सिनेजीवन: कुब्रा सैत ने फैंस को दिया खास मैसेज और गजराज राव ने इरफान और मनोज बाजपेयी को बताया अपना मेंटर
कुब्रा सैत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर जिंदगी से जुड़ी बातों को लेकर अपनी राय साझा करती रहती हैं। गजराज राव उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में खास जगह बनाई।

सोनू निगम ने मोहम्मद रफी का हारमोनियम बजाते हुए गाया 'दीवाना हुआ बादल', सचिन तेंदुलकर और सलीम मर्चेंट भी रहे साथ

मोहम्मद रफी के गाने आज भी लोगों के फेवरेट लिस्ट में शामिल है। उनकी आवाज और संगीत से जुड़ी यादों को आज भी उनके फैंस बेहद करीब से महसूस करते हैं। अब इसी विरासत से जुड़ा एक बेहद खास पल मुंबई में देखने को मिला, जब मशहूर सिंगर सोनू निगम, दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और म्यूजिक कंपोजर सलीम मर्चेंट मोहम्मद रफी के पुराने घर 'रफी मेंशन' पहुंचे। इस दौरान तीनों ने रफी साहब की जिंदगी से जुड़ी कई यादगार चीजें देखीं।
सोनू निगम रफी साहब की गायकी के बड़े प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने रफी साहब का हारमोनियम बजाते हुए उनका मशहूर गाना 'दीवाना हुआ बादल' गाया। यह गाना साल 1964 में रिलीज हुई फिल्म 'कश्मीर की कली' का है। इसे मोहम्मद रफी और आशा भोसले ने अपनी आवाज दी थी जबकि गाने का संगीत ओ.पी. नैयर ने तैयार किया था।
सोनू निगम जब हारमोनियम बजाते हुए इस सदाबहार गाने को अपनी आवाज दे रहे थे, तब सचिन तेंदुलकर उनके पास खड़े होकर उन्हें बेहद ध्यान से सुनते नजर आए। सलीम मर्चेंट भी इस खास मौके पर मौजूद थे। इस पूरे पल को वीडियो सोनू निगम ने इंस्टग्राम पर शेयर किया। उन्होंने इस विजिट को बेहद खास बताते हुए लिखा, ''रफी मेंशन में हमारी संगीत से जुड़ी एक खास यात्रा।''
अभिलाष थपलियाल ने तापसी के फिल्मों के चयन को सराहा, कहा- हर बार नया मुकाम बनाती हैं

अभिनेत्री तापसी पन्नू अपने दमदार अभिनय और शानदार फिल्मों के चयन को लेकर जानी जाती हैं। अब तापसी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'गांधारी' से फिर से दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। गुरुवार को अभिनेत्री के मित्र और अभिनेता अभिलाष थपलियाल ने सभी से फिल्म को देखने की गुजारिश की।
अभिलाष थपलियाल ने इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री तापसी पन्नू के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने उनके अभिनय और फिल्मों के चयन की भी सराहना की।
अभिनेता ने लिखा, "अभिनेत्री तापसी पन्नू ने जो फैसले लिए हैं, वो उन्हें इस इंडस्ट्री की हर दूसरी स्टार से अलग बनाते हैं। 'पिंक' से लेकर 'मुल्क', 'थप्पड़', 'मनमर्जियां' और 'अस्सी' तक। उन्होंने हर बार अपने अभिनय से चौंकाया है।"
अभिनेता अभिलाष थपलियाल ने सभी से फिल्म 'गांधारी' देखने की अपील की। अभिनेत्री ने लिखा, "नेटफ्लिक्स पर 'गांधारी' उस अभिनेत्री के लिए जरूर देखें, जो हर बार नया मुकाम बनाती हैं। इंडियन फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बेहतरीन और सबसे बहादुर एक्ट्रेस में से एक तापसी पन्नू के नाम।"
'आवारापन 2' में इमरान और दिशा की आवाज के पीछे है इस शख्स का हाथ

इमरान हाशमी फिल्म 'आवारपन-2' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। गुरुवार को वॉयस-ओवर कलाकार विजय विक्रम सिंह ने बताया कि उन्होंने फिल्म के कलाकार इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की आवाज में परिवर्तन के लिए काम किया था।
विजय विक्रम सिंह ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की, जिसमें इमरान हाशमी अभिनेत्री दिशा पाटनी के साथ नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने बताया कि दोनों कलाकारों की आवाज में परिवर्तन लाने के लिए कई तरह की तकनीक और एक्सरसाइज पर काम किया गया था।
उन्होंने लिखा, "'आवारपन-2' जबरदस्त हिट रही है और मुझे खुशी है कि मैं भी अपने छोटे से तरीके से इसमें योगदान दे पाया। हाल ही में मुझे फिल्म 'आवारापन-2' के लिए दिशा पाटनी और इमरान हाशमी को वॉयस की ट्रेनिंग देने का मौका मिला। दोनों के किरदारों में एक गंभीर और इंटेंस पर्सनैलिटी है और सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि उनकी आवाज इमोशनल दुनिया को सूट करे।"
उन्होंने लिखा, "उनकी आवाज थोड़ी भारी, गहरी और कंट्रोल, बिना बनावटी लगे। हमने सांसों पर कंट्रोल, ब्रीदिंग टेक्निक और ऐसी एक्सरसाइज पर काम किया जिससे उन्हें अपने लोअर नोट्स तक पहुंचने और उसे बनाए रखने में मदद मिली। मैंने वर्बलाइजेशन तकनीक का भी इस्तेमाल किया ताकि वे अपनी आवाज को किरदार की अंदरूनी भावनाओं से जोड़ सकें ताकि गहराई सिर्फ सुनाई ही न दे बल्कि महसूस भी हो।"
गजराज राव ने इरफान और मनोज बाजपेयी को बताया अपना मेंटर, अक्षय कुमार को लेकर भी बदली राय

एक्टर गजराज राव उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के अपनी मेहनत और एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में खास जगह बनाई। आज उनका नाम सुनते ही दर्शक एक मजबूत परफॉर्मेंस की उम्मीद करते हैं। हालांकि, गजराज खुद को आज भी सीखने वाला कलाकार मानते हैं। उनका कहना है कि एक्टिंग की दुनिया में चाहे कोई कितना भी आगे निकल जाए, फिर भी कुछ ऐसे कलाकार होते हैं, जिन्हें देखकर वह खुद बेहतर करने की कोशिश करता है। उन्होंने उन एक्टर्स के नाम बताए, जिन्हें वह अपना मेंटर मानते हैं। इस लिस्ट में दिवंगत एक्टर इरफान और शानदार अभिनेता मनोज बाजपेयी का नाम सबसे खास है।
गजराज राव हाल ही में गोपाल दत्त के पॉडकास्ट 'पहला पहला' में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने बचपन से लेकर अब तक के एक्टिंग सफर को याद किया। उन्होंने कहा, ''दिल्ली के एक साधारण रेलवे क्वार्टर में पले-बढ़े होने से लेकर भारतीय सिनेमा के चेहरों में शामिल होने तक मेरा सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। फिल्मों से मेरा लगाव दिल्ली के कनॉट प्लेस के सिनेमाघरों से बढ़ा। फिल्मों को करीब से देखने और समझने के बाद धीरे-धीरे मेरा रुझान थिएटर की तरफ हुआ। थिएटर में मुझे काम करने का मौका मिला और देखते ही देखते यही सफर मेरे एक्टिंग करियर की नींव बन गया।''
अपने प्रेरणास्रोतों के बारे में बात करते हुए गजराज ने कहा, ''हर एक्टर को अपने मेंटर्स तलाशने चाहिए। मेरे कई मेंटर्स हैं, जिनमें दिवगंत अभिनेता इरफान और मनोज बाजपेयी शामिल हैं। मैं इन कलाकारों को देखता हूं और यह समझने की कोशिश करता हूं कि वे किस तरह काम करते हैं और अपने करियर को उन्होंने कैसे आगे बढ़ाया। मेरे लिए किसी बड़े कलाकार से सीखने का मतलब उनकी एक्टिंग के साथ-साथ उनके काम करने के तरीके और रवैये को समझना भी है।''
छोटी-छोटी चीजें भी हैं हिम्मत की निशानी, कुब्रा सैत ने फैंस को दिया खास मैसेज

अभिनेत्री कुब्रा सैत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर जिंदगी से जुड़ी बातों को लेकर अपनी राय साझा करती रहती हैं। गुरुवार को अपनो सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिंदगी और उसके संघर्षों के बारे में एक सोचने वाला मैसेज शेयर किया।
दरअसल, सितंबर का पूरा महीना 'आत्महत्या रोकथाम जागरूकता माह' के रूप में मनाया जाता है और इसी मौके पर अभिनेत्री ने एक ऐसा मैसेज शेयर किया, जो सभी के लिए बहुत खास है। अभिनेत्री कुब्रा सैत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में छोटी-छोटी चीजें करना भी हिम्मत की निशानी होती है।
वीडियो में अभिनेत्री कहती हैं, "मैं इस तरह की इंसान हूं, जो अजनबियों को देखकर मुस्करा देती है क्योंकि मैं यह देखने के लिए काफी उत्साहित रहती हूं कि आगे उनका कैसा रिएक्शन आएगा। कुछ लोग मुस्कुराकर जवाब देते हैं, तो कुछ शक भरी नजरों से देखते हैं। वे सोचते हैं, क्या हुआ मैडम और मैं सोचती हूं अरे रिलैक्स, मैं तो बस देखना चाहती थी कि आपके चेहरे पर मुस्कान है या नहीं। यही छोटा सा कनेक्शन मुझे हर बार याद दिलाता है कि अपने लिए और पूरी दुनिया के लिए मुझे अकेले ही सब कुछ नहीं करना है।"
अभिनेत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सेल्फ केयर इतना मुश्किल भी नहीं होता है। कभी-कभी इसका मतलब बस बाहर निकलना, शरीर को हिलाना-डुलाना या कुछ ऐसा करना भी हो सकता है, जिससे किसी को अच्छा और सुकून मिले।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
