सिनेजीवन: 'किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है', क्यों भड़के दिलजीत? और गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ और अभिषेक को दी धमकी
गानों पर रोक-टोक और शो का विरोध किए जाने पर दिलजीत दोसांझ नाराज नजर आए। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है।

इंदौर में 4 गानों पर लगी रोक तो भड़के दिलजीत दोसांझ, स्टेज पर पढ़ा राहत इंदौरी का शेर

मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में अपने गानों पर लगी पाबंदियों की वजह से इंदौर कॉन्सर्ट में मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर पढ़े और रोक लगाने वालों को खरी-खोटी सुनाई।
दरअसल, गायक के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले बाल संरक्षण विभाग ने उनके चार लोकप्रिय गानों ('पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जीब विचो फीम लब्बिया' और 'जट उत्थे फायर करदा') पर रोक लगा दी थी। प्रशासन का तर्क था कि इन गानों से बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और ये शराब व हिंसा को बढ़ावा देते हैं।
आयोजकों को लाइव परफॉर्मेंस के दौरान इन गानों को न बजाने का निर्देश दिया गया था।
गानों पर रोक-टोक और शो का विरोध किए जाने पर दिलजीत दोसांझ नाराज नजर आए, जिसके चलते मंच पर उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर पढ़े और तंज कसते हुए कहा कि "ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते।"
इसके बाद उन्होंने शायर राहत इंदौरी के शेर पढ़ते हुए कहा, "हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी ज़ुबान थोड़ी है। अगर खिलाफ हैं तो होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है। मैं जानता हूं कि दुश्मन भी कम नहीं हैं, लेकिन हमारी तरह हथेली पे जान थोड़ी है। सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।"
'बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लो, फिर भी मारेंगे गोली', गोल्डी ढिल्लों ने अमिताभ और अभिषेक बच्चन को दी धमकी

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है। पोस्ट में गोल्डी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उन घटनाओं के दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा।
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट की शुरुआत 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह' से की। इसके बाद उसने लिखा, ''मुंबई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हमारे दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। इन दोनों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। हमारे साथी किसी वारदात में शामिल नहीं थे और आगे भी किसी वारदात को अंजाम नहीं देंगे। हमारे मुंबई में करीब 200 साथी तैयार हैं।''
पोस्ट में गोल्डी ने 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा, ''उन घटनाओं के दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी देश में हो, अगर वह सिख समुदाय के खिलाफ बोलेगा तो उससे हिसाब लिया जाएगा। ऐसे लोगों को हम अपना दुश्मन मानते हैं और उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।''
गोल्डी ने पोस्ट के आखिरी हिस्से में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लिखते हुए कहा, ''दोनों चाहे जितना बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, उन्हें गोली मारी जाएगी।''
कुणाल कपूर ने एजुकेशन सिस्टम पर उठाए सवाल, बोले-'कारों के दौर में घोड़ा-गाड़ी ठीक करना सिखा रहे'

अभिनेता कुणाल कपूर ने पारंपरिक एजुकेशन सिस्टम को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पुराने तरीके से पढ़ाने और रटाने के बजाय लोगों को उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए तैयार करना चाहिए।
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि मौजूदा एजुकेशन सिस्टम पूरी एक पीढ़ी को ऐसी दुनिया के लिए तैयार कर रहा है, जो शायद उनके काम करने के समय तक होगी ही नहीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ये ऐसा है कि जैसे कारों के दौर में बच्चों को घोड़ा-गाड़ी ठीक करना सिखाया जा रहा हो।
अभिनेता कुणाल कपूर ने लिखा, "यह चौंका देने वाली बात है कि हमारा एजुकेश सिस्टम पूरी तरह से आने वाली पीढ़ी को ऐसी दुनिया के लिए तैयार कर रहा है, जो होगी ही नहीं। हमारे बच्चे एक दशक से ज्यादा समय तक घोड़ा-गाड़ी ठीक करना सीख रहे हैं जबकि दुनिया कारों की हो चुकी है।"
उन्होंने लिखा, "वो जब बाहर निकलेंगे तो देखेंगे कि गाड़ी है ही नहीं और उन्हें कार के बारे में ज्यादा कुछ पता भी नहीं है। हम उन्हें अभी भी रटना सिखा रहे हैं, याद करना सिखा रहे हैं, जो कि एक ऐसी रेस है जिसमें वे एआई से कभी जीत ही नहीं सकते।"
महेश बाबू की 'वाराणसी' में डबिंग का काम बाकी, मेकर्स बोले- 'धमाके के लिए करना होगा इंतजार'

निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' को लेकर दर्शकों और फैंस के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। हालांकि, फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन, कंप्यूटर ग्राफिक्स (सीजी) और बैकग्राउंड म्यूजिक तैयार करने का काम अभी तेजी से चल रहा है। फिल्म की डबिंग अभी शुरू नहीं हुई है। फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए यह जानकारी दी है।
दरअसल, एक फैन ने फिल्म के आधिकारिक एक्स हैंडल पर फिल्म की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में मेकर्स ने लिखा, ‘शूटिंग पूरी हो गई है। पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। सीजी पर काम हो रहा है और री-रिकॉर्डिंग (आरआर) भी जारी है। डबिंग शुरू करनी है। अगर आपको लगता है कि यह अपडेट है, तो यह अपडेट है। अगर नहीं, तो धमाके के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।’
इससे पहले फिल्म के निर्माता एसएस कार्तिकेय ने इसी साल सितंबर में आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि अगले साल जनवरी तक यह काम पूरा हो जाएगा।
एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही 'वाराणसी' में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में अगले साल 7 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। फिल्म का संगीत एमएम कीरवानी ने तैयार किया है। इसका निर्माण श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस के बैनर तले किया जा रहा हैनिर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में अभिनेता रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस किरदार को निभाना उनके लिए अपनी इच्छा पूरी करने से ज्यादा महाकाव्य की सेवा करने का मौका था।
'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर भावुक हुए रवि दुबे, बोले-'डर था कि कहीं निराश न कर दूं'

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर शूटिंग की कुछ बीटीएस तस्वीर पोस्ट कीं, जिसमें वह भगवान लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, "5 नवंबर 2026 की सुबह मैं उठा और मुझे एक ऐसी भावना महसूस हुई, जिसे मैं भूल गया था। मुझे लगा कि मुझे 'देखा गया' और उसमें जो प्यार था, वो अनंत था। मुझे लगता है कि एक एक्टर यही चाहता है कि कोई उसके काम को एक मौका दे।"
उन्होंने आगे लिखा, "एक अभिनेता के तौर पर आप ऐसा काम करें कि दर्शक उसे इस तरह से महसूस करें, कि वे आपको आकर बताएं। इससे बड़ा तोहफा और क्या ही हो सकता है। सच कहूं, तो ये सब लिखते हुए मुझे यकीन नहीं हो रहा है लेकिन मन में कृतज्ञता है। लक्ष्मण की खुद के लिए कोई इच्छा नहीं थी, वो श्री राम और मां सीता के एक कदम पीछे खड़े होकर खुश थे, जब भी उनकी जरूरत हो, कर्तव्य पालन के लिए तैयार रहते थे। मुझे ये बहुत ही खूबसूरत और महान लगा।"
उन्होंने किरदार निभाने को लेकर बताया कि लक्ष्मण ने अभी तक जो किया, मैं बस वही सेवा और कर्तव्य की भावना रामायण में लाना चाहता था। उन्होंने लिखा, "मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से मैं, जो कुछ भी दे सकता था, मैंने दिया। सच में मैं चाहता था लेकिन आप सबने मुझे इससे कहीं ज्यादा दे दिया।"
रवि दुबे ने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "मुकेश भाई, आपके उस कॉल ने सच में मेरी जिंदगी बदल दी, जिसके लिए मैं आपका आभारी हूं। नमित मल्होत्रा सर, नितेश तिवारी सर, आप लोग बहुत ही खास इंसान हैं और मैं आपका कर्जदार हूं कि आपने मुझे दुनिया के सबसे बेहतरीन कलाकारों के साथ एक सेट पर रखा। एक ऐसा सेट जहां मैं सबसे जूनियर और सबसे कम अनुभवी था, फिर भी जिस दिन से मैं वहां गया, आपने मुझे उतना ही प्यार, सम्मान और अपने काम को करने के लिए उतनी ही जगह दी।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
