सिनेजीवन: श्रीदेवी संग तस्वीरें पोस्ट कर इमोशनल हुई जान्हवी कपूर और श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे हैं ये भोजपुरी गीत
जान्हवी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने बचपन की कुछ भावुक कर देने वाली तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें वह अपनी मां के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री ने भी मोहक गीतों की झड़ी लगा दी है।

श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे हैं ये भोजपुरी गीत, जन्माष्टमी के मौके पर बने लोगों की पसंद

जन्माष्टमी का त्योहार हर साल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन लोग व्रत रखते हैं, मंदिर सजाते हैं, झूले बनाते हैं और रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म का जश्न मनाते हैं। बच्चे कान्हा बनते हैं, महिलाएं भजन गाती हैं और हर जगह भक्ति का माहौल होता है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री ने भी मोहक गीतों की झड़ी लगा दी है। इनमें कान्हा की माखन चोरी, राधा संग रासलीला, यशोदा मईया की ममता, सोहर और गोकुल की मिठास सब कुछ है। यही वजह है कि ये गाने लोगों की जन्माष्टमी स्पेशल प्लेलिस्ट में जगह बना चुके हैं।
'बिरज में कान्हा की तैयारी'- यह भजन भगवान कृष्ण के जन्म से पहले ब्रज में हो रही तैयारियों को दर्शाता है। इस गाने को सुरभि कश्यप, कुनाल मिश्रा और साकेत सुमन ने मिलकर गाया है। वहीं संगीत मोहित म्यूजिक ने दिया है और बोल मनोज भावुक ने लिखे हैं। इस गाने में बताया गया है कि कैसे नंदगांव और वृंदावन के लोग कान्हा के जन्म की खुशी में झूलन सजाते हैं, दीप जलाते हैं और मिठाइयां बनाते हैं।
'जेकरे अचरा में जन्मे कन्हैया'—यह यह गाना यशोदा मैया की ममता को दर्शाता है। इस गाने को गायक समर सिंह ने गाया है। यह भजन लोगों के दिल को छू रहा है। इसके बोल आलोक यादव ने लिखे हैं और संगीत अभिराम पांडे ने दिया है। इस गाने में यशोदा मां की भावना को खूबसूरती से दिखाया गया है।
कांतारा’ के जादू के साथ बिग स्क्रीन पर होगा ‘कुली’ और ‘वॉर 2’ का धमाल, जारी हुआ स्पेशल लोगो

इस स्वतंत्रता दिवस पर दर्शकों को सिनेमाघरों में मूवी देखने का अलग अनुभव होगा। इसके लिए भारत के सबसे बड़े सिनेमा चैनल पीवीआर आईनॉक्स ने होम्बले फिल्म्स के साथ मिलकर एक अनूठी पहल की है।
स्वतंत्रता दिवस वीकेंड से पीवीआर आईनॉक्स अपने लोगो में फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' के आइकॉनिक फायर एलिमेंट्स जोड़ रहा है। इसके जरिए वो दर्शकों के मूवी देखने के अनुभव को एक नए और बड़े स्तर पर ले जा रहा है। ये साल की सबसे चर्चित रिलीज में से एक है। यह फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी।
‘कुली’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्मों के शो के दौरान, दर्शक पीवीआर आईनॉक्स का यह नया ‘फायर एनीमेशन’ लोगो बड़े पर्दे पर देख पाएंगे। उन्नत प्रोजेक्शन और डिजिटल तकनीक के साथ बनाया गया यह विज़ुअल, कांतारा की ऊर्जा और संस्कृति को दर्शाता है और यह साबित करता है कि नई सिनेमा तकनीक किसी ब्रांड को एक प्रभावशाली कहानी में बदल सकती है।
'शेकी-शेकी' पर गुलाबी साड़ी पहन झूम के नाचीं माधुरी दीक्षित, मान लिया- 'रुकना नामुमकिन'

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, अब भले ही फिल्मों में कम नजर आती हैं, लेकिन अपने फैंस से जुड़े रहने का मौका नहीं जाने देतीं। गुरुवार को एक लेटेस्ट वीडियो पोस्ट कर उन्होंने शेकी-शेकी अंदाज से सबको चौंका दिया है। हिंदी सिने जगत की डांसिंग क्वीन ने अपने बिंदास हाव-भाव से सबको हक्का-बक्का कर दिया है। उन्होंने खुद ही माना है कि रुकना नामुमकिन है!
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर ट्रेंडिंग मराठी सॉन्ग 'शेकी-शेकी' पर डांस करती रील पोस्ट की। माधुरी ने 'बेबी पिंक' रंग की साड़ी पहनी हुई है और गाने के बोल के साथ पूरा न्याय कर रही हैं, यानी पूरे सटीक एक्सप्रेशन के साथ हुक स्टेप्स निभा रही हैं। वीडियो पोस्ट कर उन्होंने कैप्शन में लिखा, "वाइब = शेकी मूव्स = अन्स्टॉपेबल।" उन्होंने कहने की कोशिश की है कि शेकी मूव्स के दौर में वो खुद को रोक नहीं पा रही हैं।
नेटिजन्स इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं, और वीडियो पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "एक नंबर मोहिनी," दूसरे यूजर ने लिखा, "आखिरकार इन्होंने भी ये ट्रेंड अपना लिया," और एक अन्य यूजर ने लिखा, "उफ्फ उफ्फ!"
रजनीकांत-नागार्जुन स्टारर ‘कुली’ रिलीज, सिनेमाघरों में जुटी दर्शकों की भीड़

सुपरस्टार रजनीकांत और नागार्जुन स्टारर एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘कुली’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन ने किया है। गुरुवार की सुबह ही दर्शकों का उत्साह देखते बना, बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ फिल्म देखने थिएटर पहुंची।
विजयवाड़ा के थिएटर में सुबह 6 बजे के प्रीमियर शो में फैंस ने हूटिंग और तालियों के साथ फिल्म के लिए उत्साह व्यक्त किया। दर्शक हाथों में फिल्म के पोस्टर्स और रजनीकांत-नागार्जुन की प्रशंसा करते नजर आए।
इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही प्रशंसकों और आलोचकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया था। फिल्म में रजनीकांत, नागार्जुन, सौबिन शाहिर, श्रुति हासन, सत्यराज, उपेंद्र और रेबा मोनिका जॉन जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं, आमिर खान कैमियो रोल में हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है।
'हर कदम पर मां का नाम दिल में लिए चलती हूं'... श्रीदेवी संग तस्वीरें पोस्ट कर इमोशनल हुई जान्हवी कपूर

मां और बेटी का रिश्ता दुनिया के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक होता है। यह एक ऐसा बंधन है जो समय, दूरी और जीवन की सीमाओं से परे जाकर भी अपना असर बनाए रखता है। अभिनेत्री जान्हवी कपूर और उनकी मां, दिवंगत सुपरस्टार श्रीदेवी के बीच भी ऐसा ही एक अनमोल रिश्ता था, जिसकी झलक हाल ही में जान्हवी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस को दिखाई।
जान्हवी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने बचपन की कुछ भावुक कर देने वाली तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें वह अपनी मां के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं।
पहली तस्वीर में नन्हीं जान्हवी को श्रीदेवी ने अपनी गोद में उठाया हुआ है, और पिता बोनी कपूर उनके साथ खड़े हैं। बोनी का एक हाथ श्रीदेवी के कंधे पर है, और दूसरा हाथ जान्हवी के छोटे से हाथ को थामे हुए है।
वहीं एक तस्वीर में जान्हवी थोड़ी बड़ी दिख रही हैं, जहां श्रीदेवी ने गुलाबी रंग की साड़ी पहनी है और जान्हवी ने स्काई ब्लू फ्रॉक। कैमरे की ओर दोनों शानदार पोज दे रहे हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ