेट में दर्द हो गया।"
उन्होंने बताया कि भले ही टीम के साथ उनका यह पहला प्रोजेक्ट था, लेकिन उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह पहली बार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, "मैंने लंबे समय से भुवन के काम को फॉलो किया है और हमेशा से उनके काम की फैन रही हूं, लेकिन उन्हें पर्सनली जानने के बाद मेरी तारीफ और बढ़ गई। वह न सिर्फ बेहद टैलेंटेड हैं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी हैं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
