सिनेजीवन: 2015 में मेडिकल एंट्रेंस पेपर लीक होने से टूट गई थीं मानुषी छिल्लर और जाह्नवी संग रीयूनियन पर भावुक हुए ईशान
टॉक शो में मानुषी छिल्लर ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, "पेपर लीक को मैं दो नजरिए से देखती हूं। ईशान खट्टर ने अपनी पहली को-स्टार जाह्नवी कपूर के साथ हैप्पी मूमेंट शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट कर फैंस को पुरानी यादों से रूबरू कराया।

2015 में मेडिकल एंट्रेंस पेपर लीक होने से टूट गई थीं मानुषी छिल्लर, शेयर किया अनुभव
मिस वर्ल्ड 2017 का ताज पहनने वाली और बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर आज ग्लैमर की दुनिया का जाना-माना नाम हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि मानुषी ने एक्ट्रेस बनने से पहले मेडिकल की पढ़ाई की थी और डॉक्टर बनने का सपना देखा था।
हाल ही में सोहा अली खान के यूट्यूब टॉक शो 'ऑल अबाउट हर' में उन्होंने अपने जीवन के उस दौर के बारे में बात की, जब उन्हें डॉक्टर बनने के लिए कई मुश्किलों से गुजरना पड़ा था। खासकर 2015 में हुए मेडिकल एंट्रेंस पेपर लीक के बाद जो कुछ हुआ, उसने उन्हें अंदर तक तोड़ कर रख दिया था।
टॉक शो में मानुषी ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, "पेपर लीक को मैं दो नजरिए से देखती हूं। एक मेरा खुद का अनुभव और दूसरा देश के लाखों स्टूडेंट्स की सच्चाई। मेरे माता-पिता खुद डॉक्टर हैं और वो पहले से जानते थे कि मेडिकल की तैयारी कितनी कठिन होती है। इसलिए मैं मानसिक तौर पर थोड़ी तैयार थी लेकिन फिर भी उस समय को झेलना आसान नहीं था।"
किशोर ब्वॉयफ्रेंड की वजह से टूटा था तापसी पन्नू का दिल, आज हैं विदेशी खिलाड़ी की दुल्हनियां

स्कूल-कॉलेज का प्यार अक्सर किसी पुरानी किताब में समिट कर रह जाते हैं। इसी उम्र में अभिनेत्री तापसी पन्नू भी किसी पर अपना दिल हार बैठी थीं। अभिनेत्री आज भले ही मनोरंजन जगत में अपना करियर स्थापित कर डेनमार्क के जाने-माने पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच मैथियास बोए के साथ शादीशुदा जीवन बिता रही हैं लेकिन उनके किशोरावस्था का प्यार किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
दिल्ली के माता जय कौर पब्लिक स्कूल में अपनी पढ़ाई के समय ही अभिनेत्री को पहली बार प्यार का एहसास हुआ और वह एक लड़के पर दिल हार बैठी थीं। एक पॉडकास्ट के दौरान अभिनेत्री ने खुलासा करते हुए बताया था कि स्कूल के समय उनका एक बॉयफ्रेंड था। वह 9वीं क्लास में थीं तो उनका बॉयफ्रेंड 10वीं में।
तापसी ने बताया कि उनके ब्वॉयफ्रेंड ने उनसे इसलिए ब्रेकअप ले लिया था क्योंकि उसका कहना था कि वो 10वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा पर पूरा ध्यान लगाना चाहता है, जिसके बाद मैं खूब रोई भी थी।
जाह्नवी कपूर संग रीयूनियन पर भावुक हुए ईशान खट्टर, बोले-जैसे समय बीता ही नहीं

अभिनेता ईशान खट्टर ने शुक्रवार को अपनी पहली को-स्टार जाह्नवी कपूर के साथ हैप्पी मूमेंट शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट कर फैंस को पुरानी यादों से रूबरू कराया।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर जाह्नवी के साथ तस्वीर शेयर की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "कुछ रीयूनियन ऐसा एहसास दिलाते हैं कि जैसे समय बीता ही नहीं है। जाह्नवी कपूर।"
शेयर की गई तस्वीर में ईशान मैचिंग पगड़ी के साथ आइवरी शेरवानी पहने हुए दिख रहे हैं और जाह्नवी भारी कढ़ाई वाले मैरून लहंगे के साथ स्टेटमेंट ज्वेलरी में बहुत खूबसूरत लग रही हैं। दोनों एक सीढ़ी पर बैठे, एक-दूसरे का हाथ पकड़े और तस्वीर के लिए पोज देते हुए दिख रहे हैं।
इस रीयूनियन ने फैंस को 2018 में रिलीज हुई 'धड़क' में उनकी सफल ऑन-स्क्रीन जोड़ी की याद दिला दी, जिसमें जान्हवी कपूर ने ईशान के साथ लीड एक्ट्रेस के तौर पर बॉलीवुड डेब्यू किया था।
सुभाष घई ने संत कबीर की सीख को बताया तनावमुक्त जीवन का मंत्र, शेयर किया नोट
मशहूर निर्देशक-निर्माता सुभाष घई ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर संत कबीर की शिक्षाओं से प्रेरित नोट शेयर किया। इस पोस्ट के जरिए मुश्किल समय में शांति पाने और जिंदगी को अच्छे से जीने पर जोर दिया।
सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर संत कबीर की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने बताया कि आज के तनाव भरे माहौल में रहस्यवादी कवि की समझदारी आज भी कायम है। सुभाष घई ने लिखा, "सिर्फ संत कबीर के दोहे हमारे मन की शांति बनाए रख सकते हैं। हमें आज भी संत कबीर को पढ़ने की जरूरत है, खासकर जब हम तनाव में हो।"
उन्होंने लिखा, "भारतीय रहस्यवादी और कवि कबीर का जन्म बनारस के पास हुआ था। हिंदू तपस्वी रामानंद के शिष्य बनने से पहले वे मुस्लिम बुनकरों के परिवार में पले-बढ़े थे। कबीर की कविता हिंदू धर्म और इस्लाम दोनों से प्रेरित है, हालांकि वे दोनों धर्मों के कुछ पहलुओं की आलोचना करते थे। कबीरा खड़ा बाजार में सबकी हिस्सेदारी ठीक है न काहू से दोस्ती न काहू से बैर।"
जैकी भगनानी ने भांजी दिवियाना के बर्थडे पर लिखा खास नोट, कहा- 'हर कदम पर साथ दूंगा'

एक्टर से प्रोड्यूसर बने जैकी भगनानी ने अपनी भांजी दिवियाना के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में जैकी ने कहा कि वो दिवियाना के हर कदम पर साथ रहेंगे और उसे एक खूबसूरत इंसान बनते हुए देखना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी है।
जैकी ने पोस्ट में दिवियाना के साथ बिताए पलों का एक वीडियो कोलाज लगाया। इस वीडियो में दिवियाना की बचपन से लेकर अब तक की कई तस्वीरें और छोटी-छोटी क्लिप्स शामिल थीं, जिसमें वह कहीं हंसती हुई नजर आ रही थी तो कहीं परिवार के साथ मस्ती करती हुई। वीडियो में बैकग्राउंड में सॉफ्ट म्यूजिक भी था, जिससे पूरा कोलाज और भी खास लग रहा था।
बता दें कि दिवियाना जैकी की बहन दीपशिखा देशमुख की बेटी हैं। दीपशिखा की शादी अभिनेता रितेश देशमुख के भाई धीरज देशमुख से हुई है।
इस पोस्ट के साथ जैकी ने दिवियाना को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, ''मेरी प्यारी दिव्याना को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। जिंदगी में तुम जो भी कदम उठाओगी, मैं हर बार तुम्हारे हाथ थामे साथ खड़ा मिलूंगा। तुम्हारी खुशियों को सेलिब्रेट करूंगा और हर पल तुमसे प्यार करूंगा।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
