सिनेजीवन: संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन और भोजपुरी बवाल' में दिखेगी स्टार्स की असली कहानी
दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का निधन हो गया। वह 78 साल की थीं। भोजपुरी बवाल' में पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव पहली बार एक साथ नजर आएंगे।

प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन, 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, संगीत जगत में शोक
दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का निधन हो गया। वह 78 साल की थीं। उनके निधन की खबर से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोग और करीबी उन्हें प्यार से 'अम्मा' कहकर बुलाते थे।
सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने लिखा, "भारी मन से हम अपनी प्यारी अम्मा सुनीला प्यारेलाल शर्मा के निधन की जानकारी दे रहे हैं। 12 जुलाई को उन्होंने अपने परिवार के बीच इस दुनिया को अलविदा कहा। अम्मा ने पूरी जिंदगी सादगी, प्रेम और सेवा के साथ बिताई। वह हर उस व्यक्ति के लिए प्यार और अपनापन थीं, जो उन्हें जानता था।"
परिवार के अनुसार, सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज़ (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया जाएगा।
'गोविंदा 50 अफेयर भी करें तब भी...' वाले बयान पर बोलीं सुनीता आहूजा- 'मुझे किसी बात का पछतावा नहीं'

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहते हैं। इसी बीच सुनीता आहूजा एक बार फिर अपने बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में उन्होंने अपने पति गोविंदा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी।
सुनीता ने कहा था कि अगर गोविंदा के 50 अफेयर भी हों, तब भी वह उन्हें नहीं छोड़ेंगी, क्योंकि वह उनके पति हैं।
शो के दौरान सुनीता आहूजा ने अपनी बात खुलकर रखी। शिल्पा शिंदे और राम कपूर से बातचीत में उन्होंने कहा, ''मेरी जगह खुद को रखकर देखो, तब समझोगे कि मैं क्या महसूस करती हूं। वह मेरे पति हैं। मेरे परिवार के बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता। अगर मेरे पति के 50 अफेयर भी हों, तो इससे किसी और का क्या जाता है? वह मेरे पति हैं और मैं उनकी पत्नी हूं।'' उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कुछ लोगों ने उनके रिश्ते पर भरोसे की तारीफ की, तो कुछ ने उनके बयान पर सवाल भी उठाए।
अब शो से बाहर आने के बाद आईएएनएस ने जब सुनीता आहूजा से पूछा कि क्या उन्हें अपने इस बयान पर कोई पछतावा है, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ''मुझे किसी भी बात का कोई पछतावा नहीं है। मैंने जो भी कहा, वह दिल से कहा और आज भी उसी बात पर कायम हूं।''
लाल बनारसी साड़ी, स्लीक बन और गजरा... अनुष्का रंजन ने दोहराया अनुष्का शर्मा का आइकॉनिक लुक

एक्ट्रेस अनुष्का रंजन अपनी बहन आकांक्षा रंजन की शादी के जश्न में बॉलीवुड स्टार अनुष्का शर्मा से प्रेरित दिखीं। एक्ट्रेस को ठीक वैसा ही लुक अपनाते हुए देखा गया, जैसा अनुष्का शर्मा ने 2018 में अपने वेडिंग रिसेप्शन में अपनाया था।
अनुष्का रंजन ने सुनहरे जरी के महीन काम वाली बेहद खूबसूरत लाल बनारसी सिल्क साड़ी पहनी थी, जो बिल्कुल वैसी ही लग रही थी जैसी अनुष्का शर्मा ने 2018 में क्रिकेटर विराट कोहली के साथ दिल्ली में हुए अपने वेडिंग रिसेप्शन में पहनी थी।
अनुष्का न सिर्फ उस साड़ी से प्रेरित दिखीं, बल्कि उन्होंने हेयरस्टाइल भी बिल्कुल वैसा ही रखा था। बीच से मांग निकालकर बनाया गया उनका स्लीक बन और उस पर लगा फूलों का गजरा, अनुष्का शर्मा के बेहद पसंद किए गए ब्राइडल रिसेप्शन लुक की याद दिला रहा था।
पहली बार एक साथ आए भोजपुरी सिनेमा के बड़े सितारे, 'भोजपुरी बवाल' में दिखेगी स्टार्स की असली कहानी

भोजपुरी सिनेमा की दुनिया में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे नाम किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। इन कलाकारों ने अपनी फिल्मों और गानों के जरिए करोड़ों दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। अब ये सितारे रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आएंगे। इसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी होंगे।
'भोजपुरी बवाल' में पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव पहली बार एक साथ नजर आएंगे। शो के जरिए कोशिश की गई है कि दर्शक इन सितारों को सिर्फ फिल्मों और गानों के जरिए नहीं, बल्कि एक आम इंसान के रूप में भी जान सकें।
मेकर्स द्वारा जारी किए गए शो के प्रोमो में सभी कलाकार एक साथ डिनर टेबल पर बैठे नजर आते हैं। शुरुआत में वे इस बात पर चर्चा करते हैं कि शो को दर्शकों के सामने किस तरह पेश किया जाए। लेकिन धीरे-धीरे बातचीत मजेदार बहस में बदल जाती है। हंसी-मजाक के बीच कलाकार एक-दूसरे से सवाल करते हैं, अपनी राय रखते हैं और एक-दूसरे से जुड़े किस्सों पर बात करते दिखाई देते हैं।
'अलायंस' में कुशाल-अली की दोस्ती में दरार, बहस के बाद आमने-सामने आए दोनों सितारे

रियलिटी शो 'अलायंस' में जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे कंटेस्टेंट्स के बीच की दोस्ती और रिश्तों में बदलाव देखने को मिल रहा है। शो में अलायंस ही खिलाड़ियों की ताकत हैं लेकिन अब यही रिश्ते कई बार तनाव की वजह भी बन रहे हैं। हालिया एपिसोड में कुशाल टंडन और अली गोनी के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
दरअसल, शो में चल रहे विवाद के बीच कुशाल टंडन और अली गोनी ने आमने-सामने बैठकर अपनी बात रखने की कोशिश की। शुरुआत में बातचीत शांत थी लेकिन धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे के फैसलों और सोच पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इस दौरान अर्सलान गोनी दोनों के बीच फंसे नजर आए। एक तरफ उनका अपना अलायंस था और दूसरी तरफ उनका भाई अली, इसलिए उन्होंने कोशिश की कि मामला ज्यादा न बढ़े और बातचीत किसी नतीजे तक पहुंचे।
अली गोनी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह कुशाल को निशाना नहीं बना रहे हैं, बल्कि वह वंशज के लिए अपनी राय रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कभी उम्र को लेकर किसी का अपमान करने की बात का समर्थन नहीं किया। पूरे सीजन में वंशज ने उम्र को लेकर ऐसी कोई बात नहीं कही, जिसके लिए उसे गलत ठहराया जाए।
वहीं, कुशाल टंडन ने भी अपनी तरफ से बात रखी और कहा कि मुझे लगा था कि वंशज ने बदतमीजी की है और इसी वजह से मेरे मन में उसके प्रति ऐसी सोच बनी। मेरा मुद्दा किसी और बात को लेकर नहीं था।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
