सिनेजीवन: शादी पर उठे विवादों पर मोनालिसा ने दिया करारा जवाब और 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में सुनील ग्रोवर का धमाका
मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर इलाके में अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। इन दिनों कमीडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर एक बार फिर चर्चा में हैं।

शादी पर उठे विवादों पर मोनालिसा ने कहा, हमने हिंदू रीति-रिवाज से की शादी, अफवाहों में सच्चाई नहीं
महाकुंभ मेले में फूलमाला बेचने वाली मोनालिसा बड़ी-बड़ी और नीली आंखों की वजह से वायरल सेंसेशन बन गई थीं। हाल ही में वह अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी करने के बाद फिर से चर्चा में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लव जिहाद बताया जा रहा है, लेकिन अब दोनों ने इसका खंडन किया है।
मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर इलाके में अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। शादी के दौरान मोनालिसा लाल रंग की साड़ी में दिखीं, जबकि फरमान ने सफेद रंग का सफेद कुर्ता और मुंडू पहना हुआ है।
हाल ही में मोनालिसा और उनके पति फरमान खान ने आईएएनएस के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों से हुई है और लोग जैसा सोच रहे हैं वैसा कुछ भी नहीं है।
मोनालिसा ने कहा, "लोग जो सोच रहे हैं, वैसा कुछ भी नहीं है। हमारी शादी पूरी तरह से हिंदू परंपरा से मंदिर में हुई थी। हमारी शादी के दौरान रीति-रिवाजों का पालन किया गया। मेरे पिता भी शायद कुछ सोच रहे होंगे, लेकिन जो अफवाहें चल रही हैं, वो गलत हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और हमारे लिए सब धर्म एक समान हैं।"
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के फिनाले में सुनील ग्रोवर का धमाका, कादर खान बनकर लूटी महफिल

कॉमेडी की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो अपने अंदाज और प्रतिभा से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं। जब ऐसे कलाकार किसी दिग्गज अभिनेता की मिमिक्री करते हैं, तो वह पल दर्शकों के लिए और भी खास बन जाता है। इन दिनों कमीडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर एक बार फिर चर्चा में हैं।
वजह है उनका हाल ही में जारी किया गया प्रोमो, जिसमें वह दिवंगत अभिनेता कादर खान की मिमिक्री करते नजर आ रहे हैं। यह प्रोमो कॉमेडी शो 'द ग्रट इंडियन कपिल शो' के सीजन फिनाले से जुड़ा है। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
दरअसल, सुनील ग्रोवर ने अपने सोशल मीडिया पर शो का एक मजेदार प्रोमो साझा किया है। वीडियो की शुरुआत मशहूर कमीडियन और शो के होस्ट कपिल शर्मा की आवाज से होती है। कपिल कहते सुनाई देते हैं कि आज शो का फिनाले एपिसोड है। इसके बाद स्टेज पर एक दिलचस्प एंट्री दिखाई जाती है। अभिनेता वरुण धवन अपने पिता और मशहूर निर्देशक डेविड धवन को रिक्शे में बैठाकर स्टेज पर एंट्री लेते हैं और खुद रिक्शा चलाते नजर आते हैं।
शो में बातचीत के दौरान कपिल शर्मा, डेविड धवन से मजेदार अंदाज में सवाल करते हैं। वह पूछते हैं, 'अक्सर कहा जाता है कि घर की मुर्गी दाल बराबर होती है, ऐसे में अपने ही बेटे के साथ काम करना कितना मुश्किल होता है।' इस पर डेविड धवन हंसते हुए जवाब देते हैं, 'वरुण हर जगह सवाल पूछता रहता है, जैसे कि यह क्यों करना है और ऐसा क्यों करना है। कई बार मैं इतना परेशान हो जाता हूं कि कह देता हूं कि मैं बोल रहा हूं इसलिए कर लो।'' उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद दर्शक ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं।
शो में गौरव गेरा व राकेश बेदी के साथ यादों में खोए अक्षय कुमार
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के जरिए टीवी पर धमाल मचा रहे हैं। इस शो के आगामी एपिसोड में मजा तब और दोगुना हो जाएगा जब मशहूर कलाकार गौरव गेरा, राकेश बेदी और आयशा खान स्पेशल गेस्ट बनकर स्टेज पर अक्षय के साथ मस्ती करते दिखेंगे।
यह एपिसोड दर्शकों के लिए काफी इमोशनल और मनोरंजक होने वाला है। अक्षय का यह अंदाज और पुराने दोस्तों के साथ बातचीत लोगों को बहुत पसंद आएगी। शो तब और मजेदार होगा, जब गौरव और अक्षय पुरानी यादों में खोते दिखेंगे।
शो के एक खास पजल राउंड में गौरव गेरा एक सवाल का जवाब नहीं दे पाते हैं, जिसके बाद अक्षय कुमार ऑडियंस की तरफ रुख करते हैं और उनसे पूछते हैं, "आइए, कोई आज अपनी किस्मत आजमाए।"
तभी दर्शकों में बैठे एक शख्स ने तुरंत सही जवाब दे दिया - 'यश चोपड़ा'। यह सुनते ही अक्षय कुमार भावुक नजर आते हैं और यश चोपड़ा के सम्मान में कहते हैं कि यश चोपड़ा हमारे मनोरंजन जगत के सबसे बेहतरीन निर्देशकों में से एक थे।
सोनू निगम को देख खिल उठा दिव्या दत्ता का चेहरा, फोटो शेयर कर लिखा नोट

अभिनेत्री दिव्या दत्ता इन दिनों अपनी आगामी वेब सीरीज 'चिरैया' को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में अभिनेत्री की मुलाकात मशहूर गायक सोनू निगम से हुई। इस मुलाकात की जानकारी अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर शेयर की।
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में सोनू को खास दोस्त से संबोधित किया। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात एक खास यात्रा के दौरान हुई। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई सेल्फी में दोनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है।
कैप्शन में दिव्या ने लिखा, "जब सफर के दौरान अचानक अपनी सबसे अच्छी दोस्त से मुलाकात हो जाए, तो पूरा सफर जैसे संगीत से भर जाता है। है ना? "
दिव्या के कैप्शन से साफ पता चल रहा है कि दोनों की दोस्ती काफी गहरी और पुरानी है। जहां दिव्या अभिनय के क्षेत्र में बड़ा नाम हैं, वहीं सोनू भी गायिकी में खास मुकाम रखते हैं।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में संलिप्त आरोपी पवन बिश्नोई और जगतार सिंह को मिली जमानत

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी पवन बिश्नोई और जगतार सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए दोनों आरोपियों को राहत दी है।
कोर्ट ने पवन बिश्नोई और जगतार सिंह दोनों को जमानत दे दी है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने दोनों आरोपियों को राहत देते हुए जमानत दे दी है। दोनों पर 2022 में हुई सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश और उससे जुड़े मामलों में आरोप लगाए गए थे। पवन बिश्नोई और जगतार सिंह पर हत्याकांड में शूटरों को बोलेरो गाड़ी मुहैया कराने का आरोप लगा था और चार्जशीट में दोनों के तार बिश्नोई गैंग और गोल्डी बराड़ से जोड़े गए थे।
इससे पहले, साल 2023 में आरोपी पवन बिश्नोई और जगतार सिंह ने मनसा की स्थानीय अदालत में जमानत की अर्जी लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया था। वहीं पवन बिश्नोई ने कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखते हुए खुद को निर्दोष बताया था और दावा किया था कि मामले की जांच कर रही पुलिस उन्हें जबरन फंसाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने किसी को भी कार मुहैया नहीं कराई थी। हालांकि सरकारी पक्ष ने गैंगस्टर की मदद और हत्याकांड को अंजाम देने में मदद करने को घिनौना कृत्य बताते हुए जमानत देने का विरोध किया था और कोर्ट ने भी दोनों की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। हालांकि अब सुप्रीम कोर्ट से दोनों को जमानत मिल चुकी है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia