सिनेजीवन: दूसरी बार पैरेंट्स बनने वाले हैं कियारा-सिद्धार्थ और कुणाल खेमू ने शेयर किया फिटनेस वीडियो
कियारा और सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की है। कुणाल खेमू ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने भी शुरुआत में सिर्फ 5 से 8 'रेप्स' (रेपेटिशन) से शुरुआत की थी।

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा दूसरी बार बनने वाले हैं माता-पिता, खास अंदाज में दी खुशखबरी

बॉलीवुड के स्टार कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। दोनों जल्द ही दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। कियारा और सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की है।
कपल ने बताया कि एक बार फिर उन्हें जिंदगी का सबसे खूबसूरत तोहफा मिलने वाला है। इस खबर के सामने आते ही फैंस उन्हें बधाई देने लगे हैं।
कियारा और सिद्धार्थ ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारी तस्वीर शेयर की है, जिसमें उनकी पहली बेटी सरायाह मल्होत्रा अपने माता-पिता को ऊन से बने मोजे देती नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के जरिए कपल ने अपने दूसरे बच्चे के आने की खबर बेहद खूबसूरत अंदाज में दी। पोस्ट के कैप्शन में दोनों ने लिखा, ''एक बार फिर सबसे बड़े तोहफे का आशीर्वाद मिला... हमारे दिल प्यार और आभार से भरे हुए हैं।''
कुणाल खेमू ने शेयर किया फिटनेस वीडियो, कहा- जिंदगी मैराथन है 100 मीटर की दौड़ नहीं

अभिनेता और फिल्ममेकर कुणाल खेमू काम के साथ-साथ फिटनेस पर भी पूरा ध्यान देते हैं। बुधवार को अभिनेता ने अपनी फिटनेस की झलकियां शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने 33 पुल-अप्स को अपना बेस्ट बताया है।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट पोस्ट किया, जिसमें ट्रेनर ने उन्हें 25 पुल-अप्स करने का चैलेंज दिया है।
कुणाल खेमू ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने भी शुरुआत में सिर्फ 5 से 8 'रेप्स' (रेपेटिशन) से शुरुआत की थी। इसके साथ ही उन्होंने निरंतर प्रयास और अनुशासन के महत्व पर भी जोर दिया। अभिनेता ने लिखा, "मुझे 25 पुल-अप्स करने को कहा गया था, लेकिन मैंने जवाब में 33 पुल-अप्स कर दिखाए।"
उन्होंने आगे लिखा, "मुझे बाद में एहसास हुआ कि मेरे ट्रेनर आखिरी गिनती भूल गए थे और पिछला वीडियो 31.5 पुल-अप्स पर ही कट हो गया था। इसलिए यह रहा पूरा वीडियो, जिसमें मैंने अपना बेस्ट प्रदर्शन किया है। आज भले ही मैंने 33 पुल-अप्स किए हों, लेकिन मेरी शुरुआत भी महज 5 से 8 रेप्स से ही हुई थी। मैं बस इतना ही कहना चाहता हूं कि निरंतर प्रयास करते रहिए और हर बार अपनी क्षमता थोड़ी बढ़ाते रहिए- ठीक वैसे ही, जैसे हम वेट ट्रेनिंग में धीरे-धीरे वजन बढ़ाते हैं। हमें कदम-दर-कदम हर दिन खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, कम से कम लंबे समय के लिए तो बिल्कुल नहीं। जिंदगी कोई 100 मीटर की रेस नहीं, बल्कि एक मैराथन है।"
'वे मेरे को-स्टार, पड़ोसी और दोस्त थे', विनोद खन्ना को याद कर सिमी गरेवाल ने शेयर की पुरानी मेमोरी

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना की 80वीं जयंती पर फैंस ने सोशल मीडिया पर उनके पुराने फिल्मों के सीन और गाने शेयर कर उन्हें याद किया। इसी बीच एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स यूजर ने विनोद खन्ना और अभिनेत्री सिमी गरेवाल की फिल्म 'हाथ की सफाई' के लोकप्रिय गाने 'वादा कर ले सजना' की एक क्लिप शेयर की। इस वीडियो में दोनों कलाकार साथ नजर आ रहे हैं।
पोस्ट को सिमी गरेवाल ने भी रीशेयर किया और विनोद खन्ना से जुड़ी अपनी खास याद को फैंस के साथ साझा किया।
यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए सिमी गरेवाल को टैग किया और लिखा, ''सिमी गरेवाल मैम, आपके को-स्टार विनोद खन्ना अगर जिंदा होते, तो 80 साल के होते। आप दोनों की यह एक शानदार याद है।'' इस पोस्ट को रीशेयर करते हुए सिमी गरेवाल ने विनोद खन्ना के साथ अपने रिश्ते को याद किया। उन्होंने लिखा, ''धन्यवाद। मुझे उनकी याद आती है। विनोद मेरे को-स्टार, मेरे पड़ोसी और मेरे दोस्त थे।''
शोर-शराबे से दूर पहाड़ों में छुट्टियां मनाने पहुंची आशा पारेख, हेलेन और वहीदा रहमान

बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री आशा पारेख इन दिनों अभिनेत्री वहीदा रहमान और हेलन के साथ पहाड़ों की सैर पर हैं। बुधवार को अभिनेत्री ने अपने वेकेशन की झलक पोस्ट की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें तीनों गर्मजोशी के साथ बैठी नजर आ रही हैं। अभिनेत्री आशा पारेख ने लिखा, "पहाड़ों में अपने प्रिय दोस्तों हेलेन और वहीदा रहमान के साथ। उनके साथ यात्रा करना और उनके साथ अच्छा समय बिताना हमेशा अच्छा लगता है।"
अभिनेत्री वहीदा रहमान, आशा पारेख और हेलेन की दोस्ती हिंदी सिनेमा की सबसे गहरी, पुरानी और खूबसूरत मिसालों में से एक है। इन्हें बॉलीवुड की 'गोल्डन गर्ल्स' भी कहा जाता है, जिनकी दोस्ती आज तक अटूट बनी हुई है।
उस दौर में शीर्ष अभिनेत्रियां होने के बावजूद उनके बीच कभी प्रतिस्पर्धा या ईर्ष्या नहीं आई, बल्कि उनका रिश्ता आपसी सम्मान और प्रगाढ़ स्नेह पर टिका है। तीनों को सजना-संवरना और पार्टियों या कार्यक्रमों में शामिल होना बेहद पसंद था। तीनों अक्सर साथ में डिनर, गेट-टुगेदर और विदेश यात्राएं करती हैं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।
आशुतोष राणा ने पत्नी रेणुका शहाणे को किया बर्थडे विश, कहा-प्रिय उमा को जन्मदिन की शुभकामनाएं

अभिनेत्री रेणुका शहाणे बुधवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उनके पति और अभिनेता आशुतोष राणा ने जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की।
आशुतोष राणा ने इंस्टाग्राम पर रेणुका शहाणे का एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने रेणुका के नए प्रोजेक्ट की झलक भी दिखाई। पोस्ट में रेणुका पारंपरिक लुक में दिख रही हैं, नाक की नथ, गहने और बिंदी के साथ। वह पंचतंत्र के प्रोमो में दिखाई दे रही हैं।अभिनेता ने लिखा, "जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रिय उमा, परमपूज्य गुरुदेव भगवान की कृपा से आप सदैव स्वस्थ, प्रसन्न, सुखी, सफल रहते हुए दीर्घायु हों।"
आशुतोष ने सुहैल ततारी को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने रेणुका के साथ सीरीज का निर्देशन किया। उन्होंने लिखा, "प्रिय सुहैल ततारी भाई, पंचतंत्र के लिए आदरणीय रेणुका के साथ इस शानदार सीरीज को निर्देशित करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। सादर प्रणाम।" अभिनेता की इस पोस्ट पर टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने प्रतिक्रिया दी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
