सिनेजीवन: अल्लू अर्जुन के जन्मदिन पर मेकर्स ने दिया खास तोहफा और कॉकटेल-2 के नए गाने 'जब तलक' ने ऑन किया वेकेशन मोड
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स, अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली ने मिलकर एक साझा पोस्ट के जरिए इस फिल्म का नाम और पहला लुक जारी किया। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर फिल्म 'कॉकटेल 2' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है।

अल्लू अर्जुन की नई फिल्म 'राका' का फर्स्ट लुक जारी, जन्मदिन पर मेकर्स ने दिया खास तोहफा
फिल्मी दुनिया में बड़े सितारों के जन्मदिन पर अक्सर बड़ी घोषणाएं की जाती हैं, और इस बार भी ऐसा ही देखने को मिला। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के 44वें जन्मदिन के मौके पर उनके फैंस को एक बड़ा सरप्राइज मिला। उनकी आने वाली फिल्म का आधिकारिक नाम और पहला लुक सामने आ गया है। इस फिल्म का नाम 'राका' रखा गया है। इस ऐलान के साथ ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह बढ़ गई है। हर तरफ इस नए लुक की चर्चा हो रही है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स, अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली ने मिलकर एक साझा पोस्ट के जरिए इस फिल्म का नाम और पहला लुक जारी किया। इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। पोस्ट में कहा गया है कि यह अनुभव सीमाओं से परे होगा।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पोस्ट में फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया। साथ ही फिल्म के टाइटल से भी पर्दा उठाया। पोस्टर कई भाषाओं में रिलीज किया गया है। इसमें अंग्रेजी और हिंदी समेत कई भाषाएं भी शामिल हैं। पोस्ट शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, ''एए22xए6 का नाम अब राका है। खुद को सीमाओं से आगे देखने के लिए तैयार करें।''
इस पोस्ट में मेकर्स ने अल्लू अर्जुन, एटली और दीपिका पादुकोण को टैग किया गया है।
कॉकटेल-2 के नए गाने 'जब तलक' ने ऑन किया वेकेशन मोड, 'तुम ही हो बंधु' की वाइब

शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर फिल्म 'कॉकटेल 2' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है।
बीते दिन ही फिल्म का पहला लुक रिलीज किया गया था लेकिन अब फिल्म का पहला गाना 'जब तलक' रिलीज हो गया है। वेकेशन सॉन्ग में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की गहरी दोस्ती और मौज मस्ती देखने को मिल रही है।
19 जून को रिलीज होने वाली 'कॉकटेल 2' का लेटेस्ट सॉन्ग इस बार के समर वेकेशन का एंथम बनने वाला है क्योंकि गाने की वाइब मस्ती भरी और सुकून देने वाली है। वेकेशन में फुल मस्ती के मोड को बरकरार रखने के लिए 'जब तलक' बिल्कुल परफेक्ट सॉन्ग है। सॉन्ग में समंदर किनारे शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन को दोस्ती, प्यार और फुल पागलपंती के साथ डांस करते हुए दिखाया गया है। गाने की बीट ऐसी है कि सुनने के बाद खुद को रोक पाना मुश्किल है।
गाने को अरिजीत सिंह और अकासा सिंह ने मिलकर गाया है, और गाने के लिरिक्स अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और कंपोज प्रीतम चक्रवर्ती ने किया है। यह गाना कॉकटेल के 'तुम ही हो बंधु' की वाइब दे रहा है, लेकिन उस गाने की तुलना में काफी फीका लग रहा है। गाने में शाहिद कपूर ने भी अपनी डांसिंग स्किल्स को फ्लॉन्ट किया है, जबकि कृति और रश्मिका भी बीट पर शानदार स्टेप्स करती दिख रही हैं। कुल मिलाकर गाना वेकेशन मोड को ऑन करता है।
ताहिरा कश्यप ने साझा किए जिंदगी के सबसे यादगार अनुभव

अभिनेता आयुष्मान खुराना की पत्नी, लेखिका और फिल्म निर्माता ताहिरा कश्यप अक्सर सोशल मीडिया पर निजी जिंदगी की जानकारी देती रहती हैं। बुधवार को उन्होंने एक खास पोस्ट की।
इस पोस्ट में उन्होंने वयस्क होने के फायदों और छोटी-छोटी खुशियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वयस्क होना सिर्फ जिम्मेदारियां नहीं, बल्कि छोटी-छोटी खुशियों को जीने का मौका भी है। बिना किसी एग्जाम के दबाव के मार्च का महीना उनके लिए यादगार बन गया। उन्होंने लिखा, "मैं वयस्क जिंदगी का भरपूर मजा ले रही हूं।"
मार्च के महीने में स्कूलों में फाइनल एग्जाम होते हैं, जिसे लेकर ताहिरा ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मार्च के महीने में कोई एग्जाम नहीं हुए, बल्कि बहुत सारे अनुभव देखने को मिले।"
उन्होंने कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिनमें उनके रोजमर्रा के पल कैद थे। पोस्ट में ताहिरा ने कई यादगार पलों का जिक्र किया। उन्होंने दिल्ली के फकीर चंद बुक स्टोर जाने की बात बताई। वहां ऐसा महसूस हुआ, जैसे किताबें खुद उन्हें चुन रही हों, न कि वे किताबों को। उन्होंने लिखा, "जैसे किसी ने कहा था, किताबें मुझे चुनें, मैं उन्हें नहीं।"
अर्जुन रामपाल ने लेडी लव गैब्रिएला पर लुटाया प्यार, खास वीडियो किया शेयर

बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'धुरंधर : द रिवेंज' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसी बीच, उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रियड्स को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वे गैब्रिएला और अपने बच्चों के साथ मस्ती करते दिख रहे हैं। सब हंसते-खेलते नजर आ रहे हैं।
वीडियो के साथ अर्जुन ने लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो मेरी प्यारी गैब्री। इस साल और आने वाले हर साल तुम्हें ढेर सारा प्यार और खुशियां मिलें। जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
अर्जुन और गैब्रिएला लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रह रहे हैं। हालांकि, अभिनेता गैब्रिएला के साथ रिलेशनशिप से पहले मॉडल मेहर जेसिया के साथ शादी के बंधन में थे। दोनों ने 1998 में शादी की थी। इस शादी से दोनों को दो बेटियां माहिका और मायरा हैं। शादी के 20 साल बाद अर्जुन रामपाल और मेहर ने तलाक ले लिया था। कपल की बेटियों की कस्टडी मेहर के पास है।
मिलिंद सोमन ने लहरों को चीरते हुए तय किया 20 किलोमीटर का सफर

फिटनेस आइकन और मशहूर अभिनेता मिलिंद सोमन ने एक बार फिर अपनी शानदार फिटनेस का जोरदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने समुद्र में 20 किलोमीटर की तैराकी लगभग 8 घंटे में पूरी की। मिलिंद ने इसे अपने जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक बताया है।
मिलिंद ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें दोस्तों के साथ उनकी पत्नी अंकिता कोंवर भी नजर आ रही हैं।
मिलिंद ने पोस्ट के साथ लिखा, "समुद्र में लंबी दूरी तक तैरना सबसे शानदार अनुभवों में से एक है। यह बहुत अनिश्चित होता है। लहरें, मौसम और पानी की धाराएं मिलकर इसे एक रोमांचक साहसिक यात्रा बना देती है।"
उन्होंने पत्नी अंकिता कोंवर का खासतौर पर शुक्रिया अदा किया। साथ ही, अंकिता ने भी इसमें भाग लिया। मिलिंद ने लिखा, "अंकिता कोंवर का बहुत-बहुत धन्यवाद।"
इसी के साथ ही, मिलिंद ने अपने दोस्तों एलियास, निकोल और मिहिर का भी आभार जताया, जो ओपन वाटर स्विम क्लब से हैं। ये दोस्त पूरे समय उनके साथ रहे और उनका साथ देते रहे।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia