सिनेजीवन: प्रदर्शनों में 'जेन जी' के अंदाज की नफीसा अली ने की तारीफ और यूके में शूट हुई अली अब्बास जफर की नई फिल्म
नफीसा अली ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से जेन जी के लिए खास नोट लिखा, जिसमें उन्होंने उनकी ईमानदारी, खुलेपन की जमकर तारीफ की। आदित्य चोपड़ा मशहूर निर्देशक अली अब्बास जफर के साथ रोमांटिक एक्शन ड्रामा अनटाइटेल्ड फिल्म लेकर आ रहे हैं।

प्रदर्शनों में 'जेन जी' के अंदाज की नफीसा अली ने की तारीफ, लिखा-तुमने अपनी सच्चाई को ताकत बनाया

नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में जेन जी की डिजिटल व्यंग्य, सामूहिक एकजुटता और व्यवस्था के प्रति अविश्वास की मानसिकता प्रमुख रूप से देखने को मिली। इस पीढ़ी ने पारंपरिक नारों की जगह मीम्स, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और पॉप कल्चर का उपयोग किया। उनका यह अंदाज अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता नफीसा अली सोढ़ी को काफी पसंद आया।
अभिनेत्री ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से जेन जी के लिए खास नोट लिखा, जिसमें उन्होंने उनकी ईमानदारी, खुलेपन की जमकर तारीफ की। अभिनेत्री ने अपने नोट को मिलेनियल मां का पत्र बताते हुए लिखा, "प्रिय जेन जी, लोगों ने तुम्हें नाजुक, जरूरत से ज्यादा भावुक और नाटकीय बताया लेकिन तुमने ईमानदारी और सच्चाई से बात कहकर अपनी पहचान बना ली। तुमने उन भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया, जिन्हें हमें हमेशा दबाकर रखने की सीख दी गई थी। तुमने यह सिखाया कि अपनी भावनाओं पर बात करना कमजोरी नहीं बल्कि सामान्य बात है।
अभिनेत्री ने युवा पीढ़ी को धन्यवाद देते हुए लिखा, "धन्यवाद क्योंकि तुमने यह एहसास कराया कि इंसान होना और अपनी भावनाएं व्यक्त करना बिल्कुल सामान्य बात है। क्योंकि तुम आने वाली पीढ़ियों के लिए इस दुनिया को पहले से बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हो। ढेर सारा प्यार, एक मिलेनियल मां।"
पंकज त्रिपाठी ने 'क्रिमिनल जस्टिस 4' और 'मैं अटल हूं' को लेकर खोले राज, बोले- 'किरदार को समझना जरूरी है'

अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक रहा। फिल्म 'मैं अटल हूं' में उन्होंने देश के लोकप्रिय नेता के जीवन, विचारों और व्यक्तित्व को पर्दे पर उतारने की कोशिश की। इस किरदार को लेकर और लोकप्रिय वेब सीरीज 'क्रिमिनल जस्टिस' के नए सीजन को लेकर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी।
दरअसल, पंकज त्रिपाठी अभिनेता शेखर सुमन के टॉक शो 'शेखर टुनाइट' में मेहमान बनकर आए थे। शो में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ''किसी भी सीरीज की सफलता सिर्फ कलाकारों की वजह से नहीं होती, बल्कि इसके पीछे लेखक, शो रनर और पूरी क्रिएटिव टीम की मेहनत होती है।''
'क्रिमिनल जस्टिस 4' में वापसी को लेकर पंकज त्रिपाठी ने कहा, ''मैं इस सीजन को लेकर शुरुआत में थोड़ा सतर्क था। मैं किसी भी प्रोजेक्ट को सिर्फ इसलिए नहीं चुनता, क्योंकि वह पहले सफल रहा है। मेरे लिए कहानी में दम होना जरूरी है। जब मुझे इस सीजन की स्क्रिप्ट मिली तो मैंने पहले ही साफ कर दिया था कि अगर कहानी मुझे प्रभावित करेगी, तभी मैं इसका हिस्सा बनूंगा।''
एआई एक ऐसा 'राक्षस' है, जिसे इंसानों ने खुद बनाया है : आदिल हुसैन

इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने एक तरफ जहां दुनियाभर की जानकारियों को हमारी उंगलियों पर खड़ा कर दिया है। वहीं, अत्यधिक और अप्रामाणिक सूचनाओं का कबाड़खाना भी पैदा किया है। हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में अभिनेता आदिल हुसैन ने इस विषय पर अपनी राय साझा की।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट एक काम का टूल है ही लेकिन असली ज्ञान केवल डेटा या जानकारी जुटाना नहीं बल्कि अपनी अपने विचारों में तालमेल और मौलिकता लाना है। आज के समय में, जब एल्गोरिदम और बाजार की ताकतें हमारी पसंद और सोच को तय कर रही हैं, तब मौलिक विचार बने रहना ही सबसे बड़ी चुनौती है।
उन्होंने समझाते हुए कहा, "इंटरनेट एक बहुत बड़ी ताकत है लेकिन उसके अच्छे और बुरे दोनों पहलू हैं। हमें बुरे पक्ष में भी अच्छी चीजें ढूंढनी होंगी। यही बात एआई पर भी लागू होती है। एआई की सबसे बड़ी समस्या यह है कि उसने लोगों का बहुत सारा डेटा उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल किया है। इससे कई लोगों का शोषण हुआ है, जबकि इसका फायदा दुनिया के कुछ बड़े और अमीर लोगों को ही मिला है। इसलिए एआई भी एक ऐसा 'राक्षस' है जिसे इंसानों ने खुद बनाया है।"
यूके में शूट हुई अली अब्बास जफर की नई फिल्म, बॉबी देओल और ऐश्वर्य ठाकरे का दिखेगा कड़ा मुकाबला

यशराज फिल्म्स के प्रमुख आदित्य चोपड़ा मशहूर निर्देशक अली अब्बास जफर के साथ रोमांटिक एक्शन ड्रामा अनटाइटेल्ड फिल्म लेकर आ रहे हैं। आदित्य चोपड़ा ने तय किया है कि फिल्म को गुड़ फ्राइडे 26 मार्च 2027 में रिलीज किया जाएगा।
इस फिल्म में अहान पांडे, शरवरी, ऐश्वर्य ठाकरे और बॉबी देओल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म टाइटल अभी तक जारी नहीं किया गया है।
फिल्म की ज्यादातर शूटिंग ब्रिटेन (यूके) में की गई है। इस फिल्म के जरिए आदित्य चोपड़ा और अली अब्बास पांचवी बार साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों 'मेरे ब्रदर की दुल्हन', 'गुंडे', 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म के लिए जहां अभिनेता अहान पांडे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। फिल्म में अहान एक ऐसे युवा के रूप में नजर आएंगे, जो अपनी ताकत के दम पर विरोधियों को हरा सके। वहीं, ऐश्वर्य ठाकरे खलनायक की भूमिका अदा करते हुए नजर आएंगे।
आरती सिंह ने कश्मीरा शाह और कृष्णा की शादी की सालगिरह पर लिखा इमोशनल नोट

अभिनेता और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक अपनी पत्नी और अभिनेत्री कश्मीरा शाह के साथ शुक्रवार को शादी की सालगिरह मना रहे हैं। इस मौके पर कृष्णा की छोटी बहन और अभिनेत्री आरती सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी।
अभिनेत्री आरती सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर भाई और भाभी (कश्मीरा शाह और कृष्णा) की पुरानी कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इसमें दोनों के साथ में बिताए यादगार पल शामिल हैं।
अभिनेत्री ने कश्मीरा शाह को कृष्णा की रक्षक बताते हुए लिखा, "आप दोनों का रिश्ता समय के साथ-साथ खास और मजबूत रिश्ता बन गया है। मुश्किल हो या अच्छा दिन, आप दोनों हमेशा एक दूसरे के साथ खड़े रहे हैं, जैसे भाभी कश्मीरा शाह कहती हैं कि वह कृष्णा को सबसे ज्यादा प्यार करती हैं। यह मैंने इन सभी सालों में अपनी आंखों से देखा है।
अभिनेत्री आरती सिंह ने बताया कि कश्मीरा शाह अभिषेक के लिए पूरी दुनिया से लड़ने के लिए तैयार रहती हैं। उन्होंने लिखा, "अगर कोई कृष्णा की तरफ उंगली भी उठाए, तो वह उसके लिए भी लड़ने को तैयार हो जाएंगी। वह सिर्फ उनकी पत्नी नहीं बल्कि उनकी रक्षक और उनकी पूरी दुनिया हैं और कृष्णा भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहते हैं। यही एक सच्चे रिश्ते की पहचान है। सबसे अच्छे कपल और दोस्त। भाई और भाभी को शादी की सालगिरह की ढेरों शुभकामनाएं। आप दोनों को बहुत सारा प्यार।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
