सिनेजीवन: सलमान खान के समर्थन में उतरे मीका सिंह और रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन
सलमान ने हाल ही में 'बिग बॉस 20' के मंच पर इस मुद्दे को उठाया और अभिनेत्रियों की अनुचित कोणों से तस्वीरें खींचने के लिए पैपराजी की आलोचना की। रानी मुखर्जी की मां और पूर्व पार्श्व गायिका कृष्णा मुखर्जी का 75 वर्ष की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया।

सलमान खान के समर्थन में उतरे मीका सिंह, बोले-'मीडिया और कलाकारों को संयम बरतने की जरूरत'
गायक मीका सिंह ने सुपरस्टार सलमान खान के उम्र और शरीर को लेकर होने वाली बेइज्जती के खिलाफ रुख का समर्थन करते हुए कहा कि मीडिया और कलाकारों दोनों को ही इस तरह की हरकतों के मामले में संयम बरतना चाहिए।
सलमान ने हाल ही में 'बिग बॉस 20' के मंच पर इस मुद्दे को उठाया और अभिनेत्रियों की अनुचित कोणों से तस्वीरें खींचने के लिए पैपराजी की आलोचना की। उनकी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मीका ने कहा कि वह हमेशा सलमान के साथ खड़े रहे हैं और उनकी चिंताओं से सहमत हैं।
मीडिया से बात करते हुए गायक ने कहा, “मैं हमेशा सलमान भाई का समर्थन करता हूं। उन्होंने इस बारे में खुलकर बात की है, और मैं मीडिया से भी ऐसी हरकतें बंद करने का अनुरोध करूंगा। हालांकि, कुछ कलाकार ऐसे भी हैं जो चाहते हैं कि लोग उनके वीडियो बनाएं या तस्वीरें लें। इसलिए, इसमें दोनों पक्षों की सहमति जरूरी है; दोनों पक्षों को इस पर नियंत्रण रखना चाहिए।”
सलमान खान ने 'बिग बॉस 20 वीकेंड का वार' एपिसोड के दौरान उम्र, वजन, रूप-रंग, पारिवारिक पृष्ठभूमि, पेशेवर असफलताओं या मातृत्व के अनुभवों को लेकर लोगों को ट्रोल करने की प्रथा के खिलाफ आवाज उठाई। ‘टाइगर जिंदा है’ अभिनेता ने पैपराजी को भी चेतावनी दी कि वे सेलेब्रिटीज की आपत्तिजनक या अनुचित तस्वीरें न खींचें।
वीजा कैंसिल होने से टली रवीना-राशा की कैलाश यात्रा, एक्ट्रेस बोलीं-महादेव ने बचा लिया

अभिनेत्री रवीना टंडन और उनकी बेटी राशा थड़ानी महादेव की अनन्य उपासक हैं और अक्सर ज्योतिर्लिंग या महाकाल दर्शन के लिए जाती रहती हैं। अभिनेत्री रवीना टंडन ने हाल ही में बताया कि वह और उनकी बेटी राशा थडानी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाली थीं लेकिन यात्रा से कुछ समय पहले ही उन्हें अपना प्लान कैंसिल करना पड़ा था।
अभिनेत्री ने यह किस्सा 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के सेमी-फिनाले एपिसोड के दौरान बताया। शो के दौरान अभिनेत्री कहती हैं कि वह अब ईश्वर द्वारा निर्धारित समय पर विश्वास करने लगती हैं, भले ही चीजें प्लान के मुताबिक हो या न हों।
रवीना टंडन ने याद करते हुए बताया कि 2022 में अपने पिता के निधन के बाद उन्होंने 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने और बेटी राशा थडानी ने साथ में कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने का प्लान बनाया था लेकिन उनका प्लान उस वक्त बिगड़ गया, जब यात्रा से ठीक पहले उनका वीजा कैंसल हो गया था।
रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां और पूर्व पार्श्व गायिका कृष्णा मुखर्जी का 75 वर्ष की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया। इस मुश्किल घड़ी में परिवार ने लोगों से निजता बनाए रखने की अपील की है।
वाईआरएफ ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट जारी कर सभी को इस बात की जानकारी दी। साथ ही, रानी मुखर्जी के परिवार को थोड़ा सा एकांत देने की भी अपील की। जारी बयान में कहा, "भारी मन से हम यह साझा कर रहे हैं कि रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी (75) का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। परिवार आपके प्यार, प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए दिल से आभारी है और इस दुख की घड़ी में निजता का सम्मान करने की विनम्र अपील करता है।"
अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी एक पूर्व पार्श्व गायिका थीं। उनका विवाह मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता राम मुखर्जी से हुआ था। राम मुखर्जी 'फिल्मालय स्टूडियो' के संस्थापक शशधर मुखर्जी के परिवार से ताल्लुक रखते थे। राम मुखर्जी का 2017 में निधन हो गया था। दंपति के दो बच्चे हैं- बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर-प्रोड्यूसर राजा मुखर्जी।
पहली बार होस्ट के तौर पर नजर आएंगे पंकज त्रिपाठी, बोले- थोड़ी घबराहट और बहुत खुशी है

अभिनेता पंकज त्रिपाठी आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 में पहली बार होस्ट के तौर पर नजर आने वाले हैं। अभिनेता ने इसे एक्टिंग से 'बिल्कुल अलग' अनुभव बताया।
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने अपने पूरे करियर में दूसरे के किरदार को निभाया और आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 में होस्ट करना रोमांचक और सम्मान देने वाला है। उन्होंने कहा, "एक एक्टर के लिए कुछ पल ऐसे होते हैं जो थोड़ी ज्यादा घबराहट और बहुत सारी खुशी लेकर आते हैं और पहली बार आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स को होस्ट करना उन्हीं में से एक है। मैंने अपने सफर का ज्यादातर समय कैमरे के सामने किरदारों के जरिए कहानियां सुनाते हुए बिताया है, इसलिए आईआईएफए के मंच पर बिल्कुल अलग भूमिका में आना मेरे लिए रोमांचक और सम्मान की बात दोनों है।"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसा पहली बार होगा जब मैं किसी अवॉर्ड शो को होस्ट करूंगा, जो इस पल को मेरे लिए और भी खास बनाता है। डिजिटल दुनिया ने कहानियां बनाने, खोजे जाने और पसंद किए जाने के तरीके को बदल दिया है और आईएफएफए का इस नई पीढ़ी को पहचान देना बहुत मायने रखता है। इतने सारे प्रतिभाशाली कलाकारों और क्रिएटर्स के साथ इस जश्न का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है।"
'छठी मैया' गाने को मिल रहे प्यार पर खुश हुईं तमन्ना भाटिया, बोलीं- मेकर्स ने हर चीज का रखा ध्यान

अभिनेत्री तमन्ना भाटिया आगामी फिल्म 'द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में नजर आने वाली हैं। अभिनेत्री ने बताया कि इस फिल्म के जरिए पहली बार हिंदी सिनेमा में इस त्योहार को सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। अभिनेत्री ने फिल्म के मेकर्स की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखा है और इस त्योहार को पूरी सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ दिखाया है।
फिल्म 'द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का छठ पूजा स्पेशल गाना 'छठी मैया' (बोले तो 'छठी मइया सुनीं लीं विनती हमार) है, जिसमें अभिनेत्री तमन्ना भाटिया पारंपरिक लुक में नजर आ रही हैं। गाने को दर्शकों की तरफ से अपार प्रेम मिल रही है, जिस पर खुशी जाहिर तमन्ना भाटिया ने की।
अभिनेत्री ने ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अभिनेत्री ने कहा, "हिंदी सिनेमा में पहली बार छठ पूजा को इस तरह से पेश किया जा रहा है। सच कहूं तो दीपक और अरुणाभ सर इसे बहुत अच्छे से समझते हैं, क्योंकि उनके मन में इसके लिए बहुत सम्मान है। शूटिंग के दौरान उन्होंने हर चीज का ध्यान रखा और इसे बहुत ही खूबसूरती और सम्मान के साथ शूट किया गया।"
अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने छठ के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि उनके लिए भी यह त्योहार बहुत मायने रखता है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि गाने में इसके सार और भावनाओं को कितनी खूबसूरती से दिखाया गया है। अभिनेत्री ने कहा, "छठ पूजा आभार का प्रतीक है। हमारे पास जो कुछ भी है, यह त्योहार उसके प्रति शुक्रगुजार होने का त्योहार है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
