सिनेजीवन: शरद कपूर-राहुल रॉय का हाल जान दुखी हुईं नेहा धूपिया और ग्रीस में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे सैफ-करीना

नेहा धूपिया ने हाल ही में शरद कपूर और राहुल रॉय जैसे बड़े कलाकारों के करियर में मुश्किल दौर से गुजरने पर अपनी चिंता व्यक्ति की। सैफ-करीना इन दिनों ग्रीस में अपनी फैमिली ट्रिप इंजॉय कर रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

'दिल सच में दुखी हो जाता है', शरद कपूर-राहुल रॉय के संघर्ष पर बोलीं नेहा धूपिया

अभिनेत्री नेहा धूपिया ने हाल ही में शरद कपूर और राहुल रॉय जैसे बड़े कलाकारों के करियर में मुश्किल दौर से गुजरने पर अपनी चिंता व्यक्ति की। अभिनेत्री का कहना है कि एक्टर्स को ऐसी स्थिति में देखना बहुत दुखद है।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान नेहा से पूछा गया कि इंडस्ट्री में सालों से काम कर रहे कलाकारों को अपने करियर में मुश्किल समय का सामना करते देखकर उन्हें कैसा लगता है। इस सवाल का जवाब देते हुए एक्ट्रेस ने कहा, "यहां करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। शरद कपूर और राहुल रॉय जैसे पुराने एक्टर्स को मुश्किल में देखकर दिल दुखता है।"

 नेहा ने आगे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की सच्चाई और यह कैसे एक एक्टर की जिंदगी का अटूट हिस्सा बन जाती है, इस बारे में बात की। उन्होंने कहा, "भले ही यह काम कितना भी मुश्किल क्यों न हो, एक बार जो इसमें आ जाता है, वो इसे छोड़ नहीं पाता। ये एक तरह का नशा है, जो आप पर पूरी तरह हावी हो जाता है। मैं यही चाहती हूं कि हर कोई हमेशा अच्छा करे, हालांकि मुझे नहीं पता कि ये इच्छा कितनी पूरी हो पाएगी।"

'इंडियन आइडल' के मंच पर भावुक हुईं उर्मिला मतोंडकर, हिंदी सिनेमा और संगीत की सराहना की

सिनेजीवन: शरद कपूर-राहुल रॉय का हाल जान दुखी हुईं नेहा धूपिया और ग्रीस में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे सैफ-करीना

अभिनेत्री उर्मिला मतोंडकर हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' में गेस्ट के तौर पर शिरकत की। शो में उन्होंने संगीत की विरासत और इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री को आकार देने वाले कलाकारों की सराहना की।

शो में उर्मिला ने हिंदी सिनेमा से अपने पर्सनल कनेक्शन के बारे में बात की और बताया कि कैसे म्यूजिक पर्दे पर इमोशन्स और कहानियों को जिंदा करने में अहम भूमिका निभाता है।

उर्मिला ने कहा, "इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न का हिस्सा बनना मेरे लिए काफी पर्सनल रहा है। हिंदी सिनेमा के जादू को करीब से देखने के बाद मैं जानती हूं कि म्यूजिक किसी फिल्म को कितनी गहराई से बदल सकता है, किसी पल को खास बना सकता है और कहानी खत्म होने के बाद भी लोगों के दिलों में बस सकता है।"

अभिनेत्री ने गानों की महत्ता पर बात करते हुए कहा, "कई बार कोई विजुल्स वो बात नहीं कह पाते हैं, जो आवाज कह जाती है। जैसे, किसी सीन में दुख, प्यार या खुशी दिखाया जा रहा हो लेकिन जब उस पर एक अच्छा गाना बजता है, तो वो फीलिंग सीधे दिल तक पहुंच जाती है। इसीलिए म्यूजिक हमारी फिल्मों का इतना जरूरी हिस्सा है और जब हम उन पुराने गायकों को फिर से स्टेज पर लौटते देखते हैं, तो अपनी पुरानी यादें ताजा करते हैं।"


बेटी राशा और बेटे के साथ महाकाल के दरबार पहुंचीं रवीना टंडन, बोलीं-'आज का दिन मेरे लिए बेहद सौभाग्यशाली'

सिनेजीवन: शरद कपूर-राहुल रॉय का हाल जान दुखी हुईं नेहा धूपिया और ग्रीस में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे सैफ-करीना

अभिनेत्री रवीना टंडन अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी धार्मिक आस्था को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। मंगलवार को रवीना एक बार फिर भगवान शिव के दरबार में नजर आईं। इस बार उनके साथ बेटी राशा थडानी और बेटा भी मौजूद था। अभिनेत्री ने उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा।

दर्शन के बाद रवीना ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके लिए यह दिन बेहद खास है क्योंकि इस बार उन्हें अपने दोनों बच्चों को एक साथ महाकाल के दरबार में लाने का मौका मिला है।

रवीना टंडन ने मंदिर में दर्शन के बाद आईएएनएस से बातचीत में अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ''आज का दिन मेरे लिए बहुत सौभाग्यशाली है, क्योंकि मैं अपने बेटे और बेटी दोनों को साथ लेकर आई हूं। मेरी बेटी पहले भी मेरे साथ मंदिरों में आ चुकी है। हम देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं।''

 अभिनेत्री ने कहा, ''इस बार मेरा बेटा भी हमारे साथ मंदिर आया है। परिवार के अन्य सदस्य और दोस्त भी मौजूद हैं।''

ग्रीस में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे सैफ-करीना, सनसेट के सामने दिया रोमांटिक पोज

सिनेजीवन: शरद कपूर-राहुल रॉय का हाल जान दुखी हुईं नेहा धूपिया और ग्रीस में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे सैफ-करीना

करीना कपूर खान और सैफ अली खान की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा और चर्चित जोड़ियों में से एक है, जो अपनी शानदार केमिस्ट्री, स्टाइल और मजेदार नोकझोंक के लिए जानी जाती है। कपल इन दिनों ग्रीस में अपनी फैमिली ट्रिप इंजॉय कर रहा है। 

मंगलवार को अभिनेता सैफ अली खान ने इंस्टाग्राम पर अपनी फैमिली ट्रिप की कुछ झलकियां फैंस के साथ शेयर कीं, जिसमें कपल सनसेट के सामने रोमांटिक अंदाज में पोज देते हुए एकदम परफेक्ट नजर आ रहा है। बेबो के साथ कपल की फोटो पोस्ट करते हुए सैफ ने कैप्शन में लिखा, "सनसेट तो मुख्य आकर्षण होना चाहिए था, लेकिन कोई मेरा ध्यान भटका रहा है।"

पहली फोटो में एक्टर खूबसूरत सनसेट के बैकग्राउंड में सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं। सैफ एक साइनबोर्ड के सामने पोज दे रहे हैं, जिस पर 'सनसेट' लिखा हुआ है। उन्होंने लिखा, "अगर कोई शक हो तो।"

दूसरी तस्वीर में सैफ, पत्नी करीना और छोटे बेटे जेह के साथ एक प्यारी-सी सेल्फी ले रहे हैं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "कैरेक्टर्स से भरा हुआ एक कबाना।"


नवाब शाह ने संजय दत्त को बताया अपना आइडल, कहा- हमेशा उनका फैन रहूंगा

सिनेजीवन: शरद कपूर-राहुल रॉय का हाल जान दुखी हुईं नेहा धूपिया और ग्रीस में छुट्टियों का लुत्फ उठा रहे सैफ-करीना

अभिनेता नवाब शाह और संजय दत्त ने ऐतिहासिक युद्ध ड्रामा फिल्म 'पानीपत' में एक साथ स्क्रीन शेयर किया था। मंगलवार को नवाब शाह ने संजय दत्त को अपना आइडल बताते हुए कहा कि वो उन एक्टर्स में से एक हैं, जिनके वो बचपन से फैन रहे हैं।

अभिनेता नवाब शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शूटिंग की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों अपने किरदार में नजर आ रहे हैं। नवाब शाह ने लिखा, "बाबा संजय दत्त।"

उन्होंने आगे लिखा, "कुछ पल आपको सीधे बचपन में ले जाते हैं। बचपन से ही मैं संजय दत्त का फैन रहा हूं और पानीपत के सेट पर उनसे मिलना सच में बहुत खास था। वो उन गिने-चुने पलों में से एक हैं, जब आपको उस इंसान से मिलने का मौका मिलता है, जिसे आपने सालों से अपना आइडल माना हो। हमेशा फैन रहूंगा।"

इस फिल्म में संजय दत्त ने मुख्य खलनायक अहमद शाह अब्दाली (अफगानिस्तान के शासक) की भूमिका निभाई है, जो मराठों के खिलाफ युद्ध लड़ने भारत आया था जबकि नवाब शाह ने इब्राहिम खान गार्दी का किरदार निभाया है, जो मराठा सेना के तोपखाने के प्रमुख और सदाशिवराव भाऊ के भरोसेमंद कमांडर थे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए