सिनेजीवन: इम्तियाज की दूसरी फिल्म से और 'चमकीला' होगा दिलजीत का करियर और मलाइका ने लॉन्च किया नया लाइफस्टाइल ब्रांड
इम्तियाज अली की दूसरी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का टीजर आज ही रिलीज हुआ है, जिसमें दिलजीत की आवाज और स्टोरीटेलिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने एक नया लाइफस्टाइल एक्सेसरी ब्रांड लॉन्च किया है, जिसका नाम 'मेजॉय' रखा गया है।

इम्तियाज अली की दूसरी फिल्म से और 'चमकीला' होगा दिलजीत दोसांझ का करियर
पंजाबी अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ के गानों के दीवानों की कमी नहीं है और वे धीरे-धीरे ग्लोबल ब्रांड बन चुके हैं।
इसी के इतर, उनका एक्टिंग करियर थोड़ा धीमा है। सिंगर बॉलीवुड और क्षेत्रीय पंजाबी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं लेकिन बतौर मुख्य अभिनेता सफलता कम मिली है। ऐसे में इम्तियाज अली की दूसरी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' से दर्शकों को बहुत उम्मीदें हैं कि इस फिल्म के जरिए पर्दे पर अभिनय की अनोखी क्षमता देखने को मिल सकेगी।
इम्तियाज अली की दूसरी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का टीजर आज ही रिलीज हुआ है, जिसमें दिलजीत की आवाज और स्टोरीटेलिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। उनकी आवाज में एक रूहानियत और हर सीन में प्यार की तड़प देखने मिल रही है, जिसे वे खुद भी महसूस कर पा रहे हैं। फिल्म में शरवरी और वेदांग रैना भी है लेकिन हर किरदार की एक अनोखी कहानी है।
दिलजीत दोसांझ ने कई रोमांटिक फिल्मों में काम किया है, जिसमें जट्ट एंड जूलिएट, जिहने मेरा दिल लुटया, अम्बरसरिया, जोड़ी, और फिलौरी शामिल है लेकिन इम्तियाज अली मोहब्बत को नया आयाम देने के लिए जाने जाते हैं। निर्देशक 'जब मी मेट', 'लव आजकल', 'रॉकस्टार' और 'लैला-मंजनू' जैसी फिल्मों के लिए प्रसिद्ध हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि सिंगर का फिल्मी करियर इम्तियाज अली की वजह से और अधिक चमकीला हो सकता है।
मलाइका अरोड़ा ने लॉन्च किया नया लाइफस्टाइल ब्रांड 'मेजॉय'

अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने अब फैशन बिजनेस में भी बड़ा कदम रखा है। उन्होंने एक नया लाइफस्टाइल एक्सेसरी ब्रांड लॉन्च किया है, जिसका नाम 'मेजॉय' रखा गया है। यह ब्रांड उन्होंने एक्सीड एंटरटेनमेंट और मिंत्रा की बी2बी होलसेल कंपनी 'मिंत्रा जबोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' (एमजेआईपीएल) के साथ मिलकर तैयार किया है।
मेजॉय ब्रांड की शुरुआत एक बड़े कलेक्शन के साथ की गई है। इसके पहले कलेक्शन में 250 से ज्यादा अलग-अलग डिजाइन शामिल किए गए हैं। इस कलेक्शन में खास तौर पर दो तरह की एक्सेसरी पर ध्यान दिया गया है, पहला हैंडबैग और दूसरा लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी।
हैंडबैग के कई स्टाइल इस कलेक्शन में देखने को मिलते हैं, जैसे क्रॉसबॉडी बैग, स्ट्रक्चर्ड शोल्डर बैग, बकेट बैग, टोट बैग, ऑफिस के लिए क्लासिक बैग, बैकपैक और क्लच। इन बैग्स को अलग-अलग तरह के मटेरियल से बनाया गया है, जिनमें सिंथेटिक लेदर, ब्रेडेड डिजाइन, साटन, राइनस्टोन और मेटैलिक फिनिश जैसे मटीरियल शामिल है। हर बैग को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वह फैशनेबल भी लगे और रोजमर्रा के इस्तेमाल में भी आरामदायक हो।
हैंडबैग के अलावा इस ब्रांड में लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी का भी खास कलेक्शन पेश किया गया है। इसमें रिंग, इयररिंग, पेंडेंट, ब्रेसलेट और टेनिस ब्रेसलेट जैसे कई डिजाइन शामिल हैं। इन ज्वेलरी पीस को सिल्वर, गोल्ड और रोज-गोल्ड टोन में तैयार किया गया है। इनका बेस 925 स्टर्लिंग सिल्वर से बनाया गया है, जो ज्वेलरी की क्वालिटी को बेहतर बनाता है। इसके साथ ही इन ज्वेलरी में इस्तेमाल किए गए डायमंड को अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं आईजीआई और जीसीआई से प्रमाणित किया गया है।
अल्लू अर्जुन ने हैदराबाद में लॉन्च किया 'अल्लू सिनेमाज', मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का जताया आभार

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने हैदराबाद में भारत का सबसे बड़ा डॉल्बी सिनेमा लॉन्च किया। इस लॉन्च इवेंट की कुछ तस्वीरें अभिनेता ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं।
पोस्ट की गई तस्वीरों में अल्लू परिवार समेत गेस्ट के साथ नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए सभी का आभार जताया। उन्होंने लिखा, "'अल्लू सिनेमाज' की शुरुआत हो गई है। मैं इस लॉन्च के लिए माननीय मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। साथ ही, भाटी विक्रमारका, कोमाटी रेड्डी व वेंकट रेड्डी का भी सहयोग और मौजूदगी के लिए धन्यवाद।"
उन्होंने लिखा, "इस सपने को सच करने के लिए पीछे से कड़ी मेहनत करने वाले सभी स्टाफ और टीम के सदस्यों का दिल से धन्यवाद। गीता आर्ट्स का भी खास शुक्रिया। मैं हैदराबाद में बने भारत के सबसे बड़े डॉल्बी सिनेमा का जादू अनुभव करने के लिए सभी को आमंत्रित करता हूं।"
अल्लू सिनेमाज' नामक डॉल्बी सिनेमा लॉन्च कर अभिनेता अल्लू अर्जुन ने एक और प्रसिद्धि अपने नाम कर ली है। हालांकि, इसके बारे में अधिक जानकारी अभी निकलकर सामने नहीं आई है, लेकिन अल्लू ने पोस्ट के जरिए इसका अनुभव लेने के लिए सभी से कहा है।
15 साल पुरानी तमिल फिल्मों की यादों में खोए मिलिंद सोमन, कहा-रोल में हो विविधता

मशहूर अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन ने आईएएनएस के साथ अपनी अभिनय यात्रा की पुरानी यादों को फिर से ताजा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें बार-बार एक तरह का रोल बिल्कुल पसंद नहीं है।
मिलिंद ने बताया कि वे 15-17 साल पहले तमिल फिल्मों में बार-बार विलेन के एक जैसे रोल करते-करते ऊब गए थे। मिलिंद ने बताया, "मुझे मेरा पहला तमिल प्रोजेक्ट करीब 15-17 साल पहले मिला था। फिल्म का नाम 'पचैकी देवा किचरम' (या 'पचैकिली मुथुचरम') था। इस फिल्म को गौतम मेनन ने डायरेक्ट किया था। यह फिल्म तो बहुत अच्छी थी और इसमें मैंने विलेन का रोल किया था। इसके बाद मैंने 3-4 और तमिल फिल्में की लेकिन हर बार विलेन का ही रोल मिलता था। एक ही तरह का नेगेटिव कैरेक्टर निभाते-निभाते मैं बोर हो गया।"
उन्होंने बताया कि इसके बाद मैंने खुद फैसला लिया कि अब वे इस तरह के विलेन के रोल नहीं करेंगे। मैंने कहा कि अब कोई फिल्म ऑफर हो तो सिर्फ अच्छी किरदार हो। फिर चाहे वह रसोइया, माली, सेक्रेटरी, दादाजी या फिर कोई किरदार हो लेकिन उसी तरह का विलेन का रोल नहीं चाहिए। इसके बाद मैंने करीब 7-8 साल तक तमिल, तेलुगु और दूसरी भाषाओं की कई फिल्मों के ऑफर को मना किया था।
उन्होंने कहा, "फिर, 2021 में मैंने तमिल फिल्म डॉक्टर में एक सकारात्मक किरदार निभाया था। जब ये प्रोजेक्ट आया, तो मैं पहले से ही तैयार था कि ऐसे रोल करने चाहिए। तमिल सिनेमा में कहानियां व किरदार देखने का नजरिया बहुत अलग और खास होता है।"
जब जीवन उलझा हो, तो शब्द ही जमीन देते हैं : लिसा रे

कनाडाई-भारतीय अभिनेत्री लिसा रे अक्सर सोशल मीडिया के जरिए कई मुद्दों पर अपनी राय रखती रहती हैं। शुक्रवार को उन्होंने एक खास नोट के जरिए बताया कि अभी वे अपनी आगामी कविताओं की एक किताब पर काम कर रही हैं।
अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट शेयर किया। इस नोट में उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्होंने एक ऐसी शांत जगह बनाई थी, जहां वे अपनी कविताएं शेयर कर सकें। अभिनेत्री ने लिखा, "मेरे लिए शब्द हमेशा से सहारा रहे हैं, जब जीवन उलझा हुआ लगता है, तो केवल भाषा ही मुझे स्थिर जमीन देती है। मैं अब धीरे-धीरे, निजी तौर पर कविताओं की एक किताब पर काम कर रही हूं और अब लगता है कि इस हिस्से को सभी के सामने लाने का समय आ गया है।"
अभिनेत्री ने आगे लिखा कि अंधेरे में लोग गीत गाते हैं, कला बनाते हैं और भाषा की मदद से उस भार को संभालते हैं, जो अकेले उठाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। उन्होंने लिखा, "मेरे दूसरे घर दुबई में हाल की घटनाओं को देखना बहुत कठिन रहा। यूएई के नागरिक अपेक्षाकृत सुरक्षित हैं और वहां की नेतृत्व व्यवस्था अच्छी है, लेकिन अनिश्चितता, दोस्तों के संदेश और सबके सांस रोककर इंतजार करना बहुत भारी पड़ रहा है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia