सिनेजीवन: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह और श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए आयुष्मान-सारा

मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मीडिया में आई खबरों पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस सारा अली खान अपनी आने वाली फिल्म 'उड़ता तीर' की सफलता के लिए श्री दरबार साहिब में माथा टेका ।

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह
i

भाई के शराब पीने की बात साबित हुई तो छोड़ दूंगा सिंगिंग', दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह  

सिंगर मीका सिंह अपने बड़े भाई और सिंगर दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे। उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी पर शराब पीकर स्टेज पर आने के आरोप लगाए गए थे। अब मीका ने इन आरोपों पर नाराजगी जताते हुए चुनौती दी है कि अगर कोई यह साबित कर दे कि उनके भाई शराब पीते हैं, तो वह सिंगिंग छोड़ देंगे।

मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मीडिया में आई खबरों पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मैंने खबर देखी। आप लोगों ने यह फैलाया है कि 'दलेर मेहंदी गाते समय नशे में थे, वह गा नहीं पा रहे हैं।' वह पिछले 30 सालों से सुपरस्टार हैं। सबसे पहले, मैं आप सभी से पूछना चाहता हूं कि क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है, या उनकी बर्थडे पार्टियों में शराब खुलेआम देखी है?''

 मीका ने कहा, ''आपने ऐसा कभी देखा ही नहीं, तो फिर कैसे कह दिया कि उनसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा था? कई बार हम कलाकार किसी से शो करने का वादा करते हैं और फिर तबीयत खराब होने के बावजूद अपनी कमिटमेंट पूरी करते हैं। अगर हमें 104 डिग्री बुखार भी हो और दो दिन बाद हमारा शो हो, तो हम अपनी कमिटमेंट पूरी करने की कोशिश करते हैं। शो का बजट बड़ा हो या छोटा, हम उसे करने जाते ही हैं। दलेर मेहंदी ने भी अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट निभाने के लिए ऐसा ही किया होगा।''

 वीडियो में मीका ने मीडिया से अपील की कि किसी खबर को पब्लिश करने से पहले तथ्यों की जांच जरूर की जाए। उन्होंने लिखा, ''सभी को दशहरा की शुभकामनाएं। हमारी मीडिया से एक खास अपील है कि कोई भी खबर पब्लिश करने से पहले फैक्ट्स वेरीफाई करें। बिना सबूत लगाए गए आरोपों पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए और न ही बिना सच्चाई जाने ऐसी खबरों को आगे बढ़ाना चाहिए।''

श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए आयुष्मान खुराना और सारा अली खान, 'उड़ता तीर' की सफलता के लिए की अरदास

सिनेजीवन: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह और श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए आयुष्मान-सारा

बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस सारा अली खान अपनी आने वाली फिल्म 'उड़ता तीर' के सिलसिले में अमृतसर पहुंचे, जहां दोनों कलाकारों ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका और सरबत के भले की अरदास की। बता दें कि सिख धर्म में सरबत के भले का मतलब सभी लोगों की सुख-शांति और खुशहाली की कामना करना है।

इस दौरान आयुष्मान ने गोल्डन टेंपल से अपने जुड़ाव के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि वह पहले भी दो बार गोल्डन टेंपल आ चुके हैं। यहां आकर उन्हें हर बार सुकून और अच्छा महसूस होता है। दोनों कलाकारों ने 'उड़ता तीर' की सफलता के लिए अरदास की।

 आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म 'उड़ता तीर' एक स्पाई कॉमेडी है। फिल्म में जासूसी, एक्शन, कॉमेडी और रोमांस देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी बिलाल अहमद नाम के एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक सीक्रेट मिशन के तहत भारत भेजा जाता है। बिलाल का मिशन उस समय मुश्किल हो जाता है, जब एक हादसे में उसकी याददाश्त चली जाती है। इसके बाद वह अपनी पहचान भूल जाता है और उसे लगने लगता है कि वह भारतीय है।


'शब्दों से परे आपसे प्यार', जैकी भगनानी और रकुल ने मनाया मां पूजा भगनानी का बर्थडे

सिनेजीवन: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह और श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए आयुष्मान-सारा

बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता जैकी भगनानी की मां पूजा भगनानी मंगलवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर जैकी और उनकी पत्नी-अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने पूजा भगनानी को जन्मदिन की बधाई दी।

जैकी ने इंस्टाग्राम पर मां के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें उनकी मां की मुस्कान और प्यार भरे लम्हों की झलक देखने को मिली। अपनी इस पोस्ट के जरिए अभिनेता ने मां के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

उन्होंने लिखा, "मां, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपने मुझे प्यार, सम्मान और मजबूती से खड़ा रहना सिखाया। मैं आज जो कुछ भी हूं और जो कुछ भी हासिल करने की उम्मीद रखता हूं, उसकी शुरुआत आपके आशीर्वाद से होती है। हमारी ताकत, सुरक्षित जगह और इस परिवार का दिल बने रहने के लिए शुक्रिया। शब्दों से परे आपसे प्यार करता हूं।"

अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने भी अपनी सास को जन्मदिन की बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर एक मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दोनों के साथ में बिताए गए पल शामिल हैं। अभिनेत्री ने अपनी सास की तारीफ करते हुए बताया कि उनमें प्यार का एहसास कराने की एक खूबी है और ये उनकी सबसे खूबसूरत बात है।

वेंकटेश और त्रिविक्रम की फिल्म की रिलीज फिर टली, अब इस दिन बड़े पर्दे पर आएगी 'आदर्श कुटुंबम'

सिनेजीवन: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह और श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए आयुष्मान-सारा

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता वेंकटेश की आने वाली फिल्म 'आदर्श कुटुंबम हाउस नंबर 47- एके 47' की रिलीज डेट बदल दी गई है। इस फिल्म का निर्देशन त्रिविक्रम श्रीनिवास ने किया है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। ऐसे में फैंस उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच अब मेकर्स ने ऐलान किया है कि फिल्म 30 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले फिल्म की रिलीज के लिए 2 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी, जिसे बाद में बदलकर 9 अक्टूबर कर दिया गया था। अब मेकर्स ने एक बार फिर रिलीज डेट में बदलाव करते हुए फिल्म को 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में लाने का फैसला किया है।

फिल्म का निर्माण कर रही कंपनी हारिका एंड हसीन क्रिएशंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नई रिलीज डेट की जानकारी दी। प्रोडक्शन हाउस ने लिखा, ''इस तारीख पर मार्क लगा लीजिए और एक शानदार सिनेमाई अनुभव के लिए तैयार हो जाइए। 'आदर्श कुटुंबम' 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आ रही है। सभी को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं।''


एकता कपूर ने की प्रियंका चाहर चौधरी की तारीफ, कहा- आप असली हीरोइन हो

सिनेजीवन: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह और श्री दरबार साहिब में नतमस्तक हुए आयुष्मान-सारा

अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' सीजन 2 में प्रोड्यूसर एकता कपूर द्वारा उनके गेम की तारीफ किए जाने के बाद इमोशनल नजर आईं।

 दरअसल, शो के टावर के अंदर साथी कंटेस्टेंट्स के साथ झगड़े के बाद माहौल गरम होने के बीच, प्रियंका को एकता, अभिषेक मल्हान और ईशा सिंह की तरफ से सपोर्ट मैसेज मिले।

प्रियंका की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए एकता ने कहा कि वह शो में उनकी जर्नी फॉलो कर रही हैं और उन्होंने जिस तरह से अलग-अलग हालात को हैंडल किया है, वह वाकई सराहनीय है।

एकता ने कहा, "मैं आपको 'राइज एंड फॉल' में देख रही हूं और मैं कहना चाहती हूं, आप बहुत अच्छा खेल रही हो। शो में आप कभी-कभी शांत और संयमित रहती हो और कभी-कभी लोगों को उनकी असली जगह दिखा देती हो।"

 प्रियंका को 'असली हीरोइन' बताते हुए प्रोड्यूसर ने कहा कि वह पूरे देश में मौजूद उनके सपोर्टर्स के साथ उनके लिए दुआ कर रही हैं। एकता ने प्रियंका के साथ जुड़े 'नागिन' टैग पर भी बात की और इसे हौसला बढ़ाने वाला मैसेज बताया।

 उन्होंने कहा, "सबसे अच्छी बात, अगर कोई आपको नागिन कहे, तो उन्हें ये बात याद हो कि नागिन का डसा पानी भी नहीं मांगता और आप सिर्फ बुरे लोगों को डसती हो। तो, खेलती रहो और जीतो। मेरे और पूरे इंडिया के लिए, आप असली हीरोइन हो, लोगों के दिल की, बालाजी की, मेरी और इंडियन टेलीविजन की। जीतो, क्योंकि मुझे नहीं पता, या आपको नहीं पता कि हारना कैसे है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए