सिनेजीवन: खेसारी ने दिल्ली में हुई घटना पर जताया आक्रोश और वरुण धवन ने केजीएफ फेम यश का जताया आभार
खेसारी लाल यादव सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली के जाफराकलां थाना क्षेत्र के रावता गांव में घटी घटना का जिक्र किया। फिल्म की नई रिलीज डेट सामने आने के बाद वरुण धवन ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।

बिहारियों के साथ हो रहा बलूचों जैसा सलूक, खेसारी ने दिल्ली में हुई घटना पर जताया आक्रोश
देश की राजधानी दिल्ली में बीते शनिवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज द्वारा शराब के नशे में डिलीवरी ब्वॉय पांडव कुमार को गोली मारने की घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मामले पर भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव लगातार दिल्ली सरकार से सवाल कर रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने ऐसे पोस्ट को रिट्वीट कर दिया है, जिसमें बिहार के रहने वाले लोगों की तुलना बलूचिस्तान से कर दी है और सभी बिहार के लोगों से एकजुटता की मांग की है।
खेसारी लाल यादव सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली के जाफराकलां थाना क्षेत्र के रावता गांव में घटी घटना का जिक्र किया। सिंगर का मानना है कि पहले बिहार के लोगों को अन्य राज्यों में भाषा और आर्थिक स्थिति के आधार पर प्रताड़ित किया जा रहा है और अब बिहार के रहने वाले बेगुनाह लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। उन्होंने एक ट्वीट और रिट्वीट करते हुए लिखा, 'अब लग रहा है कि आप ठीक ही बोल रहे थे, लेकिन अब मुंह पर दही जमा के कोई फायदा नहीं। हर बिहारी मिलकर ऐसा मिसाल पैदा करे कि आगे से कोई अपने मन में भी दिल्ली वाला घृणित कार्य करने का सोचे तो रूह काप जाए, हाथ जोड़ कर विनीति है सब बिहारी से - विचारधारा कोई भी हो, इस मुद्दे पर इक्कठा हो जाइए।'
भोजपुरी सिंगर ने संजीव सिंह नाम के यूजर के ट्वीट को रिट्वीट किया है, जिसपर लिखा है, "पाकिस्तान बलूचों और पश्तून लोगों के साथ जो करता है, भारत बिहारियों के साथ वही करता है।" सिंगर ने ट्वीट का खुला समर्थन किया है। इससे पहले भी उन्होंने घटना को लेकर कई ट्वीट डाले थे और घटना को बिहारी होने की सजा बताया था।
'हमारी फिल्म को सही तारीख दिलाने के लिए धन्यवाद', वरुण धवन ने केजीएफ फेम यश का जताया आभार

सुपरस्टार और केजीएफ फेम यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' की रिलीज डेट एक बार फिर से टाल दी गई। इस फैसले के बाद अब वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' की रिलीज डेट में बदलाव किया गया। पहले यह फिल्म मई में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे फिर से उसकी पुरानी तय तारीख पर रिलीज करने का फैसला लिया गया है।
दरअसल, पहले 'टॉक्सिक' को 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था। इसी वजह से 'है जवानी तो इश्क होना है' के निर्माताओं ने अपनी फिल्म की रिलीज पहले कर दी थी और इसे 22 मई को लाने का फैसला लिया था। माना जा रहा था कि दोनों फिल्मों की रिलीज एक-दूसरे के बेहद करीब होने से बॉक्स ऑफिस पर असर पड़ सकता है। लेकिन अब जब 'टॉक्सिक' की रिलीज आगे बढ़ा दी गई है, ऐसे में वरुण धवन की फिल्म को फिर से पुरानी रिलीज डेट 5 जून पर लाया गया है।
फिल्म की नई रिलीज डेट सामने आने के बाद वरुण धवन ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने अपनी फिल्म के दो नए पोस्टर साझा किए। इन पोस्टरों में उनका अलग अंदाज दिखाई दे रहा है।
पोस्ट साझा करते हुए वरुण धवन ने बताया कि उनकी फिल्म अब 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके साथ ही उन्होंने यश और मैडॉक फिल्म्स का आभार जताया।
इरफान खान की पुण्यतिथि पर भावुक सुतापा सिकदर बोलीं, 'वो दिल जीतने का हुनर जानता था'

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता इरफान खान ने अपने शानदार अभिनय से दुनियाभर में पहचान बनाई। आज भी उनकी फिल्में और उनके निभाए किरदार लोगों के दिलों को छू जाते हैं। 29 अप्रैल 2020 को इरफान खान इस दुनिया को छोड़कर चले गए थे, लेकिन उनके चाहने वाले आज भी उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं। उनकी पत्नी सुतापा सिकदर भी अक्सर उन्हें याद करते हुए भावुक हो जाती हैं। इरफान की छठी पुण्यतिथि पर सुतापा ने खास पोस्ट शेयर किया।
दरअसल, सुतापा सिकदर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लेखक योगेश भारद्वाज की एक भावुक रचना को रीशेयर किया, जिसमें इरफान खान की शख्सियत, उनके संघर्ष और उनके भीतर छिपे कलाकार को बेहद भावनात्मक अंदाज में याद किया गया था। इस रचना में शब्दों के जरिए यह बताने की कोशिश की गई कि इरफान ऐसे इंसान थे जिनकी आंखों में गहराई, व्यवहार में सादगी और दिल में अपार संवेदनाएं थीं।
पोस्ट में इरफान खान की फोटो के साथ लिखा, "मैं भटका सा राही, मुझे वो दर दिखता था… मैंने जिधर देखना चाहा, वो उधर दिखता था। मुझे जलाकर सुखा दिया था तपिश ने मेरी… मुझे उसकी आंखों में समंदर दिखता था। जीवन की कला का बड़ा कलाकार था वो… दिल जीतने का हुनर जानता था, फनकार था वो। हमने घर छोड़ा कुछ पाने की बेचैनी में, उसके रास्तों में मुझे बस सबर दिखता था। ऐ खुदा, खुद से खुद की रिहाई लिख दे, जैसे उसकी लिखी, मेरी भी विदाई लिख दे। कौन सी रिश्वत देता था वो तुझको... तू जब-जब उसका हुनर लिखता था।"
'रजनी की बारात' की रिलीज डेट घोषित, इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देंगी उल्का गुप्ता

अभिनेत्री उल्का गुप्ता जल्द ही बड़े पर्दे पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। अभिनेत्री अब आगामी फिल्म 'रजनी की बारात' में नजर आएंगी। बुधवार को मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी।
उल्का ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जो फिलम की कहानी की झलक पेश करता है। इस पोस्टर में उल्का पारंपरिक दुल्हन के लिबास में सजी-धजी नजर आ रही है, लेकिन वे एक स्कूटी में बैठी हुई हैं। उनके साथ पोस्टर में दो अन्य महिलाएं और एक पुलिस इंस्पेक्टर भी दिखाई दे रहे हैं, जो फिल्म में कॉमेडी और ड्रामे के तड़के की ओर इशारा करता है।
अभिनेत्री ने पोस्टर शेयर कर लिखा, "निकलेगी रजनी की बारात 29 मई को। मिथिला की बारात में बनेंगे ना बाराती। फिल्म 'रजनी की बारात' 29 मई को रिलीज होगी।"
फिल्म की कहानी मिथिला (बिहार) की संस्कृति और परिवेश के इर्द-गिर्द बुनी गई है। यह फिल्म दर्शकों को एक नए सांस्कृतिक अनुभव से रूबरू कराएगी। यह फिल्म पारंपरिक शादियों की रीतियों को एक नया दृष्टिकोण देती है। इसमें दिखाया गया है कि दुल्हन (रजनी) बारात लेकर दूल्हे के घर जाती है।
'लुक्खे' में दिखेगा पलक तिवारी का इमोशनल अवतार, मां श्वेता तिवारी से मिले ये खास एक्टिंग टिप्स

अभिनेत्री पलक तिवारी वेब सीरीज 'लुक्खे' के जरिए ओटीटी पर डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। यह फिल्म चंडीगढ़ की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज रैप कल्चर, स्ट्रीट राइवलरी और बदले की कहानी है।
इस सीरीज में पलक ने सनोबर नाम की एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया है, जो म्यूजिक और हाई-स्टेक्स वाली दुनिया में अपनी कमजोरियों, प्यार और अंदरूनी संघर्षों से लड़ती नजर आएगी। अपने किरदार को अभिनेत्री का कहना है कि सनोबर काफी भावनात्मक और एक्सप्रेसिव है।
पलक को एक्टिंग विरासत में मिली है। उनकी मां श्वेता तिवारी टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी अदाकारा हैं। दिग्गज अभिनेत्री की बेटी होने के नाते पलक पर हमेशा उम्मीदों का दबाव रहता है। इस बारे में पलक का कहना है, "बेशक, मेरी मां के शानदार अभिनय की वजह से थोड़ा प्रेशर होता है, लेकिन मेरी नजर में वह सबसे बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia