सिनेजीवन: नीरज घेवान की 'होमबाउंड' ने रचा इतिहास और खेसारी लाल यादव का टीवी पर दिखेगा जलवा
'होमबाउंड' की कहानी सादगी, गहराई और सामाजिक मुद्दों पर आधारित है, जिसने हर किसी के दिल को छुआ है। भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव जल्द ही टेलीविजन पर धमाल मचाने वाले हैं।

नीरज घेवान की 'होमबाउंड' ने रचा इतिहास, बेस्ट फिल्म व बेस्ट डायरेक्टर समेत जीते कई अवॉर्ड्स
भारतीय फिल्म समीक्षक संघ ने एक बार फिर सिनेमा और वेब सीरीज की प्रतिभा को पहचानने के लिए हाल ही में '8वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स' का आयोजन किया था। इस समरोह में फिल्म 'होमबाउंड' ने चार श्रेणी में बाजी मारी है।
'होमबाउंड' की कहानी सादगी, गहराई और सामाजिक मुद्दों पर आधारित है, जिसने हर किसी के दिल को छुआ है। यही कारण है कि नीरज घायवान द्वारा निर्देशित फिल्म 'होमबाउंड' '8वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स' में 'सर्वश्रेष्ठ फिल्म', निर्देशक नीरज घेवान को 'सर्वश्रेष्ठ निर्देशक', अभिनेता विशाल जेठवा को फिल्म में दमदार अदाकारी के लिए 'सर्वश्रेष्ठ अभिनेता' और शालिनी वत्स को फिल्म में सहायक भूमिका के लिए 'सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री' के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
फिल्म की सफलता और ऐतिहासिक सम्मान प्राप्त करने पर बुधवार को मेकर्स ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म के किरदारों की तस्वीर पोस्ट कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, "जीत की खुशियां घर लौटकर। 'क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स' द्वारा दिए गए सभी सम्मान को प्राप्त करके हम दिल से आभारी हैं।"
'परफेक्शन' जैसी कोई चीज नहीं होती, अपनी कमियों का जश्न मनाना चाहिए : सौरभ शुक्ला

अभिनेता और फिल्ममेकर सौरभ शुक्ला का मानना है कि जिंदगी में परफेक्शन जैसी कोई चीज नहीं होती है, हर इंसान अपूर्ण है। वह ‘परफेक्ट शादी’ या ‘परफेक्ट रिश्ता’ जैसी किसी चीज को नहीं मानते। उनका कहना है कि इंसान स्वभाव से अपूर्ण होते हैं और रिश्तों की खूबसूरती भी इन्हीं अपूर्णताओं में छिपी है।
आईएएनएस से बातचीत में सौरभ शुक्ला ने बताया, “भगवान का शुक्र है कि इस दुनिया में कोई भी चीज परफेक्ट नहीं होती। हम इंसान अपूर्ण हैं। हमें अपनी अपूर्णता का जश्न मनाना चाहिए। मेरा मानना है कि परफेक्शन में आगे बढ़ने की कोई गुंजाइश नहीं बचती, जबकि अपूर्णता में बदलाव और सुधार की हमेशा संभावना रहती है। स्पष्ट तौर पर कहूं तो परफेक्शन बहुत बोरिंग होता है। अपूर्णता का मतलब है कि अभी भी कुछ ऐसा है जिस पर काम किया जा सकता है और यही तो जिंदगी है।”
सौरभ ने कहा कि रिश्तों में परफेक्शन की उम्मीद रखना गलत है। असल जिंदगी अपूर्णताओं को स्वीकार करने और उन्हें प्यार से संभालने में है। इसके साथ ही उन्होंने अस्तित्व के गहरे सवाल पर विचार रखते हुए कहा, "इंसान के नजरिए से इस जिंदगी में सिर्फ एक चीज परफेक्ट है और वह है मौत। मरने के बाद क्या होता है, यह हमें नहीं पता।”
सौरभ शुक्ला ने कहा, ''किसी भी रिश्ते की असली ताकत ईमानदारी होती है। हर व्यक्ति को अपने रिश्ते में एक खुली किताब की तरह होना चाहिए। अपने साथी से कुछ भी छुपाना नहीं चाहिए। जब कोई रिश्ते में सच छुपाता है तो उस समय भले ही बात संभाल ली जाती है, लेकिन यह रिश्ते के लिए पहले से ज्यादा नुकसानदायक होता है। ऐसे में सबसे ज्यादा दुख इस बात का होता है कि आपको अंधेरे में रखा गया।''
बड़ी अभिनेत्रियों को पीछे छोड़ वामिका गब्बी बनीं मेकर्स की पहली पसंद, साल 2026 में रिलीज होगी 7 बड़ी फिल्में

अक्षय कुमार के साथ 'भूत-बंगला' से सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली वामिका गब्बी के लिए साल 2026 बेहतरीन होने वाला है क्योंकि अभिनेत्री सिर्फ हिंदी सिनेमा में ही नहीं, बल्कि मलयालम और तमिल सिनेमा में भी धूम मचाने के लिए तैयार हैं।
अभिनेत्री की एक नहीं, बल्कि 7 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर इस साल दस्तक दे सकती हैं, जो कॉमेडी से लेकर एक्शन के जॉनर में होने वाली हैं। इन सभी फिल्मों में अभिनेत्रियों का अलग-अलग अवतार फैंस को देखने को मिलने वाला है।
वामिका 'भूत-बंगला' के साथ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। फिल्म हॉरर और कॉमेडी का मिक्स कॉकटेल होने वाली है। फिल्म को प्रियदर्शन डायरेक्ट कर रहे हैं, और ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि दर्शक डरने के साथ पेट पकड़कर हंसने भी वाले हैं। वामिका 4 साल बाद मलयालम सिनेमा में वापसी के लिए तैयार हैं। वह 'टिकी टाका' फिल्म में अभिनेत्री आसिफ अली के साथ लीड रोल में दिखने वाली हैं। फिल्म पहली 2025 में दिसंबर के महीने में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब फिल्म मई के महीने में रिलीज हो सकती है। फिल्म का निर्देशन रोहित वीएस कर रहे हैं, जो पहले से ही अपनी एक्शन से भरपूर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
सिर्फ मलयालम में ही नहीं, वामिका तमिल सिनेमा में फेंटसी फिल्म 'जिनी' में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आने वाली है। फिल्म का निर्देशन अर्जुनन जूनियर कर रहे हैं और फिल्म में वामिका के अलावा, जयम रवि और कल्याणी प्रियदर्शन भी लीड रोल में हैं। अभी तक फिल्म का पोस्टर सामने आया है जिसमें सभी लोग काल्पनिक किरदारों में दिख रहे हैं। फिल्म इसी साल, 2026, में रिलीज होगी।
खेसारी लाल यादव का टीवी पर दिखेगा जलवा, 'श्री 420' के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर का हुआ ऐलान

भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव जल्द ही टेलीविजन पर धमाल मचाने वाले हैं। दरअसल, उनकी फिल्म 'श्री 420' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर होने वाला है।
मेकर्स ने बुधवार को इंस्टाग्राम के जरिए जानकारी दी। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया और लिखा, "फिल्म श्री 420 का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर जल्द होने वाला है।"
मेकर्स की पोस्ट देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। खेसारी के लाखों प्रशंसक अब टीवी पर अपनी पसंदीदा फिल्म देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
खेसारी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपने शानदार एक्शन, डांस और गायकी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई हिट फिल्में और गाने दिए हैं, जिनमें दर्शक हमेशा उनका भरपूर साथ देते हैं। किसी भी खास मौके से पहले खेसारी जरूर अपने फैंस के लिए गाने रिलीज करते हैं और बीच-बीच में उनकी फिल्में भी रिलीज होती रहती हैं।
'एग्जाम में ध्यान रखते थे, बीमार होने पर साथ रहते थे', शबाना आजमी ने किया फारूक शेख को याद

फिल्म इंडस्ट्री में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जो जिंदगी भर साथ चलते हैं। ऐसे ही एक खास रिश्ते को याद करते हुए मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी ने अपने पुराने दोस्त और अभिनेता फारूक शेख को उनकी जयंती पर याद किया। अपने पोस्ट में उन्होंने उन यादों का जिक्र किया, जो आज भी उनके दिल के बेहद करीब हैं।
शबाना आजमी ने इंस्टाग्राम पर फारूक शेख की एक पुरानी तस्वीर शेयर की और उनके साथ बिताए गए कॉलेज के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि दोनों सेंट जेवियर्स कॉलेज में साथ पढ़ते थे और वहीं से उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई थी।
अपने पोस्ट में शबाना ने कहा, ''एग्जाम के दौरान फारूक शेख हमेशा मेरा ख्याल रखते थे। वह यह सुनिश्चित करते थे कि मेरे पेन में स्याही खत्म न हो जाए, ताकि मैं आराम से लिख सकूं। जब मैं बीमार होती थी, तब भी वह मेरे साथ खड़े रहते थे। हालांकि, इस सबके बीच वह मुझे चिढ़ाते भी रहते थे। उन्होंने कभी सीधे तौर पर मेरी तारीफ नहीं की।''
उन्होंने कहा, ''कॉलेज के दिनों के बाद भी हमारा साथ बना रहा। हमने लगभग 22 साल तक दुनिया भर में साथ काम किया। हमने मशहूर नाटक 'तुम्हारी अमृता' में एक साथ परफॉर्म किया, जिसे फिरोज अब्बास खान ने निर्देशित किया था। मैं आपके जन्मदिन पर आपको याद कर रही हूं।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ